ICC टूर्नामेंट में पांचवीं बार होगा भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल

भारत और इंग्लैंड ICC टूर्नामेंट में पांचवीं बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे। अब तक खेले गए 4 मुकाबलों में दोनों टीमें 2-2 जीत के साथ बराबरी पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने इंग्लैंड को जब भी सेमीफाइनल में हराया, देश तब खिताब जीतने में भी कामयाब रहा।

भारत-इंग्लैंड पहला सेमीफाइनल 1983 वनडे वर्ल्ड कप में हुआ था। तब भारत ने अंग्रेजों को हराया और फिर फाइनल में वेस्टइंडीज को मात देकर टीम चैंपियन बनी। दोनों टीमें सेमीफाइनल में आखिरी बार 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भिड़ीं। तब भी भारत ने इंग्लैंड को हराया और फिर फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता। 1987 वनडे वर्ल्ड कप और 2022 टी-20 वर्ल्ड कप में भी भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल हुआ था। इन दो मौकों पर इंग्लैंड ने जीत हासिल की।

आगे पढ़िए चारों भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल की ब्रीफ स्टोरी। उससे पहले देखिए ICC टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत का किस टीम के खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है।

1. 1983: जब ‘अंडरडॉग’ भारत ने इंग्लैंड का घमंड तोड़ा

1983 के सेमीफाइनल में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में मुकाबले से पहले इंग्लिश मीडिया और एक्सपर्ट्स ने भारत की हार लगभग तय मान ली थी।

टॉस हारने के बावजूद कप्तान कपिल देव ने धीमी पिच को भांप लिया। इंग्लैंड की पूरी टीम 60 ओवर में 213 रन पर सिमट गई। कपिल देव ने 3 विकेट लिए, जबकि मोहिंदर अमरनाथ ने 12 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

214 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। 50 रन पर 2 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद अमरनाथ (46 रन) और यशपाल शर्मा (61 रन) ने 92 रन की साझेदारी कर पारी को स्थिरता दी।

यशपाल का बॉब विलिस पर जड़ा गया लेग-साइड छक्का आज भी मशहूर है। जब भारत जीत के करीब था, तब संदीप पाटिल ने मुकाबले को यादगार बना दिया। उन्होंने बॉब विलिस के एक ओवर में 4 चौके जड़ते हुए इंग्लैंड की उम्मीदें तोड़ दीं। पाटिल ने 32 गेंदों में नाबाद 51 रन की तेज पारी खेली।

इस जीत ने भारत को वह आत्मविश्वास दिया, जिसके दम पर टीम ने लॉर्ड्स में फाइनल खेला और आगे चलकर दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप भी अपने नाम किया।

2. 1987: गूच की ‘स्वीप’ मास्टरक्लास ने 83 का बदला लिया

1987 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने भारत को 35 रन से हराकर 1983 की हार का हिसाब बराबर कर दिया। घरेलू मैदान पर खिताब जीतने का भारतीय सपना यहीं टूट गया।

इस मैच की सबसे बड़ी कहानी थे ग्राहम गूच। स्पिन के लिए मशहूर पिच पर उन्होंने भारतीय स्पिनर्स मनिंदर सिंह और रवि शास्त्री के खिलाफ स्वीप शॉट की बौछार कर दी। गूच ने अपनी पारी में 11 चौके लगाए और 136 गेंदों पर 115 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने माइक गेटिंग के साथ 117 रन की अहम साझेदारी की।

इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यह मुकाबला सुनील गावस्कर के वनडे करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साबित हुआ। वे सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। 255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 64 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई।

भारत ने आखिरी 5 विकेट महज 15 रन के भीतर गंवा दिए और 45.3 ओवर में 219 रन पर सिमट गया। दिलचस्प संयोग यह रहा कि 1983 में भारत ने इंग्लैंड को उसके घर में हराया था। 4 साल बाद इंग्लैंड ने भारत को भारत में हराकर बदला पूरा किया।

3. 2022: बटलर-हेल्स में 170 रन की मैच विनिंग पार्टनरशिप

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड ओवल में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया। 169 रन के लक्ष्य को इंग्लैंड ने सिर्फ 16 ओवर में हासिल कर लिया। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर (80* रन, 49 गेंद) और एलेक्स हेल्स (86* रन, 47 गेंद) ने 170 रन की नाबाद ओपनिंग साझेदारी की।

यह उस समय टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168/6 बनाए। विराट कोहली ने 50 (40 गेंद) की पारी खेली। इस मैच में वे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।

हार्दिक पंड्या ने 63 (33 गेंद, 4 चौके और 5 छक्के) बनाए, लेकिन पावरप्ले में मैच का रुख तय हो गया। भारत ने पहले 6 ओवर में 38 रन बनाए, जबकि इंग्लैंड ने 63 रन बना डाले। नई गेंद से भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह प्रभाव नहीं छोड़ पाए। इसके बाद हेल्स को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी पारी में 7 छक्के और 4 चौके शामिल थे।

4. 2024: कप्तान रोहित ने चुकता किया हिसाब27 जून 2024, गयाना का प्रोविडेंस स्टेडियम। 2 साल पहले एडिलेड में मिली 10 विकेट की चोट अभी ताजा थी। भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराकर न सिर्फ फाइनल का टिकट कटाया, बल्कि 2022 की हार का हिसाब भी बराबर कर दिया।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विराट कोहली (9) और ऋषभ पंत (4) जल्दी पवेलियन लौट गए। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा ने जिम्मेदारी ली। उन्होंने 39 गेंदों में 57 रन बनाए और सूर्यकुमार यादव (47 रन) के साथ 73 रन की अहम साझेदारी की। बारिश की रुकावटों के बीच भारत ने 20 ओवर में 171/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

