जम्मू में बीती रात आंधी-तूफान से भारी तबाही, रात से बिजली गुल-तापमान में गिरावट

जम्मू : शुक्रवार देर रात को शुरू हुई बारिश ने भले ही लोगों को तपती गर्मी से निजात दिलाई है लेकिन बारिश से पहले आंधी-तूफान से जम्मू में बिजली के ढांचे को नुकसान हुआ है। इसकी वजह से शहर में रात भर बिजली गुल रही।

सुबह भी अधिकतर जगह बिजली बहाल नहीं हो पाई है। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मरममत कार्य में जुट गए हैं लेकिन फिर भी शहर में बिहली को पूरी तरह से बहाल करने में आज दोपहर तक का समय लग सकता है।

बीती रात बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। आंधी और तूफान से शहर में जगह-जगह कई पेड़ उखड़े। गवर्नमेंट गांधीनगर अस्पताल के मुख्य मार्ग पर बिजली के खंभों पर पेड़ गिरने से रास्ता और बिजली दोनों बंद हैं। जीजीम साइंस कॉलेज मार्ग पर भी बिजली के खंभे टूटकर गिर गए हैं। रास्ता यातायात के लिए बंद है।

बीती रात को एक ट्रक भी डिवाइडर पर जा चढ़ा। यातायात को बहाल करने में ट्रैफिक पुलिस कर्मी जुटे हैं। शहर के कान्वेंट स्कूल, तालाब तिल्लो, अखनूर सहित अन्य मार्ग भी पेड़ गिर जाने की वजह से बंद थे जिन्हें अब सुबह होते-होते फिर से बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।