‘धुरंधर 2’ के क्लाइमैक्स में 500 लीटर पेट्रोल का इस्तेमाल

फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के क्लाइमैक्स सीन में 500 लीटर पेट्रोल का और हर टैंक में हर टैंक में 25 किलो बारूद का इस्तेमाल किया गया था। यह खुलासा फिल्म के SFX सुपरवाइजर विशाल त्यागी किया है।

उन्होंने बताया कि फिल्म का सबसे चर्चित टैंकर ब्लास्ट सीन पूरी तरह से 'प्रैक्टिकल इफेक्ट्स' की मदद से शूट किया गया था और इसमें जीरो CGI (कंप्यूटर ग्राफिक्स) का इस्तेमाल हुआ।

इस खतरनाक सीन के दौरान रणवीर सिंह धधकती आग और धमाकों के बीच बिल्कुल शांत रहकर अपना शॉट दे रहे थे।

असली पेट्रोल और बारूद का हुआ इस्तेमाल

विशाल त्यागी ने 'हिंदी रश' को दिए इंटरव्यू में बताया कि डायरेक्टर आदित्य धर इस सीन को बहुत रियल दिखाना चाहते थे। विशाल ने कहा, "आमतौर पर लोग छोटा धमाका करके उसे कंप्यूटर की मदद से बड़ा दिखा देते हैं, लेकिन आदित्य धर का निर्देश साफ था कि हमें धमाकों के लिए CGI का इस्तेमाल नहीं करना है।

क्लाइमैक्स में टैंकर ब्लास्ट को क्रिएट करना सबसे मुश्किल काम था। हमने इसमें असली 500 लीटर पेट्रोल जलाया। सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी चिंता थी क्योंकि आग की लपटों के बीच रणवीर सिंह को पैदल चलना था।"

धमाके के बीच बेखौफ दिखे रणवीर सिंह

शूटिंग के दौरान सबसे ज्यादा खतरा रणवीर सिंह के लिए था क्योंकि उन्हें आग के बेहद करीब से गुजरना था। विशाल ने बताया कि रणवीर बिल्कुल भी डरे हुए नहीं थे। विशाल के मुताबिक, रणवीर को हमारी टीम पर भरोसा था। मैंने उन्हें सटीक जानकारी दी थी कि उन्हें कहां से चलना शुरू करना है।

शॉट पूरा होने के बाद उन्होंने खुश होकर मुझसे कहा- 'फाड़ दिया तूने!' इस सीन में अर्जुन रामपाल भी मौजूद थे, लेकिन धमाके वाले शॉट से पहले उन्हें वहां से हटा दिया गया था, जबकि रणवीर ने ज्यादा रिस्क लिया।

प्रोडक्शन की सलाह को किया दरकिनार

इस सीन को अंजाम देने के लिए विशाल त्यागी पर काफी दबाव था। प्रोडक्शन टीम चाहती थी कि खर्च कम करने के लिए केवल 250 लीटर ईंधन का इस्तेमाल हो, लेकिन विशाल 500 लीटर की जिद पर अड़े रहे। उन्होंने बताया, "सही विजुअल इफेक्ट लाने के लिए मुझे हर टैंक में 25 किलो बारूद डालना था।

मैंने सबकी सुनी, लेकिन अंत में किया वही जो फिल्म के लिए जरूरी था। इसके लिए असली ट्रेन बेस और कंटेनर्स का इस्तेमाल किया गया था ताकि सीन स्क्रीन पर दमदार दिखे।"

तीसरी सबसे ज्यादा कमाई वाली भारतीय फिल्म

धुरंधर 2 दुनियाभर में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म भी बन चुकी है। धुरंधर 2 ने 1,742.10 करोड़ रुपए कमाने वाली अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 को पीछे छोड़ दिया। अब यह सिर्फ दंगल (₹2070 करोड़) और बाहुबली-2 (₹1,788.06 करोड़) से पीछे है।

धुरंधर और धुरंधर 2 ने मिलकर दुनियाभर में 3,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली। इसके बाद यह 3,000 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म फ्रेंचाइजी बन गई है। जब किसी एक फिल्म की सफलता के बाद उसके एक से ज्यादा पार्ट बनाए जाते हैं तो वह एक फ्रेंचाइजी का रूप ले लेती है।


...