इंग्लैंड ने 3 ओवर में 26 रन बना लिए थे और लय में दिख रही थी। तभी अक्षर पटेल ने अपनी पहली ही गेंद पर कप्तान जोस बटलर को आउट कर दिया। उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

उनके बाद कुलदीप यादव ने भी 3 विकेट निकाले और इंग्लैंड का मिडिल ऑर्डर टिक ही नहीं पाया। 172 रन के लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड 16.4 ओवर में सिर्फ 103 रन पर सिमट गया।

सेमीफाइनल में लगातार तीसरी बार होगा सामना

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड लगातार तीसरी बार आमने-सामने होंगे। 2022 में इंग्लैंड ने जीत हासिल की थी, वहीं 2024 में भारत विजयी रहा। अब 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों के बीच दूसरा सेमीफाइनल शाम 7 बजे से शुरू होगा।


...

भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की लगातार चौथी जीत, जीत का सिलसिला बरकरार

भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार चौथी जीत दर्ज की। बुधवार को खेले गए मुकाबले में टीम ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम को 17 रन से हराया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रुप ए के मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन ही बना सकी। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवम दुबे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

नीदरलैंड की ओर से बास डी लीडे ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज 30 का आंकड़ा पार नहीं कर सके। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए। दुबे ने दो विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को एक-एक सफलता मिली।

भारत की बल्लेबाजी में दुबे ने 66 रन बनाकर टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक लगाया, जबकि हार्दिक पंड्या ने 30 रन का योगदान दिया। नीदरलैंड की ओर से लोगन वान बीक ने तीन विकेट और आर्यन दत्त ने दो विकेट लिए।

प्लेइंग इलेवन

भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

नीदरलैंड: माइकल लेविट, मैक्स ओ'डाउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), जाक लियोन-कैशे, नुआ क्रॉस, रूलोफ वान डर मर्व, लोगन वान बीक, आर्यन दत्त और काइल क्लीन।


...

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा टी-20 स्कोर

भारत ने नागपुर में खेले गए पहले टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। बुधवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 238 रन बनाए। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में कीवी टीम 20 ओवर में 190 रन ही बना सकी।

भारत की इस शानदार जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने विस्फोटक अंदाज में 84 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चौथी बार एक पारी में 8 या उससे ज्यादा छक्के लगाए। वहीं न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत में ही भारत को बड़ी सफलता मिली, जब पहले ओवर में संजू सैमसन ने डेवोन कॉन्वे का एक हाथ से शानदार डाइविंग कैच लपका।

पहले टी-20 के टॉप रिकॉर्ड्स और मोमेंट्स

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा टी-20 स्कोर

नागपुर में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 238/7 रन बनाए, जो इस टीम के खिलाफ भारत का सर्वोच्च टी-20 स्कोर है। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 234/4 रन था, जो 2023 में अहमदाबाद में बना था। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत अब तक 5 बार 200 से ज्यादा रन बना चुका है।

सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड 100वां टी-20I मैच

सूर्यकुमार यादव ने डेब्यू के बाद सिर्फ 1774 दिनों में अपना 100वां टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल लिया। फुल मेंबर देशों के खिलाड़ियों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह सबसे तेज खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम था, जिन्हें 100 टी-20 खेलने में 2410 दिन लगे थे।

अभिषेक शर्मा की सबसे तेज फिफ्टी

अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की ओर से सबसे तेज टी-20 अर्धशतक जड़ा। उन्होंने महज 22 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। इससे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल और रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 23-23 गेंदों में अर्धशतक लगाए थे।

इसके साथ ही अभिषेक 25 या उससे कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा 8 बार किया है। इस सूची में फिल सॉल्ट, सूर्यकुमार यादव और एविन लुईस 7-7 बार के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।

8+ छक्कों की पारियों में अभिषेक सबसे आगे

टी-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए एक पारी में 8 या उससे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में अभिषेक शर्मा सबसे आगे निकल गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 4 बार हासिल की है। रोहित शर्मा और संजू सैमसन ने 3-3 बार यह कारनामा किया है। इसी मैच में अभिषेक ने टी-20 क्रिकेट (इंटरनेशनल और लीग मिलाकर) में अपने 5000 रन भी पूरे किए।

भारत 44वीं बार 200 पार

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 238 रन बनाए, जो टी-20 इंटरनेशनल में भारत का 44वां 200+ स्कोर है। यह किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा है। इस लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका 27 बार के साथ दूसरे नंबर पर है।

मैच के खास मोमेंट्स

805 दिन बाद ईशान किशन की वापसी

ईशान किशन ने 805 दिन बाद टी-20 इंटरनेशनल में वापसी करते हुए पहली ही गेंद पर चौका जड़ा। उन्होंने काइल जैमिसन की फुल लेंथ गेंद को लॉन्ग ऑफ के ऊपर से बाउंड्री के बाहर भेजा। हालांकि वह 8 रन बनाकर जैकब डफी की गेंद पर आउट हो गए।

पहली गेंद पर चौके

ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या—तीनों ने अपनी-अपनी पहली गेंद पर चौका लगाया। ईशान ने जैमिसन की गेंद पर सीधा शॉट खेला, सूर्या ने जैकब डफी पर क्लासिक ड्राइव लगाया, जबकि हार्दिक ने मिचेल सैंटनर की गेंद पर आगे बढ़कर चौका जड़ा।

