UP में आंधी-तूफान का कहर, 94 लोगों की मौत; कई जिलों में भारी तबाही

देशभर में इस समय मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है।

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया। प्रयागराज, अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में खराब मौसम के चलते 94 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 लोगों ने जान गंवाई, जबकि भदोही में 16 मौतें दर्ज की गईं। कई इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बरेली में तेज आंधी के दौरान एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया। वहीं, बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज राज्य के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को लगातार चौथे दिन जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आज बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।

मध्य प्रदेश में भी हालात बेहद गर्म बने हुए हैं। राज्य के 25 से ज्यादा जिलों में हीटवेव का असर देखा जा रहा है, जो 18 मई तक जारी रह सकता है। बुधवार को खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गर्म रातों यानी वार्म नाइट की भी चेतावनी दी गई है।

हरियाणा में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य के पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिनमें नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने 17 मई से राज्य में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में आज तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट है।

मौसम विभाग के अनुसार, 15 मई को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव जारी रह सकती है। झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की संभावना है। बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।