Japan में 10 जुलाई को रिलीज होगी ‘धुरंधर’

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 10 जुलाई 2026 को जापान में रिलीज की जाएगी। जापान में इस फिल्म को 'ऑपरेशन धुरंधर' के नाम से रिलीज किया जाएगा। धुरंधर से पहले जापान में रणवीर सिंह की गली बॉय, गोलियों की रासलीला राम-लीला और पद्मावत फिल्में रिलीज हो चुकी हैं।

जापान में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म RRR है, जिसने लगभग 143.69 करोड़ रुपए (¥ 2.42 बिलियन) का कलेक्शन किया था।

वहीं, दूसरे नंबर पर रजनीकांत स्टारर फिल्म मूथु है, जिसकी कमाई करीब 24.04 करोड़ रुपए (¥ 405 मिलियन) रही। इसके अलावा बाहुबली 2 और 3 इडियट्स ने भी यहां अच्छी कमाई की थी।

धुरंधर ने 1,307 करोड़ रुपए कमाए

धुरंधर 5 दिसंबर 2025 को ग्लोबली रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन नजर आए थे। फिल्म आदित्य धर ने डायरेक्ट की थी।

सैकनिल्क के अनुसार, धुरंधर ने भारत और अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दुनियाभर में करीब 1,307 करोड़ रुपए कमाए।

भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,005.85 करोड़ रुपए रहा, जबकि नेट कलेक्शन लगभग 840 करोड़ रुपए हुआ। विदेशी बाजारों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। ओवरसीज में इसने करीब 299.5 करोड़ रुपए कमाए। अमेरिका और कनाडा में 193.06 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर बाहुबली 2 का रिकॉर्ड भी तोड़ा।

दूसरा पार्ट 19 मार्च को रिलीज हुआ था

धुरंधर का दूसरा पार्ट ग्लोबली 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था। फिल्म की अब तक की कुल दुनिया भर में कमाई 1,780.76 करोड़ रुपए हो चुकी है। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1,132.94 करोड़ रुपए और कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,356.01 करोड़ रुपए तक हो गया है। फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों से अब तक 424.75 करोड़ रुपए की कमाई की है।


...

Uttar Pradesh में अचानक मौसम पलटा, 6 जिलों में ओले गिरे

यूपी में मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार दोपहर प्रयागराज, जौनपुर, आगरा, उन्नाव और अमेठी में ओले गिरे। आंधी के साथ तेज बारिश हुई। लखनऊ में अंधेरा छा गया। आसमान काले बादलों से ढक गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे।

मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के इलाकों में अगले 3 घंटे में मौसम के और बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। बिजली और ओले भी गिर सकते हैं। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। जरूरी होने पर ही बाहर निकलने को कहा गया है।

इससे पहले नोएडा, मथुरा, बरेली, प्रतापगढ़ समेत 15 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। नोएडा में तड़के आंधी के साथ बारिश हुई। मथुरा में अचानक हुई बारिश से बचने के लिए लोग ट्रॉली के नीचे बैठ गए। आगरा, सहारनपुर और मेरठ में भी रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं की वजह से मौसम बदल गया है। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। आज पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र के 58 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। बिजली भी गिर सकती है।

इससे पहले, मंगलवार को 15 जिलों में पारा 40°C से अधिक रहा। बांदा के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई। बावजूद इसके 45.6°C के साथ बांदा शहर यूपी में सबसे गर्म शहर रहा। 27 अप्रैल को बांदा में पारा 47.4°C दर्ज हुआ था। अप्रैल महीने में छठी बार प्रदेश में बांदा सबसे गर्म रहा था।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। अगले 5 दिन यानी 4 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी। गर्मी और लू से राहत मिलेगी। तापमान 3-4°C तक गिरेगा। हालांकि, दिन में धूप की वजह से उमस जैसे हालात बन सकते हैं।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

30 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश होगी। बिजली गिरने की आशंका है। दिन में 40 किमी की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी।

1 मई: पश्चिमी यूपी में हल्की और पूर्वी यूपी में तेज बारिश होगी। बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली भी गिर सकती है।

2 मई: प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। तेज हवा चलेगी। तापमान में हल्की गिरावट आएगी।

3 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। आंधी-तूफान की संभावना नहीं है।

4 मई: पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। दिन वक्त बीच-बीच में धूप निकलने से उमस की स्थिति बनेगी।

...

