हरियाणा के खिलाड़ियों को मनोहर सौगात, ओलिंपिक में चौथे स्थान पर रहे खिलाड़ी को मिलेंगे 50 लाख

रोहतक : हरियाणा सरकार ओलिंपिक खिलाड़ियों पर मेहरबान है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक में ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए एक और बड़ी घोषणा की है। हरियाणा सरकार अब ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को भी पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगी। खेल नर्सरियां शुरू की जाएंगी।


सीएम मनोहर ने कहा कि टोक्यो ओलिंपिक में हरियाणा के सभी खिलाड़ियों को सरकार की तरफ से प्रोत्साहन दिया जाएगा। हरियाणा के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 15 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ओलिंपिक जाने से पहले ही खिलाड़ियों को 55 लाख रुपये एडवांस राशि दी जा चुकी है। 10 लाख रुपये टोक्यो से आने के बाद खिलाड़ियों को दिए जाएंगे।


मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पहले हरियाणा सरकार स्वर्ण पदक विजेताओं को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 2.5 करोड़ रुपये देती थी। लेकिन पहली बार चौथे स्थान पर रहने वाले प्रत्येक एथलीट/खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये देने का फैसला किया गया है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए हमने नीति में बदलाव किया है।


राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड करने के सवाल पर सीएम ने कहा इससे खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड राजनीति से प्रेरित नहीं है। खेल को प्रोत्साहन देने के लिए यह कदम अहम साबित होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों की राजनीति से प्रेरित होकर इस तरह के नाम पर अवार्ड देने की नीति रही है।


सीएम मनोहर इसके बाद रोहतक पीजीआइ में भर्ती अपने भाई गुलशन से मिलने पहुंचे। गुलशन कई दिनों में आइसीयू में भर्ती हैं। उसकी हालत चिंताजनक है। चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। इलाज कर रहे डाक्टरों ने कहा कि उनके स्वास्थ्य में सुधार है। उनका इलाज चल रहा है।


मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को रोहतक रेस्ट हाउस पहुंचे। यहां पत्रकारों से वार्ता की। वह यहां टोक्यो ओलिंपिक्स में पहलवान बजरंग पूनिया का मैच देखने पहुंचे थे। लेकिन वे देरी से पहुंचे इस कारण मैच नहीं देख सके। इस मैच में बजरंग भी बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके।


बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरियाणा के खिलाड़ियों पर काफी मेहरबान हैं। रवि दहिया को जहां चार करोड़, छूट पर प्लाट और क्लास-1 की नौकरी देने की घोषणा कर चुके हैं। इसी तरह हॉकी के दो खिलाड़ियों को ढाई-ढाई लाख और छूट पर प्लाट की घोषणा की जा चुकी है। ब्रांज मेडल के लिए ग्रेट ब्रिटेन को कड़ी टक्कर देने के बाद हारने वाली महिला हॉकी टीम में शामिल प्रदेश की नौ खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा कर चुके हैं। शुक्रवार को रोहतक की सीमा बिसला की कुश्ती थी, लेकिन वह उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सकी। अब प्रदेश के लिए पदक की उम्मीद पहलवान बजरंग पूनिया और जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा हैं। बजरंग पूनिया का मुख्यमंत्री लाइव मैच देखने रोहतक आ रहे हैं।