भीषण गर्मी के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, बस यात्रियों को मिलेगी राहत

भीषण गर्मी और लू के बीच बस स्टॉप पर इंतजार कर रहे यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। परिवहन विभाग राजधानी में हजारों नए और आधुनिक बस क्यू शेल्टर लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विभाग ने प्राइवेट फर्म चुनने हेतु टेंडर जारी किए हैं।

योजना के तहत दिल्ली में करीब 3,575 नए बस शेल्टर लगाए जाएंगे। इन बस स्टॉप्स को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि यात्रियों को धूप, बारिश और खराब मौसम में बेहतर सुविधा मिल सके। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग ₹650 करोड़ खर्च होने का अनुमान है।

इस परियोजना पर Delhi Transport Infrastructure Development Corporation (DTIDC) काम कर रहा है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक, पूरे शहर में बस शेल्टरों के डिजाइन, सर्वे और पुनर्विकास के लिए एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म नियुक्त की जाएगी।

नए बस शेल्टरों में कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इनमें पैनिक अलार्म सिस्टम, वेदर डिस्प्ले, सोलर पैनल और डिजिटल विज्ञापन प्रणाली शामिल है। इसके अलावा यात्रियों को बसों की रियल टाइम जानकारी देने के लिए पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम भी लगाया जाएगा।

परियोजना की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ निर्माण ही नहीं बल्कि 20 साल तक शेल्टरों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी शामिल होगी।

टेंडर दस्तावेजों के अनुसार, जिस फर्म को काम मिलेगा उसे छह महीने के भीतर बस शेल्टरों के पुनर्विकास का काम पूरा करना होगा। सरकार का कहना है कि इस योजना से दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन का अनुभव बेहतर होगा और यात्रियों को भीषण गर्मी के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।