Narendra Modi ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की, त्रिशूल लहराया

काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने गर्भगृह में 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। पांच पंडितों ने उन्हें पूजा कराई, माला पहनाई और त्रिपुंड लगाया। पीएम मंदिर से बाहर निकले तो भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने त्रिशूल उठाकर लहराया।

पीएम 14 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए विश्वनाथ मंदिर पहुंचे थे। गेट पर 108 बटुकों ने शंखनाद के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर में पीएम बच्चों से भी मिले और उनसे बातचीत की।

इससे पहले, पीएम के रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर डांस करते नजर आए। प्रधानमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। काफिले पर फूल बरसाए गए। पीएम ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया। हालांकि, वह कहीं रुके नहीं।

काशी से पीएम हरदोई के लिए रवाना हो गए हैं। वहां गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा।

प्रधानमंत्री का 11 साल में यह 54वां काशी दौरा है। हालांकि, यह 2026 का पहला दौरा है। इससे पहले, पीएम नवंबर 2025 में काशी आए थे।

मोदी ने कल 163 परियोजनाओं लोकार्पण-शिलान्यास किया था

प्रधानमंत्री ने अपने काशी दौरे के पहले दिन 6,350 करोड़ रुपए की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। उन्होंने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में भी हिस्सा लिया, जिसमें करीब 50 हजार महिलाएं शामिल हुईं।

मंच पर राजनीति, स्वयं सहायता समूह और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी 44 महिलाएं मौजूद रहीं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने महिलाओं को धोखा दिया। आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोडूंगा।


...

Narendra Modi ने यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूपी के हरदोई में प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने ऐलान किया कि एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार से भी जोड़ा जाएगा।

पीएम ने सपा और कांग्रेस पर कहा- सपा विकास और नारी विरोधी है। बीते दिनों एक बार फिर देश ने इनका नारी विरोधी चेहरा देखा है। इन लोगों ने नारी शक्ति वंदन संशोधन के खिलाफ वोट किया।

पीएम ने पश्चिम बंगाल में चल रही दूसरे चरण की वोटिंग का जिक्र किया। कहा- जो खबरें आ रही हैं, उनसे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। ऐसी वोटिंग दशकों में नहीं देखी।

इससे पहले पीएम ने एक्सप्रेस-वे के किनारे पेड़ लगाया। सीएम योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इससे मेरठ से प्रयागराज की दूरी सिर्फ 6 घंटे में पूरी होगी। अब तक 11-12 घंटे लगते थे।

एक्सप्रेस-वे करीब 37,350 करोड़ रुपए की लागत से 5 साल में बनकर तैयार हुआ है। इस हिसाब से 1 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे की औसत लागत करीब 62 करोड़ 87 लाख रुपए है।

मोदी ने ही 18 दिसंबर, 2021 को शाहजहांपुर में एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। इससे पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे था, जिसकी लंबाई 340 किमी है।

पीएम मोदी की 4 बड़ी बातें पढ़िए

मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। इसमें विकास का हमारा विजन भी झलकता है। हमारी विरासत के भी दर्शन होते हैं। डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और उद्घाटन भी होता है। यह सिर्फ हाई-स्पीड सड़क नहीं है, बल्कि नए सपनों का गेटवे है।

पिछली सरकारों ने अपनी करतूतों के कारण अपराध और जंगलराज को यूपी की पहचान बना दिया। यूपी के माफियाओं पर फिल्में बनती थीं। आज यूपी की कानून व्यवस्था का देशभर में उदाहरण दिया जाता है। संसाधनों का बंदरबांट करने वाले जिन सपाइयों के हाथ से सत्ता गई, उन्हें यूपी की यह प्रगति पसंद नहीं आ रही है। वे यूपी को पुराने दौर में धकेलना चाहते हैं।

बंगाल में पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है। लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है।

एनडीए सरकार नारी शक्ति वंदन संशोधन लेकर आई थी। अगर यह संशोधन पास हो जाता तो 2029 के चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण मिलता, लेकिन सपा ने इसके खिलाफ वोट किया। सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। ये लोग हमेशा विकास विरोधी राजनीति करेंगे। यूपी के लोगों को सपा से सावधान रहना है।