संजू सैमसन का शानदार कैच

न्यूजीलैंड की पारी की दूसरी ही गेंद पर अर्शदीप सिंह ने डेवोन कॉन्वे को आउट कर दिया। कॉन्वे का हल्का एज विकेटकीपर की ओर गया, जहां संजू सैमसन ने बाईं ओर डाइव लगाकर एक हाथ से शानदार कैच लपका। कॉन्वे बिना खाता खोले आउट हुए।

रिंकू सिंह से छूटा आसान मौका

11वें ओवर में मार्क चैपमैन को जीवनदान मिला, जब जसप्रीत बुमराह की गेंद पर रिंकू सिंह उनसे हाई कैच नहीं पकड़ सके।

अक्षर पटेल चोटिल

16वें ओवर में अक्षर पटेल की उंगली पर गेंद लग गई, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। उनके ओवर को अभिषेक शर्मा ने पूरा किया। डेरिल मिचेल के जोरदार शॉट को रोकने की कोशिश में अक्षर की गेंदबाजी वाली उंगली पर गेंद लगी।.


...

चीयरलीडर और आतिशबाजी के बगैर आज होगा IPL मैच ,Pahalgam Attack के बाद BCCI ने उठाया बड़ा कदम

 मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आज यानी 23 अप्रैल को आईपीएल 2025 का 41वां मैच खेला जाना है। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ी और अंपायर हाथ में काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे।

इसके पीछे की वजह है 22 अप्रैल को हुए जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देना। यह 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे घातक हमला है। बीसीसीआई इस घटना से काफी दुखी है और अब आज के आईपीएल मैच के दौरान पीड़ितों को श्रद्धाजंलि दी जाएगी। ये जानकारी न्यूज एजेंसी एएनआई को बीसीसीआई के एक सूत्र ने दी।

Black Armbands पहनकर उतरेंगे खिलाड़ी

दरअसल, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों ने जान गंवाई और करीब 20 लोग घायल हैं। आतंकी हमले में मारे गए लोग भारत के अलग-अलग राज्य जैसे कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, हरियाणा, वेस्ट बंगाल और यूपी के थे।

तो पर्यटक विदेश के रहे, जिसमें से एक नेपाल और एक यूएई का रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है। इस घटना के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कई दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर दुख जताया और भारत को एकजुटता के साथ रहने को कहा।

इस बीच आज आईपीएल 2025 के 41वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और अंपायर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे। मैच शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन धरण भी रखा जाएगा। इतना ही नहीं इस मैच के लिए मैदान पर कोई चीयरलीडर्स भी नहीं होंगी। यह जानकारी न्यूज एजेंसी एएनआई को बीसीसीआई के एक सूत्र ने दी। 


...

गुजरात को लखनऊ के खिलाफ मैच से पहले करारा झटका, ग्लेन फिलिप्स IPL 2025 से हुए बाहर

गुजरात टाइटंस का आईपीएल 2025 में अगला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से है. यह मैच शनिवार को लखनऊ में खेला जाएगा. इससे पहले टीम के लिए बुरी खबर है. गुजरात शानदार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स आईपीएल 2025 से बाहर हो गए हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक फिलिप्स चोटिल हो गए हैं. उनकी चोट इतनी गंभीर है कि अब पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. गुजरात ने फिलिप्स की जगह किसी और खिलाड़ी के नाम की घोषणा अभी तक नहीं की है.

फिलिप्स के आईपीएल 2025 से बाहर होने का अभी तक असली कारण पता नहीं चल पाया है. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक फिलिप्स को ग्रोइन इंजरी हुई है. वे चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं. लेकिन गुजरात टाइटंस ने इसको लेकर अभी तक किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. अहम बात यह है कि फिलिप्स को इस सीजन में अभी तक एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिल पाया था.

फिलिप्स का ऐसा रहा है आईपीएल करियर -

फिलिप्स आईपीएल में अभी तक सिर्फ 8 मैच ही खेल पाए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स ने 2021 में आईपीएल डेब्यू किया था. उन्होंने इस सीजन में सिर्फ 3 मैच खेले थे. वहीं इसके बाद 2023 में दोबारा खेलने का मौका मिला. फिलिप्स ने 2023 में 5 मैच खेले थे.

गुजरात का इस सीजन ऐसा रहा है प्रदर्शन -

शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम गुजरात टाइटंस फिलहाल पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है. उसने इस सीजन में अभी तक पांच मैच खेले हैं और इस दौरान चार में जीत दर्ज की है. वहीं एक मैच में हार का सामना किया है. गुजरात के पास 8 पॉइंट्स हैं. गुजरात को पहले मैच में पंजाब किंग्स ने हराया था. लेकिन इसके बाद उसने मुंबई, आरसीबी, हैदराबाद और राजस्थान को हराया.


...

