देश में गर्मी का कहर: 10 राज्यों में अगले 7 दिन हीटवेव अलर्ट

उत्तर और मध्य भारत के 10 राज्यों में इस हफ्ते तेज गर्मी जारी रहेगी। इन राज्यों में कई जगह तापमान 45°C और इससे ऊपर पहुंच चुका है। 24 मई तक यहां हीटवेव का असर रहेगा, रातें भी गर्म रहेंगी।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में सोमवार को अधिकतम पारा 46°C से ज्यादा रहा। उत्तर प्रदेश का बांदा 47.6°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा।

पंजाब के बठिंडा में 47°C, महाराष्ट्र के वर्धा में 46.5°C, हरियाणा के सिरसा में 46.2°C, राजस्थान के चित्तौड़गढ़-पिलानी में 46.2°C तापमान रहा।

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मंगलवार को पूर्वोत्तर और दक्षिणी इलाकों को छोड़कर लगभग आधे देश में हीटवेव का असर रहेगा। औसत तापमान 45°C तक रह सकता है।

अगले दो दिन के मौसम का हाल

20 मई:

राजस्थान के 19 जिलों में, यूपी के 33 जिलों और पंजाब के 10 जिलों में हीटवेव का अलर्ट।

झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।

21 मई:

राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी।

असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।