पटना में बर्ड फ्लू की एंट्री: 6000 मुर्गियां दफन, जू में हाई अलर्ट

होली का रंग चढ़ने ही वाला है, लेकिन इस बार 'मुर्गा पार्टी' पर ब्रेक लग गया है। बिहार में बर्ड फ्लू का खतरा मंडरा रहा है और पटना में मुर्गियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। चितकोहरा के कौशल नगर स्थित बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में 6000 मुर्गियां संक्रमित पाई गईं। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने सभी मुर्गियों को दफना दिया है। इलाके को पूरी तरह सेनिटाइज कर एहतियात बरतने की अपील की गई है।

होली की दावत पर ‘रेड अलर्ट’, इंफेक्शन जोन घोषित

संक्रमित क्षेत्र के एक किलोमीटर दायरे को इंफेक्शन जोन घोषित किया गया है। साथ ही 9 किलोमीटर तक के इलाके को सर्विलांस एरिया बनाया गया है।

यहां अंडा, मुर्गी और चारे के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पटना डीएम के आदेश पर नगर निगम क्षेत्र में मुर्गा-मुर्गी के आवागमन पर भी प्रतिबंध है।

कौशल नगर में चेक पोस्ट बनाया गया है। शास्त्रीनगर और बाइपास थाना पुलिस निगरानी में जुटी है।

बिना मास्क नो एंट्री, फार्म पर सख्ती

मुर्गी फार्म क्षेत्र में बिना मास्क प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह इलाका एयरपोर्ट के पास चितकोहरा पुल के नीचे स्थित है।

घनी आबादी के कारण प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। सेनिटाइजेशन प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही सामग्री के उपयोग की अनुमति होगी।

जिला प्रशासन ने दो महीने तक मुर्गा-मुर्गी पालन पर रोक लगा दी है। लोगों से घबराने नहीं, बल्कि सावधानी रखने की अपील की गई है।

पटना जू में भी ‘होली स्पेशल’ सावधानी

पटना जू को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। दर्शकों को मोर और अन्य पक्षियों को 8 फुट दूरी से ही देखने की अनुमति है। केज के आसपास कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।

कर्मियों को मास्क दिए गए हैं और एंट्री गेट पर केमिकल स्प्रे हो रहा है। अब तक जू में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

कौवों की मौत से खुला राज, भोपाल से आई पुष्टि

भागलपुर, कटिहार, पटना और दरभंगा में 400 से अधिक कौवों में संक्रमण मिला था। इनके सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए थे, जहां बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई।

पिछले एक महीने में पटना हाईकोर्ट, आईजीआईएमएस, मोकामा और कंकड़बाग समेत कई इलाकों में 200 से ज्यादा कौवों की मौत हुई थी।

मृत कौवों में एच-1एन-1 संक्रमण पाया गया।

अब प्रशासन पोल्ट्री फार्मों पर खास निगरानी रख रहा है। होली के रंग में खलल न पड़े, इसके लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

आखिर बर्ड फ्लू है क्या?

बर्ड फ्लू इन्फ्लूएंजा वायरस से होने वाली बीमारी है, जो मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करती है। संक्रमित जानवरों के संपर्क में आने से इंसानों में भी फैलने की आशंका रहती है।

हालांकि इंसान से इंसान में फैलने के मामले सामने नहीं आए हैं। इसके लक्षणों में गले में खराश, खांसी, सिरदर्द और बुखार शामिल हैं।



...

बिहार में बर्ड फ्लू अलर्ट: वायरस क्या है और किन लक्षणों से रहें सावधान

बिहार में कुछ इलाकों में पक्षियों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं। इस रिपोर्ट के बाद नगर निगम और पशुपालन विभाग की टीम अलर्ट पर हैं और संक्रमित इलाकों में रोकथाम के लिए एक्शन तेज कर दिए गए हैं।

ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि बर्ड फ्लू इंसानों में भी फैल सकता है। आइए जानें इसके लक्षण कैसे होते हैं और बचाव के लिए क्या कर सकते हैं। 

कैसे फैलता है बर्ड फ्लू?