IPL 2025 का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियंस केकेआर (KKR) और आरसीबी (RCB) की टीम के बीच 22 मार्च को खेला जाएगा

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 11 दिन बाद यानी 22 मार्च से आईपीएल 2025 की शुरुआत होनी है, जबकि फाइनल मैच 25 मई 2025 को खेला जाएगा।

IPL 2025 का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियंस केकेआर (KKR) और आरसीबी (RCB) की टीम के बीच खेला जाना है। ऐसे में आईपीएल 2025 की शुरुआत से पहले आइए जानते हैं सभी टीमों के कप्तानों के नाम से लेकर स्क्वॉड तक, पूरी डिटेल्स।

IPL 2025 का पहला मैच कब होना है? (When will ipl 2025 start)

आईपीएल 2025 का पहला मैच 22 मार्च यानी शनिवार को खेला जाना है।

IPL 2025 का पहला मैच किन टीमों के बीच होगा? (IPL 2025 First Match teams)

आईपीएल 2025 का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियंस केकेआर और आरसीबी (KKR Vs RCB IPL 2025 First Match) की टीम के बीच खेला जाएगा।

IPL 2025 का पहला मैच कहां खेला जाएगा? (Where IPL 2025 First match will be play)

आईपीएल 2025 का पहला मैच KKR Vs RCB के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।

IPL 2025 के पहले मैच खेल रही दोनों टीमों के कप्तानों के नाम (KKR RCB IPL Team Captains)

आईपीएल 2025 के लिए केकेआर टीम के कप्तान- अंजिक्य रहाणे (KKR Captain Ajinkya Rahane), जबकि आरसीबी टीम के कप्तान-रजत पाटीदार (RCB Captain Rajat Patidar) हैं।

कितने बजे खेला जाएगा IPL 2025 में KKR Vs RCB का पहला मैच?

आईपीएल 2025 का पहला मैच केकेआर और आरसीबी के बीच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।

कहां देख सकते हैं फैंस IPL 2025 का लाइव मुकाबला? (Where to watch IPL 2025 First match live For free)

IPL 2025 का लाइव मुकाबला फैंस टीवी पर लाइव स्टारस्पोर्ट्स के साथ स्पोर्ट्स-18 वन पर लाइव देख सकते हैं, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर होगी।

IPL 2025 के पहले मैच की दोनों टीमें इस प्रकार

केकेआर- सुनील नरेन, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, रमनदीप सिंह, वेंकटेश अय्यर, क्विंटन डिकॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज, एनरिक नॉर्किया, अंगकृष रघुवंशी, वैभव अरोड़ा, मयंक मार्कंडे, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, स्पेंसर जॉनसन, लवनीत सिसोदिया, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अनुकूल रॉय, मोईन अली, उमरान मलिक

आरसीबी- विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), और यश दयाल, लियाम लिविंगस्टोन, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, जोश हेजलवुड, रसिख डार, सुयश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, मनोज भांडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, स्वास्तिक चिकारा, लुंगी एनगिडी, अभिनंदन सिंह, मोहित राठी

IPL की 10 टीमों के कप्तानों के नाम (List of All 10 IPL Teams Captains)

KKR- अंजिक्य रहाणे

RCB- रजत पाटीदार

SRH- पैट कमिंस

RR- संजू सैमसन

CSK-ऋतुराज गायकवाड़

MI- हार्दिक पांड्या

DC- (अभी एलान होना बाकी)

LSG-ऋषभ पंत

GT- शुभमन गिल

PBKS- श्रेयस अय्यर

आईपीएल 2025 के नॉकआउट मुकाबले की तारीख (IPL 2025 Knockout Matches)

क्वालीफायर 1 मैच - 20 मई, हैदराबाद

एलिमिनेटर मैच - 21 मई, हैदराबाद

क्वालीफायर 2 मैच - 23 मई, ईडन गार्डन्स

फाइनल मैच - 25 मई, ईडन गार्डन्स

IPL 2025 की सभी 10 टीमें

KKR- सुनील नरेन, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, रमनदीप सिंह, वेंकटेश अय्यर, क्विंटन डिकॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज, एनरिक नॉर्किया, अंगकृष रघुवंशी, वैभव अरोड़ा, मयंक मार्कंडे, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, स्पेंसर जॉनसन, लवनीत सिसोदिया, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अनुकूल रॉय, मोईन अली, उमरान मलिक

RCB-विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), और यश दयाल, लियाम लिविंगस्टोन, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, जोश हेजलवुड, रसिख डार, सुयश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, मनोज भांडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, स्वास्तिक चिकारा, लुंगी एनगिडी, अभिनंदन सिंह, मोहित राठी

DC-  मिचेल स्टार्क, केएल राहुल, हैरी ब्रूक(अपना नाम वापस ले लिया- रिप्लेसमेंट का अभी एलान नहीं हुआ) , अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स , अभिषेक पोरेल, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, टी. नटराजन, करुण नायर, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, फाफ डु प्लेसिस, मुकेश कुमार, दर्शन नालकंडे, विप्रज निगम, दुष्मंथा चमीरा, डोनोवन फरेरा, अजय मंडल, मानवंत कुमार, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी

LSG- ऋषभ पंत (कप्तान), डेविड मिलर, एडेन मार्करम, मिचेल मार्श,  मयंक यादवनिकोलस पूरन, आवेश खान, अब्दुल समद, आर्यन जुयाल, आकाश दीप, हिम्मत सिंह, एम. सिद्धार्थ, रवि बिश्नोई, दिग्वेश सिंह, आयुष बदोनी, मोहसिन खान, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, शमर जोसेफ, प्रिंस यादव, युवराज चौधरी, राजवर्धन हंगरगेकर, अर्शिन कुलकर्णी, मैथ्यू ब्रीट्जके

MI- हार्दिक पांड्या(कप्तान), सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, नमन धीर, रॉबिन मिंज, कर्ण शर्मा, रयान रिकेल्टन, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, विल जैक्स, अश्विनी कुमार, मिचेल सेंटनर, रीस टॉप्ली, कृष्णन श्रीजीत, राज अंगद बावा, सत्यनारायण राजू, बेवॉन जैकब्स, अर्जुन तेंदुलकर, लिजाद विलियम्स, विग्नेश पुथुर

