अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया है। वनडे टीम में ईशान किशन की 3 साल बाद वापसी हुई है। रोहित शर्मा और विराट कोहली भी टीम में शामिल हैं। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को दोनों टीमों से आराम दिया गया है।

प्रिंस यादव समेत 4 खिलाड़ी पहली बार भारतीय टीम में शामिल किए गए हैं। प्रिंस को वनडे और मानव सुथार को टेस्ट टीम में जगह मिली है। गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को दोनों टीमों में शामिल किया गया है।

अफगानिस्तान की टीम जून में भारत दौरे पर आएगी। दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और 3 वनडे खेले जाएंगे। टेस्ट मैच मुल्लांपुर और वनडे मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे।

पंत से उपकप्तानी छिनी, केएल राहुल को जिम्मेदारी

ऋषभ पंत से टेस्ट टीम की उपकप्तानी छीन ली गई है। वे पिछले साल नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उपकप्तान थे। नियमित कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में पंत ने कप्तानी भी की थी। लेकिन अब उनकी जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।

देवदत्त पडिक्कल की नंबर-3 पर वापसी हुई है। वे दो टेस्ट खेल चुके हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट 2024 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। साई सुदर्शन भी टीम में हैं।

ईशान की 3 साल बाद वनडे टीम में वापसी

विकेटकीपर बैटर ईशान किशन को 3 साल बाद वनडे टीम में मौका मिला है। उन्होंने आखिरी वनडे 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेला था। ईशान ने भारत के लिए 27 वनडे में 42.40 की औसत से 933 रन बनाए हैं। उनके नाम एक दोहरा शतक दर्ज है। ईशान इस साल खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के दूसरे टॉप स्कोरर थे।

गुरनूर, सुथार और हर्ष को पहली बार टेस्ट टीम में मौका

भारतीय टेस्ट टीम में गुरनूर बरार, मानव सुथार और हर्ष दुबे को पहली बार शामिल किया गया है। तीनों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई।

पंजाब के तेज गेंदबाज बरार ने डोमेस्टिक करियर में 18 फर्स्ट क्लास मुकाबले, 9 लिस्ट-ए और 9 टी-20 मुकाबले खेले हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 52, लिस्ट-ए में 12 और टी-20 में 10 विकेट हैं। गुरनूर IPL में 1 मैच पंजाब किंग्स के लिए 2023 में भी खेल चुके हैं।

राजस्थान के लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने 2022-23 रणजी ट्रॉफी में 39 विकेट लेकर राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज का रिकॉर्ड बनाया था। वह इंडिया-ए टीम का हिस्सा रह चुके हैं और IPL में गुजरात टाइटंस से जुड़े हैं।

विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। वे IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं।

कोहली को बोल्ड कर चर्चा में आए प्रिंस

वनडे टीम में पहली बार जगह बनाने वाले प्रिंस यादव घरेलू क्रिकेट में दिल्ली और आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स से खेलते हैं। वे IPL में विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर चर्चा में आए थे। प्रिंस यादव IPL 2026 में 12 मैच में 16 विकेट ले चुके हैं। वे लखनऊ से IPL खेलते हैं और अपनी टीम के टॉप विकेट टेकर हैं।

रोहित-हार्दिक फिट होने के बाद ही खेल सकेंगे

IPL में रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या चोटिल हो गए थे। हालांकि रोहित ने वापसी कर ली है और वे मुंबई के लिए बतौर इम्पैक्ट प्लेयर मैच खेल रहे हैं। हार्दिक को अब भी वापसी करनी हैं। दोनों का वनडे टीम में नाम हैं, लेकिन BCCI की मेडिकल टीम से क्लीयरेंस मिलने के बाद ही मैच खेल सकेंगे।

भारतीय टेस्ट टीम

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।

भारतीय वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।


...