बर्ड फ्लू इन्फ्लुएंजा ए वायरस, खासकर H5N1 के कारण होता है। मुख्य रूप से यह पक्षियों की बीमारी है, लेकिन यह इंसानों में भी कुछ कारणों से फैल सकता है।

सीधा संपर्क- संक्रमित पक्षियों या उनके लार या बीट के सीधे संपर्क में आने से।

दूषित वातावरण- पक्षियों के पिंजरे, मिट्टी या पानी के संपर्क में आना जहां संक्रमित पक्षी रहे हों।

अस्वच्छता- बिना सही साफ-सफाई के पोल्ट्री या अंडों का रख-रखाव करना।

इंसानों में बर्ड फ्लू के लक्षण

अगर कोई व्यक्ति इस वायरस की चपेट में आता है, तो संपर्क में आने के 2 से 8 दिनों के भीतर लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ये लक्षण सामान्य फ्लू जैसे भी हो सकते हैं और गंभीर भी-

आंखों का लाल होना 

तेज बुखार और थकान

खांसी, गले में खराश और बहती नाक

मांसपेशियों में दर्द और सांस लेने में तकलीफ

जी मिचलाना, उल्टी या दस्त होना

खुद को सुरक्षित कैसे रखें?

प्रोटेक्टिव गियर का इस्तेमाल- अगर आप पक्षियों के संपर्क में आते हैं, तो हमेशा दस्ताने, मास्क और चश्मे का इस्तेमाल करें।

हाथों की सफाई- पक्षियों या उनके रहने की जगह से आने के बाद अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं।

जूते घर के बाहर उतारें- अगर आप ऐसी जगह गए हैं जहां मुर्गीपालन होता है या जंगली पक्षी रहते हैं, तो अपने जूते घर के बाहर ही उतारें ताकि इन्फेक्शन घर के अंदर न फैले।

बीमार जानवरों से दूरी- कभी भी बीमार या मृत पक्षियों के पास न जाएं और न ही उन्हें छुएं। इन्फेक्शन के लक्षण नजर आने पर डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।

खान-पान की सुरक्षा- कच्चा या अनपाश्च्यूराइज्ड दूध न पिएं। साथ ही, पोल्ट्री प्रोडक्ट्स को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं।

फ्लू का टीका- हालांकि, मौसमी फ्लू का टीका सीधे बर्ड फ्लू से नहीं बचाता, लेकिन यह आपको गंभीर रूप से बीमार होने और दोहरे संक्रमण के जोखिम से बचा सकता है।


...

देश में निपाह वायरस के दो मामले, WHO बोला- यात्रा और व्यापार पर रोक की जरूरत नहीं

भारत में निपाह वायरस के दो मामले सामने आने के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। WHO ने शुक्रवार, 30 जनवरी को स्पष्ट किया कि भारत में निपाह वायरस के फैलने का खतरा फिलहाल कम है।

WHO के मुताबिक, इन दो मामलों के बावजूद ट्रैवल या ट्रेड पर किसी तरह की रोक लगाने की आवश्यकता नहीं है। ग्लोबल हेल्थ एजेंसी ने अपनी वेबसाइट पर जारी अपडेट में कहा कि इंसानों के बीच संक्रमण बढ़ने के कोई संकेत नहीं हैं, जिससे राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर जोखिम कम बना हुआ है।

ये दोनों मामले पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सामने आए हैं। WHO ने बताया कि संक्रमण इसी जिले तक सीमित है और लक्षण दिखने के दौरान मरीजों के यात्रा करने की कोई जानकारी नहीं मिली है।

एजेंसी ने आगे कहा कि भारत के अन्य राज्यों या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वायरस के फैलने की आशंका भी कम है। इसी आधार पर WHO ने ट्रैवल और ट्रेड पर किसी तरह की पाबंदी की जरूरत से इनकार किया है।

क्या है निपाह वायरस?