GT- शुभमन गिल (कप्तान), राशिद खान, साई सुदर्शन, शाहरुख खान,राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, जोस बटलर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, निशांत सिंधु, महिपाल लोमरोर, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, मानव सुथार, वॉशिंगटन सुंदर, गेराल्ड कोएट्जी, अरशद खान, गुरनूर बरार, शेरफेन रदरफोर्ड, साई किशोर, ईशांत शर्मा, जयंत यादव, ग्लेन फिलिप्स, करीम जनत, कुलवंत खेजरोलिया

RR- संजू सैमसन (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेटमायर और संदीप शर्मा  जोफ्रा आर्चर, महीष तीक्ष्णा, वानिंदु हसारंगा, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, नीतीश राणा, तुषार देशपांडे, शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह, फजलहक फारूकी, वैभव सूर्यवंशी, क्वेना मफाका, कुणाल राठौड़, अशोक शर्मा

PBKS- अर्शदीप सिंह, श्रेयस अय्यर (कप्तान), युजवेंद्र चहल, शशांक सिंह, प्रभसिमरन सिंह मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, नेहाल वढेरा, हरप्रीत बरार, विष्णु विनोद, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, मार्को जानसेन, जोश इंग्लिस, लॉकी फर्ग्यूसन, अजमतुल्लाह उमरजई, हरनूर सिंह, कुलदीप सेन, प्रियांश आर्य, एरॉन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, जेवियर बार्टलेट, पायला अविनाश, प्रवीण दुबे

SRH- पैट कमिंस (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, हर्षल पटेल, ईशान किशन, राहुल चाहर, एडम जाम्पा, अथर्व तायडे, अभिनव मनोहर, सिमरजीत सिंह, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स, कामिंदु मेंडिस, अनिकेत वर्मा, ईशान मलिंगा, सचिन बेबी

CSK- ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), मथीशा पथिराना, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी डेवोन कॉन्वे, राहुल त्रिपाठी, रचिन रवींद्र, आर. अश्विन, खलील अहमद, नूर अहमद, विजय शंकर, सैम करन, शेख रशीद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, दीपक हुड्डा, गुरजपनीत सिंह, नाथन एलिस, जेमी ओवर्टन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्ण घोष, श्रेयस गोपाल, वंश बेदी, आंद्रे सिद्धार्थ


...

भारत बनाम पाकिस्तान के बीच चैंपियन ट्रॉफी 2025 के मुकाबले में इंडिया की हुई जीत

 भारत बनाम पाकिस्तान के बीच चैंपियन ट्रॉफी 2025 का हाई वोल्टेज मुकाबला 23 फरवरी को खेला गया। रोमांचक मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया।

कोहली की नाबाद शतकीय पारी के दम पर भारत ने पाकिस्तान पर 6 विकेट से जीत हासिल की। इस मैच में भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तानी मीडिया का रिएक्शन तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पाकिस्तानी मीडिया ने भारतीय टीम के स्टार विराट कोहली की सराहना की।

India से मिली हार के बाद Pakistani Media ने कैसे रिएक्शन दिए?

दरअसल, भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान (Pakistani Media Reaction) के प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक डॉन में से एक ने अपने लेख का शीर्षक 'चैंपियंस ट्रॉफी: कोहली ने खेली पारी, भारत को दिलाई जीत' रखा। उन्होंने शीर्षक में ये भी लिखा कि भारत ने ग्रीन शर्ट को 6 विकेट से हराया; कोहली का शतक।

पाकिस्तान को लड़ाई में बदलाव के लिए कम से कम 270 का लक्ष्य निर्धारित करने की जरूरत थी, लेकिन उन्होंने 242 का लक्ष्य निर्धारित किया।'

पाकिस्तान के एक दूसरे अंग्रेजी दैनिक जियो न्यूज ने अपने लेख का शीर्षक दिया, 'कोहली स्टार रहे क्योंकि पाकिस्तान भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के बड़े मैच में हार गया।' उनके स्ट्रैप में लिखा था कि अय्यर के 67 गेंदों पर 56 रनों के बाद कोहली नाबाद 100 रनों के साथ शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं।

एआरवाई न्यूज के लेख में भी इसी तरह का शीर्षक था, हालांकि, उन्होंने मैच को 'एकतरफा' कहा। वहीं, एआरवाई न्यूज ने अपने लेख का शीर्षक 'भारत ने एकतरफा चैंपियंस ट्रॉफी मुकाबले में पाकिस्तान को हराया' है। उनके स्ट्रैप में लिखा कि  विराट कोहली के शानदार शतक और अनुशासित गेंदबाजी ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के एक महत्वपूर्ण मैच में भारत को पाकिस्तान पर छह विकेट से जीत दिलाई।

India vs Pakistan: भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से पटका

पाकिस्तानी टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सटीक प्रदर्शन के कारण मेजबान टीम सिर्फ 241 रन बना सकी। शकील ने 62 रन बनाए और तीसरे विकेट के लिए कप्तान मोहम्मद रिजवान (46) के साथ 104 रन जोड़े। इसके अलावा पाकिस्तानी टीम के लिए कोई बड़ी साझेदारी नहीं हुई।

फिर 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 31 के कुल स्कोर पर ही रोहित का विकेट गंवा दिया था लेकिन इसके बाद विराट और गिल ने 69 रन की साझेदारी की। इसके बाद विराट ने श्रेयस के साथ 114 रनों की साझेदारी करके 45 गेंद बाकी रहते हुए पाकिस्तान से मैच छीन लिया।


...

चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी का आखिरी मौका

इंग्लैंड को एकतरफा अंदाज में टी-20 सीरीज हराने के बाद टीम इंडिया अब 3 वनडे की सीरीज खेलेगी। ICC चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी के लिए भारत के पास यही आखिरी मौका है। इसी में भारत को अपनी प्लेइंग-11 फाइनल करनी है और टूर्नामेंट के लिए स्ट्रैटजी भी बनानी है।

टीम इंडिया को टूर्नामेंट से पहले कई सवालों के जवाब ढूंढने हैं। जैसे कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का फॉर्म लौटेगा या नहीं? जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की फिटनेस भी चिंता की बात है। अगर दोनों कम्प्लीट रिदम में बॉलिंग नहीं कर पाए तो उनकी कमी कौन पूरी करेगा?

स्टोरी में जानिए टीम इंडिया के सामने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले 5 बड़े सवाल क्या हैं...

1. क्या फॉर्म में लौटेंगे कोहली-रोहित?

टीम इंडिया के सीनियर बैटर विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद से कोहली एक ही सेंचुरी लगा सके, वहीं रोहित एक भी शतक नहीं लगा पाए। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 3 वनडे में जरूर फिफ्टी लगाईं, लेकिन दोनों ही प्लेयर्स टेस्ट फॉर्मेट में फ्लॉप रहे।

ICC के बड़े वनडे टूर्नामेंट से पहले दोनों सीनियर प्लेयर्स का आउट ऑफ फॉर्म होना चिंता की बात है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी दोनों ज्यादा रन नहीं बना सके थे, वहीं रणजी ट्रॉफी में भी दोनों बैट से फ्लॉप ही रहे। ऐसे में इंग्लैंड से वनडे सीरीज दोनों सीनियर बैटर्स के लिए बड़े टूर्नामेंट के लिए फॉर्म पाने का आखिरी मौका है।

2. बुमराह-शमी पूरी तरह फिट कब होंगे?

वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारत का बॉलिंग अटैक लीड करने वाले मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह इंजरी से रिकवरी कर रहे हैं। शमी ने 14 महीने बाद वापसी की और इंग्लैंड के खिलाफ 2 टी-20 खेले। हालांकि, वे रिदम में नजर नहीं आए। उन्होंने 3 विकेट जरूर लिए, लेकिन इंग्लिश बैटर्स को उन्हें खेलने में कोई परेशानी नहीं आई।

बुमराह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट खेलते हुए चोटिल हो गए थे। जिससे रिकवर करने में उन्हें अभी समय लगेगा, जिस कारण वे शुरुआती 2 वनडे भी नहीं खेल सकेंगे। बुमराह इससे पहले भी करीब 15 महीनों तक इंजरी से रिकवरी कर चुके हैं। बुमराह अगर टूर्नामेंट से पहले फिट नहीं हो सके तो भारत का बॉलिंग अटैक कमजोर हो जाएगा।

बुमराह और शमी दोनों ही अगर रिदम में बॉलिंग नहीं कर सके तो हार्दिक पंड्या और स्पिनर्स पर गेंदबाजी को संभालने का दबाव भी आ सकता है। इंग्लैंड सीरीज में टीम हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को मौके देकर दोनों के ऑप्शन तैयार करने पर भी ध्यान दे सकती है। खास बात ये भी कि ICC वनडे बॉलर्स रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल मोहम्मद सिराज भी स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। इसलिए टीम बुमराह-शमी पर बहुत ज्यादा निर्भर है।

3. विकेटकीपर बैटर कौन होगा?

केएल राहुल पिछले वनडे वर्ल्ड कप में टीम के बेस्ट विकेटकीपर बैटर थे, वे टूर्नामेंट के भी बेस्ट विकेटकीपर बैटर रहे। हालांकि, पिछले साल श्रीलंका दौरे पर तीसरे वनडे में उन्हें ऋषभ पंत ने रिप्लेस कर दिया। दोनों ही प्लेयर्स अब स्क्वॉड का हिस्सा हैं।

अनुभव और प्रदर्शन के मामले में राहुल का पलड़ा भारी है, उन्होंने 77 वनडे में करीब 50 की औसत से 2851 रन बनाए हैं। जिनमें 7 सेंचुरी और 18 फिफ्टी शामिल हैं। दूसरी ओर ऋषभ पंत 31 वनडे में 33.50 की औसत से 871 रन ही बना सके। उनके नाम 1 सेंचुरी और 5 फिफ्टी हैं। फिर भी दोनों में से टीम का फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर कौन होगा, इसका जवाब सीरीज शुरू होने के बाद ही मिल पाएगा।

4. क्या यशस्वी वनडे डेब्यू करेंगे?

युवा लेफ्ट हैंड ओपनर यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में पहली बार शामिल किया गया। वे टी-20 और टेस्ट में तो अपनी छाप छोड़ चुके हैं, लेकिन अब तक वनडे डेब्यू नहीं कर सके। उन्होंने 2020 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में 50 ओवर फॉर्मेट से ही पहचान बनाना शुरू किया था। इसके बावजूद वे देश के लिए कोई भी वनडे नहीं खेल सके।

यशस्वी को अगर वनडे डेब्यू करना है तो टीम मैनेजमेंट को शुभमन गिल को बाहर करने का मुश्किल फैसला लेना होगा। गिल टीम के बेस्ट बैटर हैं, जिनका औसत विराट कोहली से भी बेहतर हैं। वे 6 सेंचुरी लगाकर 2000 से ज्यादा रन भी बना चुके हैं। लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखकर अगर यशस्वी को रोहित के साथ ओपनिंग कराने का प्लान किया गया तो उन्हें किस प्लेयर की जगह खिलाना है, यह बड़ा सवाल बन जाएगा।

5. बेस्ट प्लेइंग-11 क्या होगी?

