प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर पुणे के तीर्थयात्रियों से भरा ट्रैवलर वाहन दौड़ रहा था। अचानक चालक को झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में 15 तीर्थयात्री घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुणे के कतरार से 17 तीर्थयात्रियों का निकला था दल
पुणे के कतरार से 15 मई को 17 तीर्थयात्रियों का दल ट्रैवलर वाहन से तीर्थांटन पर निकला था। सभी वाराणसी के काशी विश्वनाथ बाबा का दर्शन करने के बाद प्रयागराज पहुंचे। यहां संगम स्नान के बाद सोमवार दोपहर वे अयोध्या जा रहे थे।
प्रतापगढ़ के देल्हूपुर क्षेत्र में हादसा
प्रतापगढ़ जनपद के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर में प्रयागराज अयोध्या हाईवे पर ट्रैवलर पहुंचा तो चालक को झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इससे चीख-पुकार मची तो आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर यात्रियों की मदद में जुट गए। पुलिस की मदद से घायलों को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल लाया गया। यहां से गंभीर हालत में तीन लोगों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चालक ने नहीं मानी बात और हो गया हादसा
ट्रैवलर सवार तीर्थयात्रियों ने बताया कि चालक को कहा था कि वह नींद पूरी कर ले इसके बाद ही आगे का सफर तय करे। हालांकि चालक ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उसने कहा कि हम गाड़ी आराम से चलाएंगे और वाहन हादसे का शिकार हो गया। उदय कुमार सिंह, श्रद्धा, अतुल आयकर, सुशीला माधव राव समेत अन्य का इलाज अस्पताल में चल रहा है।