MS Dhoni ने CSK टीम के साथ कराया शानदार फोटोशूट

IPL 2026 के 63वें मुकाबले में Sunrisers Hyderabad ने Chennai Super Kings को 5 विकेट से हरा दिया। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मैच में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने हेनरिक क्लासन और अभिषेक शर्मा की शानदार पारियों की मदद से 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

मैच के दौरान कई रिकॉर्ड और खास मोमेंट्स देखने को मिले। इनिंग्स ब्रेक में MS Dhoni मैदान पर आए और पूरी CSK टीम के साथ ग्रुप फोटोशूट कराया। चेपॉक में यह पल फैंस के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि धोनी के भविष्य और संभावित आखिरी IPL सीजन को लेकर लगातार चर्चा चल रही है।

हैदराबाद के बल्लेबाज Heinrich Klaasen ने IPL में अपने 2000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 58 पारियों में हासिल की। क्लासन ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 1214 गेंदें खेलीं और सबसे कम गेंदों में 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए।

वहीं Ruturaj Gaikwad ने चेपॉक मैदान पर IPL में अपने 1000 रन पूरे किए। हालांकि इस मैच में उनकी पारी ज्यादा प्रभावी नहीं रही और उन्होंने 21 गेंदों पर सिर्फ 15 रन बनाए। IPL 2026 में पावरप्ले के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 124.6 रहा है, जो इस सीजन कम से कम 100 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे कम है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने चेपॉक में तीन साल बाद टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने पहले ओवर में 17 रन बनाए, जो IPL इतिहास में CSK का दूसरे सबसे बड़ा पहला ओवर रहा। इससे पहले 2015 में टीम ने कोलकाता के खिलाफ पहले ओवर में 19 रन बनाए थे।

Pat Cummins IPL में कप्तान रहते हुए 42 विकेट पूरे कर चुके हैं और अब कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर अभिषेक शर्मा इस सीजन 500+ रन बनाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के छठे बल्लेबाज बन गए।

चेन्नई के तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज इस सीजन 30 छक्के खा चुके हैं। उन्होंने इस मामले में कगिसो रबाडा, युजवेंद्र चहल और वनिंदु हसरंगा की बराबरी कर ली। IPL इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने का रिकॉर्ड राशिद खान के नाम दर्ज है।

मैच के दौरान कई रोमांचक मोमेंट्स भी देखने को मिले। CSK के ओपनर Sanju Samson ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपनी पारी की शुरुआत की। वहीं उर्विल पटेल ने पैट कमिंस के ओवर में लगातार दो शानदार छक्के जड़े।

चेन्नई की पारी के आखिरी ओवर में विकेट को लेकर भ्रम की स्थिति भी बनी रही। शुरुआत में स्कोरकार्ड में प्रफुल हिंगे का विकेट दर्ज नहीं किया गया, लेकिन बाद में स्कोर अपडेट कर उन्हें आउट करार दिया गया।

मैच का सबसे चर्चित पल तब आया जब विकेटकीपर संजू सैमसन ने शानदार स्टंपिंग करते हुए क्लासन को आउट किया। रिप्ले में साफ दिखा कि क्लासन का पैर क्रीज से बाहर था। आउट होने के बाद क्लासन और संजू के बीच हल्की बहस भी देखने को मिली, हालांकि मामला ज्यादा आगे नहीं बढ़ा।


...

गुजरात की IPL में सबसे बड़ी जीत

गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के 56वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात ने 168 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई।

यह गुजरात की IPL इतिहास में रन के लिहाज से सबसे बड़ी जीत रही, वहीं हैदराबाद ने सबसे छोटा स्कोर बनाया। गुजरात के साई सुदर्शन ने 61 रन की पारी खेली और लगातार तीसरे सीजन 500 रन पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया।

गुजरात-हैदराबाद मैच टॉप-11 रिकॉर्ड्स…

1. गुजरात ने रन के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज की

हैदराबाद को 82 रन से हराकर गुजरात ने IPL इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले टीम की सबसे बड़ी जीत 77 रन की थी, जो उसने राजस्थान के खिलाफ इसी सीजन जयपुर में हासिल की थी।

2. हैदराबाद ने IPL में अपना सबसे छोटा स्कोर बनाया

हैदराबाद की टीम गुजरात के खिलाफ 86 रन पर ऑलआउट हो गई। यह IPL इतिहास में हैदराबाद का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले टीम का सबसे छोटा टोटल 2019 में मुंबई के खिलाफ 96 रन था। 86 रन गुजरात के खिलाफ किसी टीम का दूसरा सबसे कम ऑलआउट स्कोर भी है। इससे पहले 2022 में लखनऊ 82 रन पर सिमटी थी।