एक्सप्रेस-वे 12 जिलों से गुजरेगा, रात में फाइटर जेट्स उतर सकेंगे

12 जिलों से होकर गुजरने वाला यह एक्सप्रेस-वे कई मायनों में खास है। यहां पब्लिक कन्वीनियंस सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें ठहरने की सुविधा, इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर और फूड कोर्ट शामिल हैं।

सड़क पर रंबल स्ट्रिप (उभरी हुई पट्टियां) बनाई गई हैं। इन पर वाहन के टायर आते ही ड्राइवर को वाइब्रेशन महसूस होता है, जिससे हादसों की आशंका कम होगी।

एक्सप्रेस-वे पर एयरफोर्स के फाइटर जेट्स की लैंडिंग के लिए शाहजहांपुर के जलालाबाद के पास 3.5 किमी लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है। यह देश की पहली नाइट लैंडिंग एयरस्ट्रिप है।

हर 75 किमी पर पेट्रोल पंप बनाए गए हैं, जिन्हें भारत पेट्रोलियम खुद संचालित कर रहा है।


...

Yash की ‘टॉक्सिक’ रिलीज दूसरी बार टली

यश स्टारर फिल्म टॉक्सिक की रिलीज डेट एक बार फिर टाल दी गई। अब फिल्म 4 जून को नहीं रिलीज होगी और अभी नई डेट घोषित नहीं की गई है।

यश के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया,

कुछ फिल्में हम बनाते हैं और कुछ फिल्में हमें यह याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों हुआ था। ‘टॉक्सिक’ ऐसी ही एक यात्रा रही है।सिनेमाकॉन में अपनी फिल्म को पेश करना और दुनिया भर से मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स देखना, इस बात को फिर से साबित करता है जिस पर हमें हमेशा भरोसा था कि यह फिल्म पूरी दुनिया में अपनी पूरी क्षमता के साथ पहुंचने की हकदार है।‘टॉक्सिक’ पूरी तरह तैयार है और इस समय हम इसकी ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और पार्टनरशिप को सही तरीके से तय कर रहे हैं। इसी वजह से हमने अपनी रिलीज टाइमलाइन में बदलाव करने का फैसला किया है। पहले बताई गई 4 जून की रिलीज पर अब फिल्म नहीं आएगी, बल्कि बाद में एक ऐसी तारीख पर रिलीज होगी जो दुनिया भर के हिसाब से सही होगी। ‘टॉक्सिक’ जल्द ही पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में आएगी।

दूसरी बार फिल्म की रिलीज टली

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब फिल्म की रिलीज डेट टली है। फिल्म की ओरिजिनल रिलीज डेट 19 मार्च 2026 थी, जिसे 4 जून 2026 पर शिफ्ट किया गया था। मेकर्स ने आधिकारिक बयान में कहा था कि मिडिल ईस्ट में चल रहे टेंशन की वजह से सिनेमा के काम पर असर पड़ रहा है, जिसकी वजह से यह फैसला लिया गया।

वहीं, इसका दूसरा कारण यह भी कहा गया था कि फिल्म टॉक्सिक 19 मार्च को रिलीज होने पर रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 से क्लैश करने वाली थी और फिल्म को नुकसान न हो, इसलिए फिल्म पोस्टपोन की गई।

OTT राइट्स डेडलॉक

वहीं, 27 अप्रैल को M9 News ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि टॉक्सिक की 4 जून की डेट भी आगे खिसक जाएगी और इसका एक कारण OTT राइट्स डेडलॉक भी सामने आया था। प्रोड्यूसर्स (KVN Productions) डिजिटल राइट्स के लिए 250 करोड़ रुपए मांग रहे हैं, लेकिन OTT प्लेटफॉर्म्स सिर्फ 110 करोड़ रुपए के आसपास ऑफर कर रहे हैं। यह अंतर इतना बड़ा है कि डील अटकी हुई है।