निपाह वायरस एक गंभीर और खतरनाक वायरस है, जो मुख्य रूप से चमगादड़ों से इंसानों में फैलता है। WHO के अनुसार, यह वायरस दूषित भोजन या संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से फैल सकता है।

हालांकि निपाह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है, लेकिन यह आसानी से नहीं फैलता। संक्रमण का खतरा तभी बढ़ता है, जब संक्रमित व्यक्ति के साथ लंबे समय तक नजदीकी संपर्क में रहा जाए।

...

3 लाख का वॉटर प्यूरीफायर लेकर इंदौर पहुंचे शुभमन गिल, दूषित पानी से डरी टीम इंडिया

भारतीय क्रिकेट टीम तीसरे और निर्णायक मुकाबले के लिए इंदौर पहुंच चुकी है। हाल के दिनों में इंदौर देशभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिसकी वजह यहां का दूषित पानी है। इस पानी को पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है और मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। ऐसे में टीम इंडिया भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भी इस मुद्दे को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता।

टीम इंडिया इंदौर के एक फाइव-स्टार होटल में ठहरी है, जहां आमतौर पर स्वच्छता और हाइजीन के उच्च मानकों का पालन किया जाता है। टीम के आगमन को देखते हुए होटल प्रबंधन ने भी अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। इसके बावजूद, खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट के बीच पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता बनी हुई है।

3 लाख का प्यूरीफायर

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल दूषित पानी से बचने के लिए अपने साथ करीब तीन लाख रुपये का अत्याधुनिक वाटर प्यूरीफायर लेकर इंदौर पहुंचे हैं। यह प्यूरीफायर न सिर्फ आरओ पानी, बल्कि बोतलबंद पानी को भी दोबारा शुद्ध करने में सक्षम है। गिल ने इस मशीन को अपने होटल के कमरे में इंस्टॉल करवाया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि जब इस विषय पर टीम इंडिया के मीडिया मैनेजर से प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

होटल में पीने के सुरक्षित पानी के कई विकल्प मौजूद हैं, जिनमें आरओ और पैक्ड बोतलबंद पानी शामिल है। इसके बावजूद टीम इंडिया किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। पानी को लेकर भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पहले से ही काफी सतर्क रहते हैं और वे आमतौर पर फ्रांस से आयातित इवियान नैचुरल स्प्रिंग वाटर का ही सेवन करते हैं।

क्या है पूरा मामला

इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, मध्य प्रदेश सरकार ने हाई कोर्ट में 15 मौतों की पुष्टि की है, लेकिन मुआवजा 21 परिवारों को दिया गया है। फिलहाल छह मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, एक को जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है, जबकि तीन मरीज अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। इस घटना के बाद राज्य सरकार को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है।


...

झारखंड में ‘कोल्ड डायरिया’ का अलर्ट, बच्चों में तेजी से फैल रहा रोटा वायरस

कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान के बीच झारखंड में मौसमी बीमारियों ने चिंताजनक रूप ले लिया है। इन दिनों बच्चों में रोटा वायरस के कारण होने वाला ‘कोल्ड डायरिया’ तेजी से फैल रहा है। अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं, बुजुर्गों में ब्लड प्रेशर और जोड़ों के दर्द की शिकायतें भी गंभीर होती जा रही हैं।

सदर अस्पताल के सीनियर फिजिशियन डॉ. हरीश चंद्र ने लोगों की स्वास्थ्य से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे वे रोटा वायरस की चपेट में आसानी से आ जाते हैं।

डॉ. हरीश चंद्र के अनुसार, बच्चों में रोटा वायरस के प्रमुख लक्षणों में पेट में मरोड़, लगातार उल्टी, बार-बार दस्त और शरीर में पानी की कमी शामिल है। उन्होंने सलाह दी कि बच्चों को बिना चिकित्सकीय परामर्श के कोई दवा न दें। उन्हें लगातार ओआरएस का घोल पिलाते रहें और गर्म कपड़े पहनाकर रखें। साथ ही छोटे बच्चों को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर ले जाने से बचें।