3. हैदराबाद की रन के लिहाज से सबसे बड़ी हार

हैदराबाद को गुजरात के खिलाफ 82 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह IPL इतिहास में रन के लिहाज से टीम की सबसे बड़ी हार रही। इससे पहले हैदराबाद की सबसे बड़ी हार 2025 में कोलकाता के खिलाफ 80 रन की थी।

4. गुजरात ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

गुजरात ने IPL 2026 में लगातार पांचवीं जीत हासिल की। टीम इस सीजन लगातार 5 मैच जीतने वाली दूसरी टीम बनी। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद भी लगातार 5 मुकाबले जीत चुकी है। यह गुजरात की IPL इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक भी है। इससे पहले टीम ने 2022 सीजन में भी लगातार 5 मैच जीते थे।

5. गुजरात इस सीजन पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टीम

गुजरात ने IPL 2026 में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। गुजरात के खिलाफ शुरुआती झटकों के बाद गुजरात के पावरप्ले विकेट की संख्या 25 पहुंच गई।

6. रबाडा ने इस सीजन पावरप्ले में 16 विकेट चटकाए

कगिसो रबाडा IPL 2026 में पावरप्ले के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 3 विकेट लेते ही उनके शुरुआती 6 ओवरों में विकेटों की संख्या 16 पहुंच गई। वह अब IPL इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मोहम्मद शमी की बराबरी से सिर्फ एक विकेट दूर हैं।

7. सुदर्शन ने लगातार तीसरे सीजन 500 रन बनाए

साई सुदर्शन ने IPL में लगातार तीसरे सीजन 500+ रन पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया।। सुदर्शन 2024 से लगातार हर सीजन में 500 से ज्यादा रन बना रहे हैं। वह अब विराट कोहली, शिखर धवन और क्रिस गेल जैसे दिग्गज बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं।

IPL इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा 500+ रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है, जिन्होंने 2014 से 2020 तक लगातार 6 सीजन में यह कारनामा किया था। क्रिस गेल और साई सुदर्शन IPL इतिहास के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने लगातार 500+ रन वाले हर सीजन में 140 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।

डेविड वॉर्नर ने भी लगातार 500+ रन बनाए, लेकिन 2020 सीजन में उनका स्ट्राइक रेट 140 से कम रहा था। सुदर्शन के अलावा हैदराबाद के हेनरिक क्लासन ने भी इस सीजन अपने 500 रन पूरे किए। 508 रन बनाकर वे इस साल के टॉप स्कोरर हैं।

8. सुदर्शन ने लगातार तीसरी फिफ्टी लगाई

साई सुदर्शन ने IPL 2026 में लगातार तीसरी फिफ्टी जमाई। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 61 रन की पारी के साथ उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले हार्दिक पंड्या और शुभमन गिल भी लगातार तीन 50+ स्कोर बना चुके हैं।

9. गुजरात का इस सीजन सबसे धीमा पावरप्ले, SRH की सबसे किफायती गेंदबाजी

गुजरात ने IPL 2026 में अपना सबसे कम पावरप्ले स्कोर बनाया। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 2 विकेट पर सिर्फ 34 रन बनाए। वहीं हैदराबाद ने भी इस सीजन पावरप्ले में पहली बार इतने कम रन दिए।

10. सिराज ने पहले ओवर में विकेट लेने के मामले में शमी की बराबरी की

मोहम्मद सिराज ने IPL 2026 में पहले ओवर में चौथा विकेट हासिल किया। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ ट्रैविस हेड को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की। सिराज अब इस सीजन पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में मोहम्मद शमी के बराबर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में राजस्थान के जोफ्रा आर्चर टॉप पर हैं।

11. गुजरात के पेसर्स ने झटके 9 विकेट

यह IPL में दूसरा मौका रहा, जब गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाजों ने एक पारी में 9 विकेट लिए। इससे पहले गुजरात के पेसर्स ने 2023 में भी हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में 9 विकेट झटके थे।


...