VFX और ऑडियो क्वालिटी इश्यू

शुरुआत से ही फिल्म का VFX और ऑडियो क्वालिटी भी फिल्म की रिलीज को लेकर इश्यू है। आलवेज बॉलीवुड ने दावा किया था कि मार्च की शुरुआत में इंटरनल स्क्रीनिंग में यश VFX और बैकग्राउंड ऑडियो से संतुष्ट नहीं हुए। प्रमुख सीन में क्वालिटी कम लगी, इसलिए अतिरिक्त समय लेकर पॉलिश करने को कहा था। हालांकि, कुछ सोर्सेज ने इसे नकारा भी था।

अश्लीलता फैलाने का आरोप लगा

जनवरी 2026 में जारी टीजर में एक्टर यश और मॉडल बीट्रिज ताउफेनबाक के बीच कार के अंदर दिखाए गए एक सीन को लेकर विवाद हुआ। कर्नाटक की आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विंग ने इसे अश्लील और नैतिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कर्नाटक राज्य महिला आयोग और सेंसर बोर्ड (CBFC) में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कर्नाटक महिला आयोग ने CBFC को पत्र लिखकर इस सामग्री की जांच करने और रिपोर्ट सौंपने को कहा था।


...

पंजाब 200+ रन डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा बार हारा

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के 40वें मैच में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ पंजाब IPL में 200+ रन डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा बार हारने वाली टीम बन गई। राजस्थान ने अपना तीसरा सबसे बड़ा रनचेज किया। डोनोवन फरेरा ने 105 मीटर लंबा सिक्स लगाया।

पंजाब-राजस्थान मैच के टॉप मोमेंट्स-रिकॉर्ड्स…

1. चेज करते हुए राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी जीत

राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 223 रन का टारगेट चेज किया। यह IPL में चेज करते हुए टीम की तीसरी सबसे बड़ी जीत है। राजस्थान ने 2020 में शारजाह में पंजाब के खिलाफ ही 224 रन का सबसे बड़ा टारगेट चेज किया था। दूसरे नंबर पर 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मिली जीत है।

2. 200+ रन डिफेंड करते हुए पंजाब सबसे ज्यादा हारा

IPL में 200 या उससे ज्यादा रन डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा हार झेलने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम है, टीम को ऐसे मैचों में 8 बार हार मिली है। दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है, जिसने 7 बार 200+ स्कोर डिफेंड करते हुए मैच गंवाया है।

3. प्रभसिमरन पंजाब के लिए तीसरे सबसे ज्यादा अर्धशतक वाले बैटर

प्रभसिमरन सिंह पंजाब के लिए सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उनके नाम 12 अर्धशतक हैं। इस सूची में पहले स्थान पर केएल राहुल (25) और दूसरे स्थान पर शॉन मार्श (21) हैं।

4. आर्चर ने रबाडा की बराबरी की

IPL 2026 में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में जोफ्रा आर्चर और कगिसो रबाडा संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। दोनों के नाम 9-9 विकेट हैं। दूसरे स्थान पर भुवनेश्वर कुमार (7 विकेट) हैं, जबकि तीसरे स्थान पर मोहम्मद शमी (6 विकेट) मौजूद हैं।

5. अर्शदीप ने पंजाब के लिए दूसरा सबसे महंगा स्पेल फेंका

अर्शदीप सिंह पंजाब के लिए एक मैच में सबसे ज्यादा रन देने वाले दूसरे बॉल बन गए। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में 68 रन देकर एक विकेट लिया। पहले नंबर पर जेवियर बार्टलेट हैं, जिन्होंने इसी सीजन दिल्ली के खिलाफ 1/69 का स्पेल स्पेल फेंका था।

6. इस सीजन 9 बार 200+ रनचेज हुए

IPL 2026 में 200+ रन के सफल चेज की संख्या 9 पहुंच चुकी है, जो 2025 के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर है। दूसरे स्थान पर 2023 सीजन (8 बार) और तीसरे स्थान पर 2024 सीजन (6 बार) है।

7. जायसवाल की 20वीं IPL फिफ्टी

यशस्वी जायसवाल ने अपनी फिफ्टी के साथ राजस्थान रॉयल्स के लिए 50+ स्कोर की लिस्ट में तीसरा स्थान बरकरार रखा है। उनके नाम 20 फिफ्टी हो गई हैं। इस सूची में पहले स्थान पर जोस बटलर और संजू सैमसन हैं। दोनों के नाम 25-25 हाफ सेंचुरी हैं, जबकि दूसरे स्थान पर अजिंक्य रहाणे (19) हैं।

