दिल्ली में गर्मी का कहर: बिजली की मांग ने तोड़ा रिकॉर्ड, 6650 मेगावाट के पार पहुंची डिमांड

दिल्ली में बढ़ती गर्मी और लू का असर अब बिजली की खपत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अप्रैल महीने में पहली बार बिजली की मांग 6500 मेगावाट के पार पहुंच गई है। इससे पहले 29 अप्रैल 2022 को अधिकतम मांग 6197 मेगावाट दर्ज की गई थी, लेकिन इस बार यह रिकॉर्ड भी टूट गया।

बृहस्पतिवार से शुरू हुआ यह सिलसिला लगातार जारी है और बिजली की अधिकतम मांग 6500 मेगावाट से ऊपर बनी हुई है। रविवार रात 11:24 बजे यह बढ़कर 6650 मेगावाट तक पहुंच गई। अनुमान है कि सोमवार को इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है।

बिजली वितरण कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, तापमान बढ़ने के साथ ही एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है, जिससे बिजली की मांग में उछाल आता है। इससे पहले केवल 2022 और 2025 में ही अप्रैल के दौरान मांग 6000 मेगावाट के पार गई थी।

पिछले कुछ दिनों में बिजली की खपत में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। 22 अप्रैल को अधिकतम मांग 6020 मेगावाट थी, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए 26 अप्रैल तक 6650 मेगावाट पहुंच गई। वहीं, न्यूनतम मांग में भी इजाफा हुआ है—जो बृहस्पतिवार सुबह 4124 मेगावाट थी, वह सोमवार तक बढ़कर 4612 मेगावाट हो गई।

यदि मौसम का यही रुख बना रहा, तो आने वाले दिनों में बिजली की अधिकतम मांग 7000 मेगावाट के पार जा सकती है। इसे देखते हुए बिजली वितरण कंपनियां पहले से ही जरूरी तैयारियों में जुट गई हैं।