दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच दिल्ली सरकार ने सरकारी के साथ ही सभी प्राइवेट स्कूलों के लिए भी नई एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सरकार ने कई दिशा-निर्देश स्कूलों को दिए हैं।
इन्हीं में से एक है स्कूलों में हर घंटे 'वॉटर बेल' बजाने का निर्देश। इसके तहत स्कूलों में हर 45-60 मिनट में बेल बजेगी जो बच्चों को पानी पीने की याद दिलाएगी ताकि बच्चों को स्कूल में पानी की कमी न हो।
बडी सिस्टम लागू करें स्कूल
स्कूलों को बडी सिस्टम यानी दो बच्चों को एक-दूसरे की जिम्मेदारी देने का सिस्टम बनाने के भी निर्देश दिए हैं। जिससे दो बच्चे एक-दूसरे के स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें और कुछ भी हो तो तुरंत टीचर को बताएं।
मंगलवार को जारी सर्कुलर में आउटडोर एसेंबली को भी छोटा रखने के निर्देश दिए हैं। संभव हो तो एंसेबली इनडोर में या छाएदार जगह पर करने के निर्देश हैं। साथ ही खुले में होने वाली एक्टिविटी को भी हीटवेव के दौरान करने से रोक लगाई गई है।
ठंडा पानी उपलब्ध कराएं स्कूल
शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को साफ और ठंडा पानी उपलब्ध कराने को कहा है, साथ ही बच्चों को घर से पानी का बोतल लाना अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।
आउटडोर एक्टिविटी बंद कर स्कूलों को लू से बचाव के लिए छोटे-छोटे सेशन आयोजित करने को कहा है जिससे वो लू से बचाव के लिए जागरूक हो सकें।