IPL में रील बनाने-पोस्ट करने पर BCCI की रोक

खिलाड़ी, उनके परिवार के सदस्य और ब्रॉडकास्टिंग टीम से जुड़े पूर्व क्रिकेटर अब IPL मैचों के दौरान रील या वीडियो नहीं बना सकेंगे और न ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पाएंगे। नियम तोड़ने पर बोर्ड ने जुर्माना और कानूनी कार्रवाई तक की चेतावनी दी है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एंटी-करप्शन और सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए यह सख्त गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी तरह की रील या वीडियो शूटिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने हाल ही में कई मामलों में नियमों के उल्लंघन की पहचान की है। इनमें खिलाड़ी, कमेंटेटर और ब्रॉडकास्टिंग से जुड़े पूर्व क्रिकेटर भी शामिल बताए जा रहे हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई होगी।

कुछ मामलों में यह भी सामने आया है कि पूर्व क्रिकेटर मैच के दौरान डगआउट के पास वीडियो बनाते पाए गए, जिस पर तुरंत रोक लगाई गई। वहीं, एक अन्य मामले में मैदान पर यूट्यूब कंटेंट शूटिंग को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।

बोर्ड की चिंता यह भी है कि खिलाड़ी सोशल मीडिया पर तेजी से कंटेंट साझा कर रहे हैं, जिससे टीम की रणनीति और प्राइवेसी पर असर पड़ सकता है। कई बार इससे प्लेइंग-11 या टीम रणनीति से जुड़ी जानकारी भी लीक होने का खतरा रहता है।

इसके अलावा खिलाड़ियों के परिवार के सदस्यों और इन्फ्लुएंसर्स पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। टीम होटल, बस और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में सिर्फ अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

BCCI ने स्पष्ट किया है कि ये नियम सिर्फ IPL ही नहीं, बल्कि अन्य घरेलू टी20 लीगों में भी लागू रहेंगे ताकि सुरक्षा और एंटी-करप्शन व्यवस्था मजबूत बनी रहे।


...

WFI ने विनेश फोगाट को थमाया नोटिस, 26 जून तक घरेलू टूर्नामेंट में खेलने पर लगाई रोक

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने विनेश फोगाट पर अनुशासनहीनता और डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए शनिवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया और यूडब्ल्यूडब्ल्यू के डोपिंग रोधी नियमों के तहत संन्यास से वापसी के लिये छह महीने का अनिवार्य नोटिस नहीं देने के कारण 26 जून 2026 तक घरेलू टूर्नामेंटों में उनके भाग लेने पर रोक लगा दी. इसके मायने हैं कि दो बार विश्व चैम्पियनशिप की पदक विजेता रही विनेश को वापसी के लिये इंतजार करना होगा. वह गोंडा में रविवार से शुरू हो रही राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग चैम्पियनशिप के जरिये वापसी करना चाहती थी. पेरिस ओलंपिक 2024 में प्रतिस्पर्धा से अयोग्य करार दिये जाने के बाद उन्होंने कुश्ती को अलविदा कह दिया था.

पंद्रह पन्ने के नोटिस में डब्ल्यूएफआई ने आरोप लगाया कि विनेश के आचरण से पेरिस में भारतीय कुश्ती की छवि धूमिल हुई है और डब्ल्यूएफआई संविधान के प्रावधानों, यूडब्ल्यूडब्ल्यू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के नियमों और डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन हुआ है. इससे पहले विनेश ने डब्ल्यूएफआई पर आरोप लगाया था कि उसे गोंडा में टूर्नामेंट में भाग लेने से रोका जा रहा है. 

उन्होंने यह भी कहा था कि डब्ल्यूएफआई के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाले छह खिलाड़ियों में से वह एक थी. डब्ल्यूएफआई ने कहा कि वाडा के नियमों का पालन करना अनिवार्य है और अब अपनी पात्रता साबित करने की जिम्मेदारी विनेश की है.

महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने पीटीआई से कहा,"हमें देखना होगा कि वाडा के नियमों का पालन किया गया है या नहीं. यह साबित नहीं हुआ है कि उन्होंने संन्यास से वापसी के लिये अनिवार्य शर्तें पूरी की है. उन्हें दोबारा खेलने से पहले छह महीने का अनिवार्य नोटिस पूरा करना होगा." महासंघ ने उनसे चार प्रमुख आरोपों पर सफाई मांगी है जिसमें 2024 पेरिस ओलंपिक से अयोग्य करार दिये जाने, डोपिंग रोधी नियमों के तहत ठौर ठिकाना बताने में कथित तौर पर नाकाम रहने और आईओए द्वारा नियुक्त तत्कालीन तदर्थ समिति द्वारा मार्च 2024 में कराये गए ट्रायल में दो भार वर्गों में भाग लेना शामिल है.