ठंड का असर बुजुर्गों और पहले से बीपी व शुगर से पीड़ित मरीजों पर भी ज्यादा पड़ता है। डॉक्टरों के अनुसार, सर्दियों में शरीर की नसें सिकुड़ जाती हैं, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ब्लड प्रेशर के मरीजों को सुबह उठते ही ठंडी हवा या ठंडे पानी के संपर्क में आने से बचना चाहिए और नहाने के लिए गुनगुने पानी का उपयोग करना चाहिए। वहीं, मधुमेह के मरीजों को सर्दियों में भी हल्का व्यायाम जारी रखना चाहिए और खान-पान में फाइबर युक्त भोजन को शामिल करना चाहिए।

विशेषज्ञों ने सर्दियों में स्वस्थ रहने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की भी सलाह दी है। धूप निकलने पर विटामिन-डी के लिए कुछ देर धूप में बैठें। कपड़ों की लेयरिंग करें, यानी एक भारी स्वेटर की बजाय दो-तीन हल्के गर्म कपड़े पहनें। आहार में बाजरा, मकई और रागी जैसे मोटे अनाज शामिल करें, पर्याप्त मात्रा में गुनगुना पानी पीते रहें और रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें। डॉक्टरों का कहना है कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर सर्दी के मौसम में बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है।


...

दूषित पानी बना बीमारी की वजह: इंदौर में 110 मरीज भर्ती, 15 की हालत गंभीर

इंदौर के भगीरथपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में दूषित पेयजल से जुड़े उल्टी-दस्त के 38 नए मामले सोमवार को सामने आए है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दूषित पेयजल कांड में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने कहा कि छह मरीजों को उपचार के लिए अस्पतालों में रेफर किया गया है, जबकि 110 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 15 मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। 

अब तक 7 मौतें- स्वास्थ्य विभाग

इंदौर संभागायुक्त सुदाम खाड़े ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 7 मौतें दर्ज की गई हैं। इससे एक दिन पहले तक अधिकारी 6 मौतों की पुष्टि कर रहे थे। हालांकि, स्थानीय लोगों ने इस बीमारी से 17 लोगों की मौत का दावा किया है। 

‘कोबो टूल’ के माध्यम से घर-घर सर्वेक्षण

इस बीच, स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति का आकलन करने और प्रभावित क्षेत्र में क्लोरीनयुक्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भगीरथपुरा इलाके में ‘कोबो टूल’ के माध्यम से घर-घर सर्वेक्षण किया। इस सर्वेक्षण के लिए केंद्र सरकार के क्षेत्रीय स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर चंद्रशेखर गेडाम द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से प्रशिक्षण दिया गया था। 

करीब 200 टीमों को किया गया तैनात

अधिकारियों ने कहा कि यह टूल क्षेत्र की स्थिति का रियल-टाइम आकलन करने में सहायक है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉक्टर माधव प्रसाद हासानी के निर्देश पर क्षेत्र में करीब 200 टीमों को तैनात किया गया। प्रत्येक टीम ने पूर्व-चिह्नित घरों का दौरा कर सर्वेक्षण किया। 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बांटी किट

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रत्येक परिवार को ओआरएस के 10 पैकेट, जिंक की 30 गोलियां और एक ‘क्लीन वॉटर ड्रॉपर’ वितरित किया गया। निवासियों को 10 लीटर पानी में आठ से 10 बूंदें ‘क्लीन वॉटर’ द्रव डालकर एक घंटे बाद उपयोग करने की सलाह दी गई है।

...

इंदौर में जहरीला पानी बना संकट, 15 की जान गई, सैकड़ों बीमार

इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी के कारण बीमार होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को 338 नए मरीज सामने आए हैं। फिलहाल 32 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार दिया गया है। अब तक करीब 2800 मरीज उल्टी-दस्त और पेट संबंधी बीमारियों से प्रभावित हो चुके हैं।

एक और मौत

भागीरथपुरा में दूषित पानी की वजह से शुक्रवार को एक और बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला का अरविंदो अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

भागीरथपुरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से देर रात तक मरीजों की भीड़ लगी रही। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचे, जिनमें अधिकांश उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। क्षेत्र के रहवासियों में भारी आक्रोश है और कई परिवारों में सभी सदस्य बीमार पड़ चुके हैं।