वनडे फॉर्म को देखते हुए रोहित, शुभमन, विराट, श्रेयस, राहुल, हार्दिक, कुलदीप और शमी फिलहाल कन्फर्म माने जा रहे हैं। बुमराह अगर फिट रहें तो वे भी प्लेइंग-11 में खेलेंगे। जिसके बाद 2 स्पॉट खाली रहेंगे, जिसके लिए 1 गेंदबाज और 3 ऑलराउंडर दावेदार हैं। जिनमें अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं।

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की पॉसिबल प्लेइंग-11

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

एक्स्ट्रा: अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल।


...

भारत ने इंग्लैंड से लगातार 5वीं टी-20 सीरीज जीती

भारतीय टीम ने शुक्रवार को पुणे में जबरदस्‍त वापसी की और चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में इंग्‍लैंड को 15 रन से पटखनी दी। यह जीत सूर्यकुमार ब्रिगेड के लिए सुखी रही क्‍योंकि इसके साथ ही भारत ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल की।

इस जीत के साथ ही भारत ने घर में अपने वर्ल्‍ड रिकॉर्ड को ज्‍यादा मजबूत कर लिया है। भारत ने अपने घर में लगातार 17वीं टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीती। मेन इन ब्‍ल्‍यू ने 2018/19 में ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार घर में टी20 इंटरनेशनल सीरीज गंवाई थी। तब से भारत के जीत का साम्राज्‍य बना हुआ है।

घर में सबसे ज्‍यादा टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने वाली टीमें

1) भारत - 17 सीरीज*, 2019 से अब तक

2) ऑस्‍ट्रेलिया - 8 सीरीज, जनवरी 2006 से 2010 फरवरी

3) दक्षिण अफ्रीका - 7 सीरीज, 2007 फरवरी से 2010 अक्‍टूबर

4) भारत - छह सीरीज, 2016 फरवरी से 2018 नवंबर

5) न्‍यूजीलैंड - 6 सीरीज, 2008 दिसंबर से 2012 फरवरी।

भारत की आसान जीत

बता दें कि भारत ने शुक्रवार को पुणे के एमसीए स्‍टेडियम पर खेले गए चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 181 रन बनाए। जवाब में इंग्‍लैंड की टीम 19.4 ओवर में 166 रन पर ऑलआउट हुई। भारत ने इसी के साथ मौजूदा सीरीज में 3-1 की बढ़त बनाई। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पांचवां व आखिरी मैच मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम पर खेला जाएगा।

कन्‍कशन सब्‍स्‍टीट्यूट पर हुआ विवाद

याद दिला दें कि भारत और इंग्‍लैंड के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला कन्‍कशन सब्‍स्‍टीट्यूट को लेकर जमकर विवाद हुआ। भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे के हेलमेट पर गेंद लगी और पारी खत्‍म होने के बाद हर्षित राणा उनके विकल्‍प के रूप में आए। राणा ने तीन इंग्लिश बल्‍लेबाजों को अपना शिकार बनाया, जिसके कारण मेहमान टीम मैच गंवा बैठी।

मैच के बाद इंग्लिश कप्‍तान जोस बटलर ने कन्‍कशन सब्‍स्‍टीट्यूट पर सवाल खड़े किए और कहा कि राणा दुबे के लाइक-टू-लाइक रिप्‍लेसमेंट नहीं थे। बटलर ने कहा कि हमसे कोई सलाह नहीं ली गई और इसमें हमारी कोई भागीदारी नहीं रही। इंग्लिश कप्‍तान ने साथ ही कहा कि वो मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ से इस बारे में कुछ सवाल करेंगे ताकि सफाई मिल सके।


...

WTC फाइनल के लिए भारत को चाहिए 2 जीत

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन में तीसरा टेस्ट ड्रॉ हो गया। इस नतीजे के बाद दोनों के बीच 5 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया नंबर-2 और भारत नंबर-3 पर कायम है। साउथ अफ्रीका पहले नंबर पर है।

भारत को अपने दम पर फाइनल में पहुंचने के लिए बचे हुए दोनों मैच जीतने ही होंगे। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया 4 में से 3 मैच जीत ले तो टॉप-2 में फिनिश कर जाएगा। वहीं, साउथ अफ्रीका को पाकिस्तान के खिलाफ 2 टेस्ट में एक ही जीत की जरूरत है।

भारत तीसरे नंबर पर, 2 जीत चाहिए

ब्रिस्बेन में ड्रॉ खेलने के बाद भी भारत के WTC फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा हैं। भारत के 17 मैचों में 9 जीत, 6 हार और 2 ड्रॉ से 114 पॉइंट्स हैं। टीम पर 2 पॉइंट्स की पेनल्टी लगी थी, इसलिए फिलहाल 55.88% पॉइंट्स के साथ उनकी पोजिशन नंबर-3 है। भारत के अब 2 मैच ऑस्ट्रेलिया से ही मौजूदा सीरीज में बाकी है। टीम एक भी मैच हारी तो फाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी।

जानिए अलग-अलग नतीजों से टीम इंडिया फाइनल में कैसे पहुंच सकती है...