महासंघ ने साफ तौर पर कहा है कि वह इस साल 26 जून तक किसी घरेलू टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकती जिसमें गोंडा में 10 से 12 मई तक होने वाला राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट भी शामिल है. नोटिस में कहा गया,"महासंघ को इस बात से संतुष्ट होना होगा कि आपने डोपिंग रोधी नियमों का कोई ऐसा उल्लंघन नहीं किया है, जिसके कारण आप भविष्य में होने वाली किसी भी प्रतियोगिता में महासंघ का प्रतिनिधित्व करने के अयोग्य हो जायें."

नोटिस में चार मई 2026 को अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) से मिले पत्र का भी जिक्र है जिसमें डोपिंग नियंत्रण के एक असफल प्रयास के तहत 18 दिसंबर 2025 को विनेश के नाम के आगे 'टेस्ट छूटा' लिखा गया था. यूडब्ल्यूडब्ल्यू के डोपिंग निरोधक नियमों की धारा 5.7 का हवाला देते हुए डब्ल्यूएफआई ने कहा कि विनेश 26 जून 2026 तक किसी प्रतिस्पर्धा में भाग नहीं ले सकती और घरेलू टूर्नामेंट भी नहीं खेल पायेगी.

महासंघ ने कहा कि यूडब्ल्यूडब्ल्यू के नियमों के तहत संन्यास से वापसी करने वाले हर खिलाड़ी को कम से कम छह महीने पहले विश्व ईकाई को सूचित करना होगा है और इस दौरान टेस्ट के लिये भी उपलब्ध रहना जरूरी है और विनेश ने यह शर्त पूरी नहीं की है. महासंघ ने आरोप लगाया कि विनेश ने 14 दिसंबर 2024 को यूडब्ल्यूडब्ल्यू की डोपिंग रोधी ईकाई को ईमेल लिखकर कहा था कि वह अगस्त 2025 तक ब्रेक ले रही है और संकेत दिया था कि उसके बाद ही ठौर ठिकाने संबंधी दायित्वों का पालन कर सकेगी.

महासंघ ने दावा किया कि 12 दिसंबर 2025 को भारतीय खेल प्राधिकरण, डब्ल्यूएफआई और टॉप्स साइ को लिखे पत्र में उन्होंने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 को लक्ष्य करके अभ्यास बहाल करने की इच्छा जताई थी. उन्होंने यूडब्ल्यूडब्ल्यू के डोपिंग रोधी नियमों के तहत छह महीने का अनिवार्य नोटिस नहीं दिया.

महासंघ ने कहा कि इस पत्र के छह दिन बाद ही डोपिंग नियंत्रण अधिकारी 18 दिसंबर 2025 को टेस्ट के लिये उन्हें तलाश नहीं पाये और उनके नाम के आगे 'टेस्ट छूटा' दर्ज किया गया है. महासंघ ने नाडा द्वारा 25 सितंबर, 2024 को जारी किए गए 'ठिकाना बताने में विफलता' के पिछले नोटिस का भी जिक्र किया. यह नोटिस तब जारी किया गया था जब कथित तौर पर एक डोप नियंत्रण अधिकारी उस महीने की शुरुआत में सोनीपत स्थित उनके घोषित आवास पर उन्हें 'प्रतिस्पर्धा से इतर' टेस्ट के लिए ढूंढने में नाकाम रहा था.

पेरिस ओलंपिक में विनेश ने पहले दौर में जापान की धुरंधर युइ सुसाकी को हराया था. इसके बाद वह स्वर्ण पदक के मुकाबले से पहले सौ ग्राम वजन अधिक पाये जाने के कारण अयोग्य करार दी गई थी. महासंघ का कहना है कि इससे भारत ने न सिर्फ एक ओलंपिक पदक गंवाया बल्कि बदनामी भी हुई.


...

