गाजियाबाद में नए साल में होगा सबकुछ नया, उम्मीद के साथ विकास के सफर पर निकला '2025'

आज नए साल का आगाज हो गया है। नया साल नई उम्मीदों को लेकर आया है। इस वर्ष में जनपद के लोगों को विभिन्न सौगात मिलने वाली हैं। वर्ष 2025 विकास के पथ पर निकल पड़ा है। जिन योजनाओं पर काम चल रहा है, इस वर्ष उनका उद्घाटन होने की उम्मीद है।

इस वर्ष कुछ अन्य नई योजनाओं पर काम भी शुरू होगा। जिससे जिले को एक नई पहचान मिलेगी। आइये जानते हैं कि इस वर्ष जनपद के लोगों को मुख्य रूप से क्या-क्या मिलने वाला है।

विजय नगर और नया बस अड्डा के पास दो एनिमल बर्थ कंट्रोल(एबीसी) सेंटर बनाए जा रहे हैं। एबीसी सेंटर बनने से कुत्तों की जन्मदर को कम किया जा सकेगा। वर्ष 2025 में दोनों सेंटर का काम पूरा होने के उम्मीद है।

मिलेगा औद्योगिक क्षेत्रों को पानी

औद्योगिक क्षेत्र साइट चार में 17 सौ से अधिक फैक्ट्रियाें को पानी देने के लिए 320 करोड़ की परियोजना का ट्रायल चल रहा है। इंदिरापुरम के शक्ति खंड चार में 40 एमएलडी की क्षमता का टर्सियरी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (टीएसटीपी) बनाया गया है। वर्ष 2025 में इसके शुरू होने की उम्मीद है।

खोड़ा को मिलेगा गंगाजल

नोएडा विकास प्राधिकरण से 50 एमएलडी पानी खोड़ा को दिया जाना है। पेयजल घर-घर तक पहुंचेगी। 208 करोड़ रुपये का बजट पास हो चुका है। इसकी टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।उम्मीद है कि वर्ष 2025 में खोड़ा की 10 लाख की आबादी गंगाजल मिलेगा।

गांव-गांव पहुंचेगा पानी 

जिले में 148 गांवाें पानी पहुंचाने के लिए चल रहा काम चल रहा है। यह योजना 2021 में शुरू हुई। इसके लिए जल निगम को 2.5 करोड़ रुपये का बजट मिला है। मार्च 2025 तक इस सभी गांवों में घर-घर पानी पहुंचेगा।

मिलेंगे तीन रेनीवेल काम 

करहैड़ा में अमृत योजना के तहत तीन रेनीवेल बनाने का काम चल रहा है। तीनों रेनीवेल से 1.55 लाख से अधिक लोगों को प्रतिदिन 135 लीटर प्रतिदिन के हिसाब से पानी दिया जाएगा। वर्ष 2025 में तीनों रेनीवेल से लोगों को पानी मिलना शुरू हो जाएगा।

बन रहे विशाल प्रवेश द्वार

दिल्ली सीमा पर यूपी गेट और डीएलएफ में विशाल प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। डीएलएफ में तो लगभग काम पूरा हो चुका है। वहीं यूपी गेट पर काम चल रहा है। दोनों प्रवेश द्वार का शुभारंभ वर्ष 2025 में होगा।

मिलेगा शहर को आरओबी 

मधुबन-बापूधाम आरओबी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मार्च 2025 तक इसके चालू होने की उम्मीद है। इस 753.925 मीटर लंबे आरओबी के बनने से मेरठ रोड से मधुबन-बापूधाम की ओर आवागमन आसान हो जाएगा।

खोड़ा को स्कूल और अस्पताल की मिलेगी सौगात 

खोड़ा में दो कंपोजिट विद्यालय और एक सरकारी अस्पताल बन गए हैं। वर्ष 2025 में दोनों स्कूलों में दाखिले शुरू होने की उम्मीद है। अस्पताल भी इस वर्ष चालू होने की उम्मीद है।

बस अड्डा का काम रहेगा जारी 

पुराना बस अड्डा और कौशांबी बस अड्डा हवाई अड्डे की तर्ज पर बन रहा है। मार्च 2026 तक इनका काम पूरा होगा। वर्ष 2025 में लोग इसके निर्माण कार्य देख सकेंगे।

2025 तक पूरा हो जाएगा नमो भारत ट्रेन का काम 

साहिबाबाद से दिल्ली तक 13 किलोमीटर नमो भारत ट्रेन वर्ष 2025 में शुरू होगी। साहिबाबाद से दिल्ली तक का हिस्सा बनकर तैयार है। इस तरह नमो भारत कारिडोर का परिचालित खंड अब 42 किलोमीटर से बढ़कर कुल 11 स्टेशन के साथ 55 किलोमीटर का हो जाएगा।

11 स्टेशन के साथ 55 किलोमीटर तक चलेगी नमो भारत

753.925 मीटर लंबा आरओबी मधुबन बापूधाम में बन रहा

1.55 लाख से अधिक लोगों को तीन रेनीवेल से मिलेगा पानी

135 लीटर प्रतिदिन के हिसाब से रेनीवेल से मिलेगा पानी

148 गांवाें तक पहुंचेगा पानी

320 करोड़ की परियोजना से मिलेगा उद्यमियों को पानी

208 करोड़ रुपये का बजट से खोड़ा में मिलेगा पानी 

इंदिरापुरम की देखरेख करेगा नगर निगम

जीडीए ने इंदिरापुरम को नगर निगम के हैंडओवर कर दिया है। वर्ष 2025 में नगर निगम इंदिरापुरम की देखरेख करेगा। नये वर्ष में नई योजना हरनंदीपुरम की सौगात भी लोगों को मिलेगी। इस आवासीय योजना से शहर का नक्शा बदल जाएगा।