प्रशासन की ओर से पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन लोग उसका पानी इस्तेमाल करने से भी डर रहे हैं। कई लोग आरओ का पानी मंगवाकर पीने को मजबूर हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार 21 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, एएनएम और आशा कार्यकर्ता शामिल हैं। ये टीमें घर-घर जाकर उबला पानी पीने और बाहर का खाना न खाने की सलाह दे रही हैं।

गुरुवार को 1714 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें 8571 लोगों की जांच की गई। इनमें से 338 मरीज पाए गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अब तक कुल 272 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिनमें से 71 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। वर्तमान में विभिन्न अस्पतालों में 201 मरीज भर्ती हैं, जिनमें 32 की हालत गंभीर बनी हुई है और वे आईसीयू में हैं।

जोन नंबर पांच में बढ़ीं जल संबंधी शिकायतें

भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद नगर निगम ने जल संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। साल के पहले दिन दोपहर 2:30 बजे तक इंदौर-311 हेल्पलाइन पर पिछले 24 घंटों में 206 जल संबंधी शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सबसे अधिक शिकायतें जोन नंबर पांच से सामने आई हैं।


...

कैंसर के इलाज में नई उम्मीद: वैज्ञानिकों ने पौधों से एंटी-कैंसर दवा का फॉर्मूला खोजा

यूबीसी ओकनागन के वैज्ञानिकों ने यह अहम खोज की है कि पौधे एक दुर्लभ प्राकृतिक यौगिक माइट्रैफिलीन कैसे बनाते हैं, जिसे कैंसर-रोधी प्रभावों से जोड़ा जा रहा है। शोध में दो ऐसे प्रमुख एंजाइमों की पहचान की गई है, जो अणुओं को सही आकार देने और अंतिम रूप में मोड़ने का काम करते हैं। इस खोज ने उस वैज्ञानिक पहेली को सुलझा दिया है, जो वर्षों से शोधकर्ताओं को उलझाए हुए थी।

इस उपलब्धि से माइट्रैफिलीन और इससे जुड़े अन्य यौगिकों का उत्पादन भविष्य में कहीं अधिक आसान हो सकता है। साथ ही यह भी सामने आया है कि पौधे अप्रयुक्त चिकित्सीय क्षमता के साथ अत्यंत कुशल “प्राकृतिक रसायनज्ञ” की तरह काम करते हैं। माइट्रैफिलीन एक दुर्लभ प्राकृतिक पदार्थ है, जो अपनी संभावित एंटी-कैंसर भूमिका के कारण वैज्ञानिकों का ध्यान खींच रहा है।

माइट्रैफिलीन एक विशेष रासायनिक समूह स्पाइरोऑक्सिंडोल एल्कलॉइड्स का हिस्सा है। इन अणुओं की पहचान उनके अनोखे मुड़े हुए रिंग स्ट्रक्चर से होती है, जो इन्हें शक्तिशाली जैविक गुण प्रदान करता है। इन्हीं गुणों के कारण इनमें एंटी-ट्यूमर और एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभाव देखे जाते हैं। हालांकि वैज्ञानिकों को लंबे समय से इन यौगिकों के महत्व का अंदाजा था, लेकिन पौधों में इनके बनने की सटीक प्रक्रिया अब तक स्पष्ट नहीं थी।

जैविक रहस्य का समाधान

2023 में यूबीसी ओकनागन के इरविंग के. बार्बर फैकल्टी ऑफ साइंस में डॉ. थू थुई डांग के नेतृत्व में एक टीम ने उस पहले एंजाइम की पहचान की थी, जो इन अणुओं में मौजूद विशेष स्पाइरो संरचना बनाने में सक्षम है। इसी शोध को आगे बढ़ाते हुए डॉक्टोरल छात्र तुआन आन्ह गुयेन ने माइट्रैफिलीन के निर्माण में शामिल दो अहम एंजाइमों की पहचान की। इनमें से एक एंजाइम अणु को सही त्रि-आयामी संरचना देता है, जबकि दूसरा उसे उसके अंतिम स्वरूप में बदल देता है।