नोरा फतेही फीफा ओपनिंग सेरेमनी में करेंगी धमाकेदार परफॉर्मेंस

नोरा फतेही FIFA वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वाली पहली बॉलीवुड एक्ट्रेस बनेंगी। यह सेरेमनी 12 जून को कनाडा के टोरंटो में BMO फील्ड में होगी।

इससे पहले नोरा ने FIFA वर्ल्ड कप 2022 की क्लोजिंग सेरेमनी और ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म किया था। अब वे पहली और एकमात्र बॉलीवुड कलाकार बनेंगी, जिन्होंने फुटबॉल और क्रिकेट के वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म किया है।

तीन अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होंगी

बता दें कि इस बार का वर्ल्ड कप तीन देशों (अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा) में आयोजित हो रहा है, इसलिए फीफा ने प्रत्येक मेजबान देश के पहले मैच से पहले तीन अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी आयोजित करने की योजना बनाई है।

कनाडा की सेरेमनी में बांग्लादेशी मूल के अमेरिकी DJ संजॉय भी परफॉर्मेंस देंगे। संजॉय ने 2011 में बॉलीवुड फिल्म 'रा.वन' के मशहूर गाने छम्मक छल्लो का एक आधिकारिक रीमिक्स तैयार किया था। नोरा और संजॉय के अलावा इस इवेंट में माइकल बुब्ले, एलानिस मोरिसेट, एलेसिया कारा, एलियाना, जेसी रेयेज, वेजीड्रीम और विलियम प्रिंस जैसे आर्टिस्ट शामिल होंगे।

सिंगर कैटी पेरी भी वर्ल्ड कप में परफॉर्म करेंगी

सिंगर कैटी पेरी अमेरिका में होने वाली वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगी। कैटी पेरी ने भी इंस्टाग्राम पर यह खबर शेयर की। उन्होंने बताया कि वह 12 जून को अमेरिका के लॉस एंजिल्स में ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगी।

यह इवेंट कैलिफोर्निया के सोफी स्टेडियम में होगा, जहां अमेरिका और पैराग्वे के बीच मैच खेला जाएगा। कैटी पेरी के अलावा लिसा, टायला, अनिता और रेमा भी ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगे।

11 जून को मेक्सिको सिटी में होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में टायला, अलेजांद्रो फर्नांडेज, डैनी ओशन, लीला डाउन्स, बेलिंडा, जे बल्विन और बैंड लॉस एंजेलिस अजूल्स तथा माना परफॉर्म करेंगे।

शकीरा ने नया गाना किया अनाउंस

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शकीरा भी वापसी करेंगी। उन्होंने टूर्नामेंट के लिए नया गाना ‘दाई दाई’ अनाउंस किया है। इस गाने में नाइजीरियाई सिंगर बर्ना बॉय भी शामिल हैं। शकीरा का 2010 वर्ल्ड कप एंथम वाका वाका काफी फेमस हुआ था।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक होगा। टूर्नामेंट में कुल 104 मैच खेले जाएंगे। पहला मैच मेक्सिको सिटी में जबकि फाइनल न्यू जर्सी में आयोजित होगा।

...

राहुल तीन अलग-अलग टीमों से 1000+ रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने

Indian Premier League में शुक्रवार को Kolkata Knight Riders ने Delhi Capitals को आठ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड बने, जिसमें सबसे खास उपलब्धि KL Rahul के नाम रही। राहुल IPL इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों के लिए 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही उन्होंने अपने IPL करियर के 500 चौके भी पूरे कर लिए। दूसरी ओर Cameron Green के 94 मीटर लंबे छक्के ने मैच में रोमांच बढ़ा दिया, क्योंकि गेंद स्टेडियम के बाहर जाकर गुम हो गई।

मैच में KL Rahul ने 14 गेंदों में 23 रन की पारी खेली और दिल्ली के लिए अपने 1000 रन पूरे किए। इस उपलब्धि के साथ वे IPL में तीन फ्रेंचाइजी के लिए 1000+ रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। राहुल ने अपनी पारी में चार चौके लगाए, जिससे उनके IPL में कुल चौकों की संख्या 500 तक पहुंच गई। इस सूची में Virat Kohli 813 चौकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि Shikhar Dhawan, David Warner और Rohit Sharma उनसे आगे मौजूद हैं।

कोलकाता की जीत के हीरो ओपनर Finn Allen रहे, जिन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह कोलकाता के लिए IPL इतिहास का सबसे तेज शतक रहा और उनके करियर का पहला IPL सेंचुरी भी। एलन ने 47 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उन्होंने विजयी छक्का लगाकर अपना शतक भी पूरा किया।

