दिल्ली के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने सोमवार को अगले दो घंटों के दौरान दिल्ली और NCR में हल्की बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है।
हरियाणा के कई हिस्सों में भी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है। प्रभावित क्षेत्रों में सोनीपत, जींद, भिवानी, झज्जर, बरवाला, आदमपुर, गोहाना, गन्नौर और हांसी समेत खरखौदा, चरखी दादरी, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहाना, रेवाड़ी, पलवल, नारनौल और नूंह जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बड़ौत, बागपत और खेकड़ा में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। कई शहरों में आसमान पर काले बादल छा गए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार नॉर्थवेस्ट इंडिया के कई हिस्सों में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। इससे पहले बीते मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी।
IMD ने अपने ताजा मासिक पूर्वानुमान में बताया है कि मई महीने में देश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। हालांकि अलग-अलग क्षेत्रों में तापमान की स्थिति अलग रह सकती है और कुछ इलाकों में सामान्य से ज्यादा हीटवेव का असर भी देखने को मिल सकता है।