छत्तीसगढ़ में पारा 43°C, रेलवे स्टेशन पर पानी की फुहार से राहत

उत्तर भारत में राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा, बंगाल तक कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट है। पिछले 5 दिनों से पारा लगातार 40°C से 45°C के बीच बना है।

तेज गर्मी का असर जनजीवन पर नजर आने लगा है। राजस्थान के टूरिस्ट प्लेस उदयपुर, जयपुर में पर्यटकों की संख्या घट गई है। यूपी के आगरा में ताजमहल देखने पहुंचे 6 पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई।

दिल्ली में पारा इस हफ्ते 45°C पार जा सकता है। इसके चलते दिल्ली के स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे हर 45-60 मिनट में घंटी बजाकर छात्रों को पानी पीने की याद दिलाएं। ताकि उन्हें डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके।

मध्य प्रदेश के भोपाल समेत 9 जिलों में पहली बार ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी दी है। यानी इन जिलों में रात का तापमान भी 27°C से ज्यादा रहेगा। दिन की तरह रात में भी लू चलेगी।

उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज में लगातार पारा 44°C के ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तापमान 43.8°C दर्ज किया गया। यहां रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मिस्टिंग सिस्टम के तहत ठंडी फुहारें छोड़ी जा रही हैं।

वार्म नाइट अलर्ट क्या है…

मौसम विभाग के अनुसार, जब रात का तापमान भी सामान्य से बहुत ज्यादा हो जाता है, तो उसे ‘वार्म नाइट’ कहा जाता है। यानी जब दिन का तापमान लगातार 40°C या उससे ऊपर हो और रात का तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4°C तक ज्यादा हो। इससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलती और मौसम 24 घंटे गर्म बना रहता है।

असम, मेघालय और अरुणाचल में भारी बारिश, दक्षिण भारत में भी आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश होगी। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद गुवाहाटी में सड़कों पर पानी भरा है। सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इधर, दक्षिण भारत में महाराष्ट्र, तेलंगाना, बंगाल से सटे ओडिशा, कर्नाटक, केरल, कोंकण गोवा में आंधी बारिश का अलर्ट है।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल

23 अप्रैल:

एमपी, यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है।

24 अप्रैल:

गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम होगा। तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने की संभावना है।