दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक बदली करवट, द्वारका में गिरे ओले

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, वहीं द्वारका में आसमान से ओले गिरते देख लोगों को चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 मई को भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है, जबकि अगले एक सप्ताह तक तापमान अपेक्षाकृत नरम रहने की संभावना है।

मंगलवार (5 मई) को दिनभर बादल छाए रहने के साथ दोपहर और शाम के समय कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं बुधवार (6 मई) को बादल तो बने रहेंगे, लेकिन बारिश की गतिविधियां कुछ कम हो सकती हैं और मौसम हल्की उमस के साथ सुहावना रहेगा।

इसके बाद 7 से 10 मई के बीच भी मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार नहीं हैं। बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। खासतौर पर 10 मई के आसपास एक बार फिर से बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।