8. चेज करते हुए राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी जीत

राजस्थान ने पंजाब के खिलाफ 223 रन का टारगेट चेज किया। राजस्थान ने 6वीं बार IPL में 200+ रन चेज किया। पहले नंबर पर पंजाब हैं, टीम ने 10 बार यह कारनामा किया है।

यहां से टॉप-8 मोमेंट्स…

1. PBKS ने पहली बार प्लेइंग-12 में बदलाव किया

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में 2 बदलाव किए। टीम ने शशांक सिंह और जेवियर बार्टलेट की जगह सूर्यांश शेडगे और लॉकी फर्ग्यूसन को खिलाया। यह इस सीजन पहली बार है, जब पंजाब किंग्स ने प्लेइंग XII में बदलाव किया है। इसके पहले सभी 7 मैचों में टीम एक ही कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरी थी।

2. कैच छूटने की अगली बॉल पर आउट हुए प्रियांश

पहली पारी के तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर ने पंजाब किंग्स के बल्लेबाज प्रियांश आर्या को खूब परेशान किया। ओवर की तीसरी गेंद पर प्रियांश बाल-बाल बचे, जब यशस्वी जायसवाल ने स्लीप में उनका कैच छोड़ दिया। गेंद जायसवाल के हाथों से लगकर थर्ड मैन पर चार रन के लिए चली गई। हालांकि अगली ही बॉल पर आर्चर ने उन्हें नांद्रे बर्गर के हाथों कैच आउट करा दिया।

3. यश ने हाथ जोड़कर विकेट सेलिब्रेट किया

14वें ओवर में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज यश राज पुंज ने विकेट लेने के बाद अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर लेग-ब्रेक डालकर पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह को फंसाया। विकेट लेने के बाद उन्होंने अपनी आंखे बंद कर, हाथ जोड़कर भगवान को शुक्रिया कहा।

4. स्टोयनिस ने बैक टू बैक सिक्स लगा फिफ्टी पूरी की

पंजाब किंग्स की पारी के आखिरी ओवर में मार्कस स्टोइनिस ने लगातार दो सिक्स लगाकर 20 बॉल पर फिफ्टी पूरी की। राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज बृजेश शर्मा ने चौथी गेंद हाई फुल टॉस डाली, जिसे स्टोइनिस ने डीप मिडविकेट की ओर स्टैंड में पहुंचा दिया। स्टोइनिस ने ओवर में तीन चौके और 2 छक्के मारे।

5. वैभव ने पहले ओवर में ही लगातार 3 बाउंड्री लगाई

राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने रन चेज की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। उन्होंने अर्शदीप सिंह के पहले ओवर में ही लगातार 3 बाउंड्री लगाई। वैभव ने चौथी गेंद को डीप स्क्वायर लेग पर छक्का जड़ा, पांचवी गेंद को डीप बैक्वर्ड स्क्वायर लेग पर चौके के लिए भेजा, फिर आखिरी गेंद पर कट शॉट खेलकर चार रन बटोरे।

6. 17 गेंद बाद जायसवाल ने चौका लगाया

वैभव के आउट होने के बाद राजस्थान रॉयल्स की पारी पर ब्रेक लगा। 7वें ओवर में 6 रन, जबकि 8वें ओवर में सिर्फ 5 रन बने। लगातार 17 गेंद तक कोई बाउंड्री नहीं लगी। आखिरकार 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने हरप्रीत बरार की गेंद पर चौका जड़ा।

7. डोनोवन फरेरा ने 105 मीटर का छक्का लगाया

राजस्थान रॉयल्स की पारी के 19वें ओवर में डोनोवन फरेरा ने लंबा छक्का लगाया। ओवर की दूसरी गेंद लॉकी फर्ग्यूसन ने स्लोअर लेग-कटर डाली। डोनोवन फरेरा ने आगे बढ़कर डीप मिड-विकेट की ओर टॉप टियर में गेंद को पहुंचा दिया। यह 105 मीटर लंबा छक्का था।

8. फरेरा ने सिक्स लगाकर राजस्थान को जीत दिलाई

डोनोवन फरेरा ने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर सिक्स लगाकर पंजाब किंग्स को पहली हार थमाई। मार्को यानसन की लो फुल-टॉस गेंद को डोनोवन फरेरा लॉन्ग-ऑन के ऊपर से स्टैंड में भेज दिया। इसके साथ ही डोनोवन फरेरा ने अपनी फिफ्टी भी पूरी की।


...

