दिल्ली-एनसीआर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, इंतजार करा रहा है मानसून

नई दिल्ली : पिछले कई दिनों से दिल्ली/एनसीआर भयानक गर्मी की चपेट में है। ऐसी गर्मी दिल्लीवासियों ने अबतक नहीं झेली होगी। बता दें कि दिल्ली में गर्मी ने 90 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले तीन दिनों से जबरदस्त लू का प्रकोप झेल रही दिल्ली के मंगेशपुर में तापमान 45.2 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं नजफगढ़ में 44 डिग्री और पीतमपुरा में 44.3 डिग्री रहा। जहां एक ओर लोग मानसून का इंतजार कर रहे थे, वैसे में यह टहलते मानसून ने लोगों को काफी परेशान कर दिया है। बार-बार मानसून के देरी से आने की बात कही जा रही है और इस बीच लोग गर्मी में झुलस रहे हैं। रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या यह ग्लोबल वार्मिंग का असर है। ऐसी गर्मी के बीच मानसून का इंतजार लोग लंबे समय से कर रहे है लेकिन उसमें भी देरी की संभावना जताई जा रही हैं। मानसून सीजन में इस भयंकर गर्मी ने हाहाकार मचा रखा है। दोपहर ही नहीं, रात और सुबह में भी तेज लू की थपेड़ो ने लोगों को परेशान कर रखा है। यही वजह है कि मौसम विभाग ने दिल्ली में हीट वेव की घोषणा की है। वहीं मानसून में देरी से गर्मी का कहर जारी रहने के आसार हैं। दिल्ली में 29 जून की रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 30 जून को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यानी एक दिन में 2 डिग्री से ज्यादा का इजाफा हुआ। मौसम वैज्ञानिक भी बताते हैं कि जब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर चला जाए तो रात में भी हालात बेहद गर्म और परेशान करने वाले होते हैं। दिल्ली एनसीआर में दिन में भी पारा पिछले 5 दिनों से लगातार 40 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। पिछले दो दिनों के लिए दिल्ली में मौसम विभाग ने हीट वेब का येलो अलर्ट भी जारी किया था। बुरी खबर ये है कि अगले 4-5 दिनों के बाद ही दिल्ली में मानसून की बारिश के दस्तक देने की संभावना है। यह कह सकते हैं कि अभी दिल्लीवासियों को बारिश के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।