सीरीज 3-1 से भारत जीते, 60.53% पॉइंट्स: टीम इंडिया क्वालिफाई हो जाएगी।

सीरीज 2-1 से भारत जीते, 57.02% पॉइंट्स: ऑस्ट्रेलिया टीम श्रीलंका में 1-0 से जीते या साउथ अफ्रीका टीम पाकिस्तान से 0-1 से हार जाए।

सीरीज 2-2 से ड्रॉ, 55.26% पॉइंट्स: ऑस्ट्रेलिया टीम श्रीलंका में 0-1 से हारे या साउथ अफ्रीका पाकिस्तान से 0-2 से हार जाए।

सीरीज 1-1 से ड्रॉ, 53.51% पॉइंट्स: साउथ अफ्रीका 0-2 से हारे या ऑस्ट्रेलिया टीम श्रीलंका में 0-1 से हारे या 0-0 से ड्रॉ खेले। अगर श्रीलंका 2-0 से जीत गया तो भारत बाहर हो जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया को 3 जीत चाहिए

BGT में ऑस्ट्रेलिया अब तक एक ही मैच जीत सका, लेकिन टीम के पास फाइनल में पहुंचने के ज्यादा मौके बचे हैं। ऑस्ट्रेलिया के 15 मैच में 9 जीत, 4 हार और 2 ड्रॉ से 106 पॉइंट्स हैं। टीम पर 10 पॉइंट्स की पेनल्टी भी लगी, इसलिए उनके 58.89% पॉइंट्स हैं। भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका में 2 टेस्ट खेलने हैं। उन्हें अपने दम पर क्वालिफाई करने के लिए 60% से ज्यादा पॉइंट्स चाहिए।

जानिए 4 टेस्ट में अलग-अलग नतीजों से ऑस्ट्रेलिया टीम के पॉइंट्स क्या होंगे...

4 जीत: 67.54% पॉइंट्स

3 जीत, 1 ड्रॉ: 64.04% पॉइंट्स

3 जीत, 1 हार: 62.28% पॉइंट्स

2 जीत, 2 ड्रॉ: 60.53% पॉइंट्स, भारत से आगे

2 जीत, 1 ड्रॉ, 1 हार: 58.77% पॉइंट्स, भारत से आगे

2 जीत, 2 हार: 57.02% पॉइंट्स

1 जीत, 3 ड्रॉ: 57.02% पॉइंट्स

1 जीत, 2 ड्रॉ, 1 हार: 55.26% पॉइंट्स

बाकी सभी कंडीशन में ऑस्ट्रेलिया रेस से बाहर हो जाएगा।

एक जीत से बन जाएगा साउथ अफ्रीका का काम

WTC फाइनल की रेस में सबसे आसान काम साउथ अफ्रीका का लग रहा है। साउथ अफ्रीका के 10 मैच में 6 जीत, 3 हार और 1 ड्रॉ के साथ 76 पॉइंट्स हैं। उनके 63.33% पॉइंट्स हैं। टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 2 में से एक ही टेस्ट जीतना है, इससे टीम 61.11% पॉइंट्स के साथ क्वालिफाई कर जाएगी। दोनों मैच जीतने पर टीम के सबसे ज्यादा 69.44% पॉइंट्स हो जाएंगे।

जानिए बाकी नतीजों से टीम के पॉइंट्स पर क्या असर होगा...

1-0 से जीते: 63.89% पॉइंट्स

0-0 से ड्रॉ: 58.33% पॉइंट्स

0-1 से हारे: 55.55% पॉइंट्स

0-2 से हारे: 52.77% पॉइंट्स

श्रीलंका को चाहिए बाकी टीमों का सपोर्ट

श्रीलंका ने साउथ अफ्रीका में दोनों टेस्ट हारकर अपनी मुश्किलें बढ़ा लीं। अब टीम के 11 टेस्ट में 5 जीत और 6 हार से 60 ही पॉइंट्स हैं। 45.45% पॉइंट्स के साथ टीम पांचवें नंबर पर है, उनके 2 मैच ऑस्ट्रेलिया से बाकी हैं। 2-0 से जीतकर टीम 53.85% पॉइंट्स हासिल करेगी और टॉप-2 में पहुंच सकती है। हालांकि, उसके लिए साउथ अफ्रीका और भारत को अपने ज्यादातर मैच हारने होंगे। अगर श्रीलंका ने एक भी ड्रॉ खेला तो टीम बाहर हो जाएगी।

पाकिस्तान भी पहुंच सकती है फाइनल में

पाकिस्तान के पास भी WTC फाइनल खेलने का छोटा चांस है। टीम के फिलहाल 10 टेस्ट में 4 जीत और 6 हार के बाद 40 पॉइंट्स हैं। उन्हें 8 पॉइंट्स की पेनल्टी भी लगी, इसलिए टीम 31.25% पॉइंट्स के साथ 7वें नंबर पर है। टीम के 4 मैच बचे हैं, 2 साउथ अफ्रीका से और 2 वेस्टइंडीज से।

पाकिस्तान अगर चारों मैच जीता, तब उनके 52.38% पॉइंट्स होंगे। यहां भी उन्हें चाहिए कि साउथ अफ्रीका पर 1 पॉइंट की पेनल्टी लगे, तभी टीम उनसे ऊपर पहुंच पाएगी। हालांकि, भारत और ऑस्ट्रेलिया ने अगर 1-1 मैच भी जीत लिया तो पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी।

4 टीमें रेस से बाहर

WTC में 9 टीमें हिस्सा लेती हैं। जिम्बाब्वे, आयरलैंड और अफगानिस्तान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की सीरीज नहीं खेलतीं। वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। इनमें वेस्टइंडीज इकलौती ऐसी टीम है, जो अपनी आखिरी सीरीज से पहले ही रेस से बाहर हो गई।


...