आढ़तियों ने कहा: आखिर हम भी तो किसान के पुत्र हैं, और किसानों के साथ है

कैथल, (वेबवार्ता)। मंडी आढ़तियों की हड़ताल के दूसरे दिन आज राहत की बात यह रही कि दोपहर बाद आढ़तियों द्वारा एस.डी.एम. डा. संजय कुमार के आश्वासन व किसानों की पीड़ा को देखते हुए हड़ताल वापिस ले ली गई और खरीद का मंडी में पुन: श्रीगणेश हुआ। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए एस.डी.एम. डा. संजय कुमार मौके पर पहुंचे और मंडी में किसानों को समझाकर शांत करवाया। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही मंडी में गेहूं खरीद शुरू हो जाऐगी। मौके पर ही पहुंचे मंडी जिला प्रधान अश्वनी शोरेवाला, नई मंडी प्रधान श्याम लाल नौच, पूर्व प्रधान सुरेश चौधरी, श्याम बहादुर खुरानिया ने किसानों को आश्वस्त किया कि मंडी आढ़ती पूरी तरह से किसानों के साथ है और दोपहर बाद गेहूं खरीद कार्य को लेकर कोई मार्ग निकाला जाऐगा। इसके बाद मंडी आढ़तियों व एस.डी.एम. के बीच बैठक का दौर शुरू हुआ। एस.डी.एम. डा. संजय कुमार ने आढ़तियों से हाथ जोड़कर आग्रह किया कि आढ़ती अपनी हड़ताल वापिस लें और मंडी में गेहूं खरीद का कार्य सुचारु रूप से चल सके। आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाऐगा। इस पर एसोसिएशन पदाधिकारियों ने एस.डी.एम. से आग्रह किया कि वे दोपहर 3 बजे मंडी प्रधान के प्रतिष्ठान पर आए और उनके समक्ष आढ़तियों की समस्याएं रखी जाऐगी, जिसके बाद पूरी मंडी फैसला लेगी। दोपहर बाद मंडी प्रधान की दुकान पर एस.डी.एम. पहुंचे जिनके साथ मार्कीट कमेटी सचिव रोशन लाल व सरकारी खरीद एजैंसी के कर्मचारी भी मौजूद थे। बैठक के दौरान मंडी आढ़तियों ने एस.डी.एम. के समक्ष अपनी समस्याएं रखी, जिनमें प्रमुख रूप से सीजन में गेट पास सुचारु रूप से कटने, तीनों एजैंसी द्वारा एक साथ खरीद करने, बिना सुविधा शुल्क दिए जल्द लोडिंग आदि समस्याएं रखी। एस.डी.एम. ने आढ़तियों को आश्वस्त किया कि आढ़तियों की सभी मांगे पूरी होगी और कमेटी सचिव को मौके पर ही गेट पास कार्य में तेजी लाने के लिए और अधिक कर्मचारी नियुक्त करने के आदेश दिए। जिस पर आढ़तियों ने एस.डी.एम. के आश्वासन व किसानों को आ रही परेशानी को देखते हुए हड़ताल वापिस लेने का निर्णय लिया। जिसके बाद नई मंडी में एस.डी.एम. ने आढ़तियों व एजैंसी कर्मियों की मौजूदगी में स्वयं घुटने के बल गेहूं की ढेरी के बीच बैठकर नमी की मात्रा की जांच की और इस प्रकार गेहूं खरीद का कार्य शुरू हो गया। इस मौके पर मंडी आढ़ती धर्मपाल कठवाड़, रामनिवास मित्तल, राजपाल चहल, बीरभान जैन, देसराज बंसल, जयकिशन मान, रामफल खुराना, कृष्ण चंदाना, रामनिवास जैन सहित काफी संख्या में आढ़ती मौजूद थे। किसानों की पीड़ा को देखते हुए हड़ताल ली वापिस: मंडी प्रधान जिला मंडी प्रधान अश्वनी शोरेवाला व मंडी प्रधान श्याम लाल गर्ग नौच ने कहा कि एस.डी.एम. डा. संजय कुमार के अधिक से अधिक गेट पास कटने, जल्द उठान जैसे समस्याओं का हल के आश्वासन देने व किसानों की पीड़ा को देखते हुए आढ़तियों ने अपनी अन्य मांगों को दरकिनार हड़ताल वापिस ले ली है। मंडी में खरीद का कार्य शुरू हो चुका है और इसके लिए मुनियादी भी करवा दी गई है। वर्जन कोशिश रहेगी तीनों एजैंसी एक साथ करें मंडी में खरीद: एस.डी.एम. एस.डी.एम. डा. संजय कुमार ने कहा कि आढ़तियों की सभी मांगों को पूरा करने का भरसक प्रयास करते हुए उसे पूरा किया जाऐगा। यह भी कोशिश है कि मंडी में तीनों एजैंसियां एक साथ खरीद करें, ताकि जल्द उठान व खरीद हो। इसके लिए बैठक कर रूपरेखा तैयार की जाऐगी। किसी भी कीमत पर सीजन के दौरान किसानों व आढ़तियों को परेशानी नहीं आने देंगे।