डॉ. डांग के अनुसार, यह खोज किसी असेंबली लाइन की गायब कड़ियों को ढूंढने जैसी है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि प्रकृति इतने जटिल अणुओं का निर्माण कैसे करती है और अब वैज्ञानिक उसी प्रक्रिया को प्रयोगशाला में दोहराने के नए रास्ते तलाश सकते हैं।

माइट्रैफिलीन प्राप्त करना क्यों है मुश्किल

कई प्राकृतिक यौगिक पौधों में बेहद कम मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे उनका उत्पादन महंगा और कठिन हो जाता है। माइट्रैफिलीन भी ऐसा ही यौगिक है, जो उष्णकटिबंधीय पेड़ों जैसे माइट्रागाइना (क्रैटम) और अनकारिया (कैट्स क्लॉ) में बहुत ही कम मात्रा में मौजूद होता है। यही वजह है कि अब तक इसका बड़े पैमाने पर उपयोग संभव नहीं हो पाया था।

इको-फ्रेंडली दवा उत्पादन की ओर कदम

तुआन आन्ह गुयेन का कहना है कि इस खोज से माइट्रैफिलीन जैसे यौगिकों तक पहुंचने के लिए ग्रीन केमिस्ट्री आधारित तरीके अपनाए जा सकते हैं। इससे न केवल पर्यावरण को कम नुकसान पहुंचेगा, बल्कि दवा उत्पादन भी अधिक टिकाऊ और किफायती हो सकेगा। उन्होंने इस शोध को एक ऐसे सहयोगी वातावरण का परिणाम बताया, जहां छात्र और वैज्ञानिक मिलकर वैश्विक स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान पर काम कर रहे हैं।


...

जहरीली हवा से बढ़ रहा लंग कैंसर का खतरा, इन 8 लक्षणों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज

लंग कैंसर दुनियाभर में कैंसर से होने वाली मौतों के सबसे बड़े कारणों में शामिल है। भारत में भी इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसमें बढ़ते प्रदूषण की बड़ी भूमिका है। हवा में मौजूद सूक्ष्म कण PM2.5 फेफड़ों की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं और इस कारण लंग कैंसर (Lung Cancer) का जोखिम बढ़ जाता है।

ऐसे में प्रदूषण से बचाव के साथ-साथ लंग कैंसर के शुरुआती लक्षणों (Symptoms of Lung Cancer) की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते बीमारी का पता लगाया जा सके और प्रभावी इलाज मिल सके। आइए जानें कि लंग कैंसर के संकेत कैसे नजर आते हैं और प्रदूषण किस तरह इसके खतरे को बढ़ा देता है।

लंग कैंसर के लक्षण कैसे नजर आते हैं?

शुरुआती स्टेज में लंग कैंसर के संकेत आमतौर पर स्पष्ट नहीं होते, जिससे बीमारी की पहचान देरी से होती है। जैसे-जैसे कैंसर बढ़ता है, निम्न लक्षण दिखने लगते हैं—

लगातार खांसी – तीन सप्ताह से अधिक समय तक बनी रहने वाली और धीरे-धीरे बढ़ती खांसी।

खांसी में खून – बलगम के साथ खून आना।

सांस लेने में दिक्कत – सामान्य गतिविधियों में भी सांस फूलना या घरघराहट।

सीने में दर्द – गहरी सांस, खांसने या हंसने पर छाती में दर्द या जकड़न।

आवाज में बदलाव – आवाज भारी या कर्कश होना।

बिना वजह वजन घटना – अचानक और अनइक्सप्लेंड वेट लॉस।

थकान महसूस होना – लगातार कमजोरी और थकावट।

बार-बार फेफड़ों का इन्फेक्शन – निमोनिया या ब्रोंकाइटिस का बार-बार होना।

ये संकेत कई अन्य सांस संबंधी बीमारियों जैसे लग सकते हैं, लेकिन इन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। खास बात यह है कि नॉन-स्मोकर्स भी इस बीमारी का शिकार हो सकते हैं, इसलिए इन लक्षणों को कभी हल्के में न लें।

प्रदूषण कैसे बढ़ाता है लंग कैंसर का खतरा?