राजस्थान में भीषण गर्मी से ट्रेन के ब्रेक में लगी आग:17 राज्यों में 60kmphकी रफ्तार से आंधी की चेतावनी, राजस्थान में बदलेगा मौसम

देश के कई शहर हीटवेव की चपेट में हैं। ज्यादातर हिस्सों में तापमान 40-46°C के बीच चल रहा है। मंगलवार को भी यूपी का बांदा देश में सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 45.6°C दर्ज किया गया। इसके अलावा ओडिशा के झारसुगुड़ा में 45.3°C, महाराष्ट्र के अकोला, वर्धा और अमरावती में 45° से ज्यादा तापमान रहा।

भीषण गर्मी और लू से बचाने के लिए प्रयागराज में जगह-जगह वाटर ATM लगाए गए हैं। ओडिशा में लू सेंटर बनाए जा रहे हैं। इन सेंटर पर यात्रियों को ठंडा पानी और ग्लूकोज दिया जाएगा।

इधर, राजस्थान के धौलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के एक जनरल कोच के निचले हिस्से में आग लग गई। रेलवे के सूत्रों के अनुसार गर्मी के कारण ब्रेक पैडल वाले हिस्से में आग लगी थी।

IMD के मुताबिक आज 17 राज्यों में भी आंधी-बारिश हो सकती है। यूपी, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 60kmph की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल

30 अप्रैल:

ओडिशा के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम; छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी, ओलावृष्टि की आशंका।

मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में बिजली और आंधी की संभावना।

बिहार, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ गरज-चमक संभव।

1 मई:

आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना।

बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में बिजली और आंधी की संभावना है।

अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है।

दिल्ली, जयपुर और फरीदाबाद में हल्की बारिश, तापमान गिरा

IMD के मुताबिक, आज 10 राज्यों में तेज बारिश की संभावना है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, तिरिपुर, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम शामिल हैं। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ओले गिर सकते है।

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह मौसम बदल गया। मंगलवार देर रात से ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। दिल्ली मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की भी होगी।

राजस्थान मौसम विभाग के अनुसार, आज 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। जयपुर, दौसा, अलवर में सुबह हल्की बरसात हुई।

उत्तर प्रदेश के नोएडा,संभल और मथुरा में बुधवार सुबह आंधी चली और बारिश हुई।

बिहार मौसम विभाग का कहना है कि पटना समेत आसपास के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।

हरियाणा के फरीदाबाद, नारनौल और पलवल में बुधवार सुबह बारिश हुई। सोनीपत, पानीपत, जींद, हिसार के आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश होने के आसार हैं।


...

गुजरात निकाय चुनाव: सभी 15 नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी की जीत

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के मंगलवार को वोटों की गिनती जारी है। बीजेपी ने सभी 15 नगर निगमों पर जीत दर्ज कर ली है।

इनमें मेहसाणा, मोरबी, नाडियाड और वापी ऐसे नगर निगम है, जहां पहली बार चुनाव हुए थे। मेहसाणा, मोरबी और नडियाद में कांग्रेस को अब तक एक भी सीट नहीं मिली है।

अहमदाबाद में गिनती के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। वहीं, क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन नयनाबा कांग्रेस की टिकट पर राजकोट से हार गई हैं।

सूरत नगर निगम की 120 सीटों में से भाजपा ने 115 सीटें जीती हैं। वहीं, AAP 4 सीटों पर सिमट गई है। AAP ने 2021 में 27 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के खाते में एक सीट गई है।

इधर, भुज नगर पालिका में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के 3 उम्मीदवारों को जीत मिली है।

चुनाव से जुड़ी 4 बड़ी बातें…

चूड़ियां बेचने वाली संशीबेन कांगशिया बहुचराजी नगरपालिका के वार्ड-4 से पार्षद बनीं।

भरुच के पालेज तालुका पंचायत सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को सिर्फ 1 वोट से जीत मिली।

