बंदर का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें बॉबी देओल एक ऐसे अभिनेता के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसकी चमकती स्टारडम भरी जिंदगी अचानक मुश्किलों में घिर जाती है। 1 मिनट 29 सेकंड के इस टीजर में बॉबी देओल ने ‘समर’ नाम के एक कलाकार का रोल निभाया है, जो कभी बड़ा स्टार था, लेकिन बदलते दौर में अपनी पहचान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
टीजर की शुरुआत 70 के दशक के डिस्को अंदाज में फिल्माए गए रिमैजिन रेट्रो गाने ‘कम ऑन बेबी, दिल किसको देगी’ से होती है। इसके बाद समर की जिंदगी की झलक दिखाई जाती है, जहां वह अब फिल्मों की बजाय शादियों और छोटे कार्यक्रमों में परफॉर्म करता नजर आता है। धीरे-धीरे फिल्म के बाकी किरदारों की एंट्री होती है। सबा आजाद फिल्म में बॉबी देओल की डेट के किरदार में हैं, जबकि सपना पब्बी उनकी एक्स पार्टनर की भूमिका निभा रही हैं।
टीजर में बड़ा मोड़ तब आता है, जब समर अचानक एक गंभीर मामले में गिरफ्तार हो जाता है। इसके बाद जेल और कोर्टरूम से जुड़े कई दृश्य देखने को मिलते हैं। कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश करता है, लेकिन जैसे-जैसे घटनाएं आगे बढ़ती हैं, मामला और भी रहस्यमयी और उलझा हुआ नजर आने लगता है।
फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है, जो इससे पहले ‘देव डी’, ‘ब्लैक फ्राइडे’, ‘अगली’ और गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी चर्चित फिल्में बना चुके हैं। यह बॉबी देओल और अनुराग कश्यप की पहली फिल्म है। फिल्म में सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी और रिद्धी सेन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
बताया जा रहा है कि ‘बंदर’ भारत में हुई एक वास्तविक घटना से प्रेरित है। फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जो ‘पाताल लोक’, ‘कोहरा’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी चर्चित कहानियों के लिए जाने जाते हैं। Zee Studios
के सहयोग से बनी यह फिल्म 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।