मैच के दौरान कई शानदार मोमेंट्स देखने को मिले। दिल्ली की पारी में Anukul Roy ने डीप मिडविकेट पर दौड़ते हुए बेहतरीन कैच पकड़कर कप्तान Axar Patel को पवेलियन भेजा। वहीं कोलकाता की पारी में Mitchell Starc ने शानदार फॉलो-थ्रू के जरिए Ajinkya Rahane को रनआउट किया।

इसके अलावा Cameron Green ने अक्षर पटेल की गेंद पर 94 मीटर लंबा छक्का जड़कर सभी का ध्यान खींचा। गेंद सीधे गौतम गंभीर स्टैंड में जाकर गिरी और इतनी दूर चली गई कि नई गेंद मंगानी पड़ी। मुकाबले का अंत भी धमाकेदार रहा, जब Finn Allen ने छक्का लगाकर कोलकाता को जीत दिलाई और अपना शतक पूरा किया।


...

IPL में खिलाड़ियों पर हनी ट्रैप का खतरा, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

Indian Premier League में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर Board of Control for Cricket in India ने सख्त कदम उठाए हैं। हनी ट्रैप और सुरक्षा उल्लंघन की आशंकाओं के बीच बोर्ड ने खिलाड़ियों के होटल रूम, टीम बस और डगआउट में बाहरी लोगों की एंट्री पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। साथ ही फ्रेंचाइजी मालिकों की गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

BCCI की एंटी करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) की रिपोर्ट में कई मैचों के दौरान टीम होटल, डगआउट और बस में ऐसे लोगों की मौजूदगी सामने आई, जिन्हें वहां रहने की अनुमति नहीं थी। बोर्ड ने इसे सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन माना है।

BCCI सचिव Devajit Saikia ने सभी फ्रेंचाइजी को भेजे निर्देश में कहा है कि अब किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ के कमरे में कोई मेहमान तभी जा सकेगा, जब टीम मैनेजर से लिखित मंजूरी ली गई हो। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को होटल से अनियमित समय पर बाहर जाने से भी रोका गया है। यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना हो तो सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर और टीम इंटीग्रिटी ऑफिसर को पहले से सूचना देना अनिवार्य होगा।

बोर्ड ने मैच के दौरान फ्रेंचाइजी मालिकों की खिलाड़ियों से सीधे संपर्क पर भी रोक लगा दी है। अब मालिक ड्रेसिंग रूम, डगआउट या मैदान में जाकर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ से बातचीत नहीं कर सकेंगे।

IPL 2026 में वेपिंग और ई-सिगरेट के मामलों ने भी BCCI की चिंता बढ़ाई है। Riyan Parag पर इस मामले में जुर्माना लगाया जा चुका है, जबकि Yuzvendra Chahal का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद बोर्ड ने ड्रेसिंग रूम, होटल और प्रैक्टिस एरिया समेत IPL से जुड़े सभी स्थानों पर वेपिंग और ई-सिगरेट के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।

BCCI ने चेतावनी दी है कि नए नियमों का उल्लंघन करने पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ या फ्रेंचाइजी पर जुर्माना, सस्पेंशन या डिस्क्वालिफिकेशन जैसी कार्रवाई की जा सकती है।

फिक्सिंग और भ्रष्टाचार रोकने के लिए IPL में 'प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया' (PMOA) प्रोटोकॉल लागू किया जाता है। इसके तहत ड्रेसिंग रूम, डगआउट और मैच से जुड़े खास इलाकों में केवल खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ और अधिकृत अधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति होती है। इस क्षेत्र में मोबाइल फोन और किसी भी प्रकार के कम्युनिकेशन डिवाइस का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहता है।

हाल ही में Rajasthan Royals के टीम मैनेजर रोमी भिंडर को गुवाहाटी में Royal Challengers Bengaluru के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते देखा गया था, जिसके बाद सुरक्षा नियमों को और सख्ती से लागू करने का फैसला लिया गया।

BCCI पहले भी IPL की साख और पारदर्शिता को लेकर सख्त रुख अपनाता रहा है। 2013 के स्पॉट फिक्सिंग विवाद के बाद एंटी-करप्शन यूनिट की भूमिका और मजबूत की गई थी। हर टीम के साथ एक ACSU अधिकारी तैनात रहता है, जो खिलाड़ियों की गतिविधियों और उनसे मिलने वाले लोगों पर नजर रखता है। बोर्ड का मानना है कि शुरुआती स्तर पर सख्ती बरतकर किसी भी बड़े सुरक्षा खतरे को रोका जा सकता है।


...