PM2.5 कणों का गहराई तक प्रवेश – वाहन, फैक्ट्री और निर्माण कार्यों से निकलने वाले बेहद सूक्ष्म कण सीधे फेफड़ों की गहराई तक पहुंचकर सेल्स को नुकसान पहुंचाते हैं और कैंसर से जुड़ी म्यूटेशन की शुरुआत कर सकते हैं।

कार्सिनोजेनिक केमिकल्स – प्रदूषित हवा में मौजूद बेंजीन, फॉर्मलडिहाइड, आर्सेनिक और PAHs जैसे तत्व डीएनए को नुकसान पहुंचाकर कैंसर के जोखिम को बढ़ाते हैं।

लगातार सूजन – लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से फेफड़ों में क्रॉनिक इंफ्लेमेशन होता है, जो सेल डैमेज और अनकंट्रोल्ड सेल बढ़ोतरी को बढ़ावा देता है।

इम्युनिटी कमजोर होना – प्रदूषण शरीर की प्राकृतिक कैंसर-रोधी क्षमता को प्रभावित कर असामान्य कोशिकाओं को बढ़ने का मौका देता है।

धूम्रपान के दुष्प्रभाव को दोगुना करना – प्रदूषण और स्मोकिंग का संयोजन फेफड़ों पर कई गुना अधिक खतरनाक असर डालता है।


...

जीवन जीने की वास्तविक कला है योग , जीवन का मूल आधार है योग

योग एक प्राचीन भारतीय शास्त्र है जो शारीरिक, मानसिक, और आध्यात्मिक विकास का मार्ग दिखाता है। यह शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को शांत और सशक्त बनाता है। योग जीवन का आधार इसलिए माना जाता है क्योंकि यह तनाव कम करता है, एकाग्रता बढ़ाता है, और व्यक्ति को संतुलित और सफल जीवन जीने में मदद करता है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक रोग दूर होते हैं और मानसिक शांति प्राप्त होती है, जिससे जीवन सुखमय और सार्थक बनता है। इसलिए योग को जीवन के प्रति एक मजबूत आधार के रूप में स्वीकार किया जाता है। शारीरिक लाभों के अलावा, योग का एक सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी मदद करता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि योग किसी भी व्यक्ति को तनाव से निपटने में मदद करता है, जिसके शरीर और मन पर विनाशकारी प्रभाव पड़ने के लिए जाना जाता है।  तनाव कई रूपों में प्रकट हो सकता है, जिसमें पीठ या गर्दन में दर्द, नींद न आना, सिरदर्द, नशीली दवाओं का सेवन और ध्यान केंद्रित न कर पाना शामिल है।" योग, तनाव से निपटने में  भी प्रभावी होता है।  योग लोगों को अपने जीवन के प्रति अधिक सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने में मदद करता है।

बेहतर एकाग्रता, शांत मन के अनेको लाभों में से एक है। आधुनिक जीवन के लोग एकाग्रता के महत्व को भलीभांति समझते हैं, क्योंकि वे अक्सर खुद को एक से अधिक कार्यों में उलझा हुआ पाते हैं। ध्यान, एकाग्रता को तीव्र करने का एक प्रभावशाली अभ्यास है। ध्यान में, जब भी आपका मन भटकता है, आप अपना ध्यान श्वास, मंत्र या किसी दृश्य पर केंद्रित करते हैं। ओर उससे आपका मन बेहतर एकाग्रता प्राप्त करता है।

गतिहीन जीवनशैली कई शारीरिक स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनती है, जैसे सीमित लचीलापन, कमज़ोर शक्ति, खराब मुद्रा, अकड़न, और भी बहुत कुछ। योग आसन शरीर को विभिन्न दिशाओं में गति करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं, जिससे अकड़न कम होती है, जोड़ों की गतिशीलता बढ़ती है और दबी हुई भावनाएँ मुक्त होती हैं जिससे शक्ति और लचीलापन बढ़ता है। मांसपेशियों, ऊतकों और स्नायुबंधों के स्वस्थ रखरखाव के लिए अधिक शक्ति और लचीलापन महत्वपूर्ण है।


वैभव भारद्वाज ( परा मनोवैज्ञानिक)

...