गौतम गंभीर बने टीम इंडिया के हेड कोच

गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बन गए हैं। BCCI सेक्रेटरी जय शाह ने मंगलवार को इसका ऐलान किया। 42 साल के गंभीर ने द वॉल के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ की जगह ली है।

द्रविड का कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप के बाद खत्म हो गया। गंभीर का कार्यकाल जुलाई 2027 तक रहेगा।

गंभीर ने डेढ़ महीने पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को IPL-2024 का चैंपियन बनाया था। वे इसी साल कोलकाता की फ्रेंचाइजी के मेंटॉर बने थे। इतना ही नहीं, गंभीर ने अपनी मेंटॉरशिप में लखनऊ सुपर जायंट्स को लगातार 2 सीजन के प्लेऑफ में पहुंचाया था।

BCCI सेक्रेटरी जय शाह का ट्वीट-

शाह ने X पोस्ट में लिखा- 'मॉडर्न-डे क्रिकेट का विकास तेजी से हुआ है और गंभीर ने इसे बड़े करीब से देखा हैं। गौतम ने अपने करियर में कई कठिनाइयों को पार किया है। उन्होंने अलग-अलग रोल निभाया है। मुझे भरोसा है कि वे भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आइडियल पर्सन हैं। उनका क्लियर विजन, एक्सपीरियंस उन्हें भारतीय टीम की कोचिंग भूमिका को निभाने के लिए सक्षम बनाता है।'

इंडिया मेरी पहचान, देश की सेवा करना गर्व की बात: गंभीर

खुद को हेड कोच बनाए जाने के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- 'इंडिया मेरी पहचान है और देश की सेवा करना मेरे लिए गर्व की बात है। टीम इंडिया में वापसी करके गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं, हालांकि कैप अलग होगी, लेकिन मेरा लक्ष्य वही होगा, जो हमेशा से रहा है...हर भारतीय को गौरवान्वित करना। मैन इन ब्लू के कंधों पर 140 करोड़ भारतीयों के सपने हैं और मैं उन्हें पूरा करने का हर संभव प्रयास करूंगा।'

गंभीर के पास कोचिंग का अनुभव नहीं

गंभीर को इंटरनेशनल या डोमेस्टिक लेवल पर कोचिंग का कोई अनुभव नहीं है, वह 2 IPL फ्रेंचाइजी में कोचिंग स्टाफ के इंचार्ज रहे हैं। IPL 2022 और 2023 में वे लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर थे, वहीं 2024 सीजन में KKR के साथ जुड़े। गंभीर ने LSG में रहते पहले दोनों सीजन में टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया। वहीं, इस सीजन KKR को चैंपियन बनाया।

गंभीर ने बतौर प्लेयर 2 वर्ल्ड कप और 2 IPL जीते

गंभीर बतौर खिलाड़ी 2007 में भारत की टी-20 वर्ल्ड कप जीत और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीत का हिस्सा थे। उन्होंने 2011 से 2017 तक सात IPL सीजन के लिए KKR की कप्तानी की और उन्होंने पांच बार प्लेऑफ के लिए भी क्वालिफाई किया। बतौर कप्तान उन्होंने साल 2012 और 2014 में दो खिताब जीते।

नवंबर 2021 में हेड कोच बने थे द्रविड़

राहुल द्रविड़ को नवंबर 2021 में भारत का हेड कोच बनाया गया, तब टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप में टीम ने फिर सेमीफाइनल खेला। 2023 में वनडे वर्ल्ड कप के बाद द्रविड़ का कार्यकाल खत्म हो गया था, लेकिन टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने के कारण उनका कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप तक बढ़ा दिया गया था। फिर द्रविड़ ने भारत को टी-20 में वर्ल्ड चैंपियन बना दिया। 29 जून को भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराते हुए टी-20 वर्ल्ड कप जीता।

द्रविड़ की कोचिंग में टीम इंडिया 2023 में एशिया कप भी जीत चुकी है। भारत ने मेजबान श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।

2000 के बाद टीम इंडिया के 5वें भारतीय हेड कोच होंगे गंभीर

टीम इंडिया ने साल 2000 के बाद विदेशी हेड कोच अपॉइंट करने को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया था। इस दौरान न्यूजीलैंड के जॉन राइट, ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल, साउथ अफ्रीका के गैरी कर्स्टन और जिम्बाब्वे के डंकन फ्लेचर ने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली।

फ्लेचर का कार्यकाल 2015 में खत्म हुआ, उनके बाद भारतीय हेड कोच बनाने का सिलसिला शुरू हुआ। तब से रवि शास्त्री 2 बार, वहीं अनिल कुंबले और राहुल द्रविड़ 1-1 बार कोच पद संभाल चुके हैं। 2007 में लालचंद राजपूत भी टीम के कोच बने थे। अब गंभीर ने कोचिंग पद संभाला है। इस तरह 21वीं सदी में वह टीम इंडिया के 5वें भारतीय कोच बने। उनका कार्यकाल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक रहेगा।