प्रिंस ने कोहली को जीरो पर बोल्ड किया

IPL में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में Lucknow Super Giants ने Royal Challengers Bengaluru को 9 रन से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में Mitchell Marsh ने लखनऊ के लिए सबसे तेज शतक जड़ा, जबकि युवा गेंदबाज Prince Yadav ने Virat Kohli को शून्य पर बोल्ड कर बड़ा झटका दिया। मैच के दौरान Rishabh Pant के हाथ से बल्ला छूटने वाला मजेदार पल भी देखने को मिला।

लखनऊ की पारी के दूसरे ओवर में मार्श ने Josh Hazlewood की गेंद पर लगातार दो छक्के लगाए। दूसरा छक्का बाउंड्री लाइन के पास मौजूद कैमरामैन के सिर पर जा लगा, हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। बारिश ने भी मुकाबले में बार-बार बाधा डाली और पहली पारी के दौरान तीन बार खेल रोकना पड़ा।

17वें ओवर में ऋषभ पंत का बल्ला शॉट खेलते समय हाथ से छूट गया, लेकिन गेंद चौके के लिए चली गई। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर पंत को जीवनदान भी मिला, जब डीप मिडविकेट पर Jacob Bethell कैच पकड़ने में नाकाम रहे और उनकी उंगली में चोट लग गई।

दूसरी पारी में बेंगलुरु ने दूसरे ओवर में ही विराट कोहली का विकेट गंवा दिया। प्रिंस यादव की तेज गेंद अंदर आती हुई सीधे ऑफ स्टंप से टकराई और कोहली बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान Rajat Patidar ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने Mayank Yadav की गेंद पर 101 मीटर लंबा छक्का भी लगाया।

मैच में कई रिकॉर्ड भी बने। मिचेल मार्श ने सिर्फ 49 गेंदों में शतक लगाकर लखनऊ के लिए सबसे तेज IPL सेंचुरी का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था। वहीं Bhuvneshwar Kumar IPL में 200 मैच खेलने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए।


...

पहली बार भारत दौरे पर आएगी जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम

अक्टूबर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की बाइलेटरल सीरीज खेली जाएगी। यह पहली बार होगा जब जिम्बाब्वे की महिला टीम भारत दौरे पर आएगी। अब तक दोनों देशों की महिला टीमें केवल ICC टूर्नामेंट्स और क्वालिफायर मुकाबलों में आमने-सामने आई हैं, लेकिन किसी भी बाइलेटरल इंटरनेशनल सीरीज में उनका सामना नहीं हुआ था। ऐसे में यह सीरीज महिला क्रिकेट इतिहास में एक नई शुरुआत मानी जा रही है।

इस दौरे की शुरुआत टी-20 सीरीज से होने की संभावना है, जिसके बाद वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम के लिए यह सीरीज युवा खिलाड़ियों को मौका देने और अपनी बेंच स्ट्रेंथ परखने का अच्छा अवसर होगी। वहीं, जिम्बाब्वे महिला टीम के लिए भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारतीय परिस्थितियों में खेलना बड़ा अनुभव साबित हो सकता है। खास बात यह भी है कि भारतीय महिला टीम ने अब तक जिम्बाब्वे का बाइलेटरल दौरा भी नहीं किया है।

BCCI और जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड इस सीरीज को महिला क्रिकेट के विस्तार और दोनों देशों के बीच खेल संबंध मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं। आने वाले ICC टूर्नामेंट्स को ध्यान में रखते हुए भारत लगातार ज्यादा बाइलेटरल सीरीज आयोजित कर रहा है। 2027 में श्रीलंका में होने वाली वुमेन टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों के लिहाज से भी यह सीरीज अहम मानी जा रही है। इससे भारतीय खिलाड़ियों को अपनी फॉर्म और टीम संयोजन मजबूत करने का मौका मिलेगा। सीरीज के मैचों की तारीखों और वेन्यू का आधिकारिक ऐलान जल्द किया जा सकता है।


...