मोदी बोले पर्दे के पीछे कांग्रेस-लेफ्ट की विचारधारा एक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (17 अप्रैल) को असम और त्रिपुरा दौरा किया। सुबह असम में जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी दोपहर में त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पहुंचे।

पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद मैदान में जनसभा में कहा, ''जब त्रिपुरा में CPM और कांग्रेस थीं, तब भ्रष्टाचार फल-फूल रहा था। वामपंथी पार्टियों ने राज्य को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। कांग्रेस सरकार ने पूर्वोत्तर के विकास पर ध्यान नहीं दिया। उनकी नीति पूर्व को लूटो की थी।''

10 साल पहले मैंने कांग्रेस और वामपंथियों की लूट ईस्ट नीति को खत्म किया था। अब हम एक्ट ईस्ट नीति पर काम कर रहे हैं। सतही तौर पर वामपंथी और कांग्रेस एक-दूसरे के विरोधी लग सकते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे उनकी विचारधारा एक ही है।

पीएम ने कहा- पूर्वोत्तर में रहना हमारा सौभाग्य

पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर में रहना हमारा सौभाग्य है, जहां सूर्य की किरणें सबसे पहले पृथ्वी को छूती हैं। ये भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं। विकसित त्रिपुरा, विकसित भारत की प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।

वहीं, असम के नलबाड़ी में पीएम ने कहा था कि कांग्रेस ने सियासी फायदे के लिए असम को अपने पंजे में जकड़ रखा था। ताकि उनके लिए लूट और भ्रष्टाचार के रास्ते खुले रहें। अब ये पंजा खुल गया है। असम में सबका साथ और सबका विकास हो रहा है।

असम और त्रिपुरा में मोदी की स्पीच की 10 मुख्य बातें...

NDA सरकार की योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं होता। योजनाओं का लाभ हर किसी को मिलता है। अब NDA ने ठाना है कि देश के हर नागरिक तक पहुंचकर जिस सुविधा का वो पात्र है, वो सुविधा उसे दी जाएगी। अब 70 साल के ऊपर के बुजुर्गों की सेवा आपका बेटा मोदी करेगा। इन्हें 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।

आपका बिजली बिल जीरो आए, इसलिए कम दाम पर सोलर पैनल दिए जाएंगे। इसके अलावा हमने लक्ष्य रखा है 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे। हमने खरीफ की फसलों का MSP बढ़ाया है। इससे यहां के किसानों को लाभ हुआ है। भाजपा ने किसानों को लेकर सभी योजना को जारी रखेंगे।

असम का विकास इस बात का सबूत है कि जब नीयत सही हो तो नतीजे भी सही आते हैं। मोदी ने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक की टेंशन से मुक्ति दिलाई। हमने कानून बनाकर मुस्लिम बहनों और उनके परिवारों को राहत पहुंचाई।

मैंने कुछ ही दिन पहले असम में देश की बड़ी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी शिलान्यास किया है। इससे 15 हजार से ज्यादा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलेगा। ये ऐतिहासिक शुरुआत है।

कांग्रेस को दिया आपका वोट केंद्र में सरकार नहीं बनाएगा। भाजपा को दिया आपका वोट विकसित भारत बनाएगा। 4 जून को नतीजा क्या होने जा रहा है, ये साफ दिखाई दे रहा है।

हम पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। बीजेपी ने भारत में 3 करोड़ नए घर बनाने का फैसला किया है। हमारी पहल से त्रिपुरा के लोगों को बहुत फायदा होने वाला है।

त्रिपुरा के विकास के लिए बीजेपी ने HIRA मॉडल - हाईवे, इंटरनेट वे, रेलवे और एयरवेज पर काम किया है। त्रिपुरा में 4-लेन हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। एक समय त्रिपुरा में इंटरनेट कनेक्टिविटी का अभाव था। अब पूरे त्रिपुरा में 5G इंटरनेट उपलब्ध है। अब हम HIRA+ मॉडल पर काम करने जा रहे हैं।

हम पूर्वोत्तर के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मैं एकमात्र प्रधानमंत्री हूं जिसने एक दशक में 50 से अधिक बार पूर्वोत्तर का दौरा किया है। आज त्रिपुरा के लिए भाजपा का मतलब विकास की राजनीति है।अब, हम HIRA+ मॉडल पर काम करने जा रहे हैं।

कांग्रेस ने सियासी फायदे के लिए असम को अपने पंजे में जकड़ रखा था। ताकि उनके लिए लूट और भ्रष्टाचार के रास्ते खुले रहें। अब ये पंजा खुल गया है। असम में सबका साथ और सबका विकास हो रहा है।

जिस नॉर्थ-ईस्ट को कांग्रेस और विपक्ष ने समस्याएं दीं, अलगाववाद को खाद-पानी दिया। उस नॉर्थ-ईस्ट को मोदी ने गले लगाया। जो कांग्रेस के 60 वर्षों में नहीं हुआ, वह मोदी ने 10 साल में किया।

असम की 14 सीटों पर 3 फेज में वोटिंग

देश के 543 लोकसभा सीटों पर 7 फेज में चुनाव होने वाले हैं। 19 अप्रैल को पहले फेज की वोटिंग होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। असम की 14 सीटों के लिए शुरुआती 3 फेज में चुनाव होंगे। यहां 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को वोटिंग होने वाली है।

भाजपा असम में असम गण परिषद (AGP) और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के साथ गठबंधन में हैं। AGP बारपेटा और UPPL कोकराझार लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा बाकी 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर चुकी है।

BJP ने 2019 में त्रिपुरा की दोनों सीटें जीतीं

त्रिपुरा में दो लोकसभा सीटें हैं- त्रिपुरा ईस्ट और त्रिपुरा वेस्ट। त्रिपुरा वेस्ट के लिए 19 अप्रैल और त्रिपुरा ईस्ट में 26 अप्रैल को चुनाव होंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की दोनों सीटें जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2014 में सीपीआई (एम) दोनों सीटें जीती थी।