भेसन सीट पर बीजेपी के पूर्व विधायक भूपतभाई भयानी की हार हुई, आम आदमी पार्टी के दिनेश रूपारेलिया ने 1700 वोटों से हराया।

जामनगर नगर निगम वार्ड-12 में AAP के असलम खिलजी और कांग्रेस के अल्ताफ खफी जेल में रहते हुए चुनाव जीते, दोनों पर गुजरात अधिनियम के तहत केस दर्ज है।

4 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने वोट किया

राज्य के 15 नगर निगम, 84 नगरपालिका, 34 जिला पंचायत और 260 तालुका पंचायत के लिए 26 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। इनमें 4 करोड़ 18 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाले थे। 15 नगर निगमों में 55.1% मतदान हुआ। नगरपालिकाओं में 65.53%, जिला पंचायतों में 66.64% और तालुका पंचायतों में 67.26% वोटिंग दर्ज की गई थी।

पिछले चुनाव में बीजेपी ने 8,470 में से 6,236 सीटें जीती थीं

2021 के स्थानीय चुनाव में BJP ने शानदार जीत हासिल की थी। पार्टी नगरपालिकाओं की 8,470 सीट में से 6,236 सीट जीती थीं। BJP ने तब सभी छह नगर निगमों के अलावा 81 नगरपालिकाओं, 32 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों पर अपना दबदबा बनाए रखा था।

अहमदाबाद में ओवैसी की पार्टी AIMIM के 7 पार्षद चुने गए थे। आम आदमी पार्टी (AAP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की राजनीति में तीसरी ताकत के रूप में एंट्री की थी। सूरत नगर निगम में आप ने 120 में से 27 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया था। AAP इस बार 5,000 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

2015 के चुनावों में भाजपा कुल 31 में से भाजपा केवल 8 जिला पंचायतों में ही जीत हासिल कर सकी थी। वहीं कांग्रेस ने 23 जिला पंचायतों में जीत दर्ज की थी।


...

ईरान युद्ध का असर: ‘बंद करना पड़ सकता है संचालन’, एयरलाइंस की बिगड़ी हालत

पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर भले ही आम आदमी की जेब पर ज्यादा न पड़ा हो, लेकिन एयरलाइंस की हालत खराब होनी शुरू हो गई है। भारत के एविएशन सेक्टर में खतरे की घंटी बजनी शुरू हो गई है और इसका पहला संकेत एयरलाइंस द्वारा केंद्र को लिखे लेटर से मिला है।

कई एयरलाइंस ने सरकार को पत्र लिखकर कहा है कि ईंधन की ऊंची कीमतों के कारण वे ऑपरेशन रोकने की कगार पर हैं। इन एयरलाइंस में एअर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट शामिल हैं।

एयरलाइंस ने लिखा लेटर

एयरलाइंस ने सरकार से एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों में बदलाव करने की मांग की है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस यानी एफआईए ने सिविल एविएशन मंत्रालय को लिखे पत्र में कहा है कि ATF की कीमत में अतार्किक वृद्धि या एड-हॉक प्राइसिंग से एयरलाइंस को भारी नुकसान होगा और विमानों को खड़ा करना पड़ेगा, जिससे फ्लाइट रद होंगी।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस एअर इंडिया, इंडिगो और स्पाइस जेट का प्रतिनिधित्व करता है। बता दें कि ATF किसी भी एयरलाइन की ऑपरेशनल लागत में करीब 40 प्रतिशत का योगदान देता है। एयरलाइंस ने सरकार से कहा कि बचने, टिके रहने और ऑपरेशन जारी रखने के लिए हम मौजूदा हालात से निपटने के लिए तत्काल और सार्थक वित्तीय सहायता हेतु आपके तुरंत हस्तक्षेप का अनुरोध करते हैं।

एफआईए ने कहा है कि लंबी दूरी वाली फ्लाइट सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। उन्होंने मंत्रालय ने ATF पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी को कुछ समय के लिए टाल और एक ऐसी फ्यूल प्राइसिंग मेथड इस्तेमाल करने को कहा जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय के लिए एक जैसी हो। दरअसल सरकार ने ATF की कीमत में बढ़ोतरी को घरेलू उड़ान के लिए 15 रुपये प्रति लीटर और अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन्स के लिए यह 73 रुपये प्रति लीटर तय किया है।


...