दिल्ली-एनसीआर में तापमान का कहर बढ़ता जा रहा है। गर्मी से बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को उल्टी दस्त के बाद बेहोशी की हालत में विजयनगर से सात साल की बच्ची हिमांशी को जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
जांच के बाद चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा दस साल की बच्ची नामरा समेत आठ बच्चों को उल्टी दस्त होने पर भर्ती कराया गया है। ओपीडी में भी पांच सौ से अधिक बीमार बच्चे पहुंचे।
सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी में इन दिनों गर्मी से परेशान लोगों की भीड़ उमड़ी रही है। बुखार के साथ पेट दर्द उल्टी दस्त और आंखों में जलन के मरीजों की संख्या 500 से अधिक पहुंच रही है। इनमें अधिकांश बच्चे हैं। इमरजेंसी में गंभीर हालत में पहुंचने वाले ऐसे मरीजों को तुरंत भर्ती कराया जा रहा है।
हीटवेव वार्ड में कोल्ड रूम बनाने की तैयारी चल रही है। फिलहाल अस्पताल के कुछ चुनिंदा स्थानों पर ओआरएस कॉर्नर बना दिए गए। ओपीडी में भी मरीजों को निशुल्क ओआरएस के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।