सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार तीसरी हार, मुंबई इंडियंस ने 13 रन से हराया

चेन्नई, (वेबवार्ता)। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2021 के 9वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 13 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। हैदराबाद की लगातार यह तीसरी हार है। मुंबई की ओर से रखे गए 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम 2 गेंद बाकी रहते 137 रन पर ढेर हो गई। चेन्नै के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। मुंबई की ओर से पेसर ट्रेंट बोल्ट और राहुल चाहर ने तीन तीन विकेट चटकाए जबकि बुमराह और क्रुणाल के खाते में एक एक विकेट गया। राहुल चाहर ने अपने चौथे ओवर में विराट सिंह और अभिषेक शर्मा को आउट किया। चाहर ने पहले विराट को 11 रन पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया जबकि अभिषेक का कैच मिल्ने ने लपका। अभिषेक 4 गेंदों पर 2 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान डेविड वॉर्नर 36 रन बनाकर रनआउट हुए। वॉर्नर ने 34 गेंदों पर 2 छक्के और दो चौके लगाए। जॉनी बेयरस्टो क्रुणाल पंडया की गेंद पर हिटविकेट होकर पवेलियन लौट गए। बेयरस्टो 22 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। डेविड वॉर्नर और बेयरस्टो ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। सनराइजर्स हैदराबाद ने पांचवें ओवर में अपनी फिफ्टी पूरी की। डेविड वॉर्नर ने क्रुणाल पंडया के ओवर की पांचवीं गेंद पर 2 रन लेकर हैदराबाद को 50 के स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 151 रन का लक्ष्य रखा है। रोहित शर्मा की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 150 रन बनाए। मुंबई की ओर से डि कॉक 39 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हुए वहीं पोलार्ड 22 गेंदों पर 35 रन बनाकर नाबाद रहे। क्रुणाल पंड्या तीन रन पर नॉटआउट लौटे। हैदराबाद की ओर से मुजीब और शंकर ने दो दो जबकि एक विकेट खलील अहमद ने झटका। हार्दिक पंड्या के रूप में मुंबई ने अपना पांचवां विकेट गंवाया। हार्दिक को खलील अहमद ने विराट सिंह के हाथों कैच कराया। पंडया 5 गेंदों पर सात रन बना सके। मुजीब उर रहमान ने ईशान किशन को विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच करा मुंबई को चौथा झटका दिया। ईशान 21 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई इंडियंस के 100 रन 15वें ओवर में पूरे हुए। ईशान किशन ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लेकर मुंबई के कुल स्कोर को 100 तक पहुंचाया। हैदराबाद की ओर से मुंबई की पारी का 15वां ओवर पेसर खलील अहमद कर रहे थे। मुजीब उर रहमान ने क्विंटन डि कॉक को स्थानापन्न खिलाड़ी जे सुचित के हाथों कैच कराया। डि कॉक ने 39 गेंदों पर 5 चौके लगाए। मुंबई को दूसरा झटका 71 रन के कुल स्कोर पर लगा। विजय शंकर ने अपनी ही गेंद पर सूर्यकुमार को कैच किया। सूर्यकुमार 6 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। मुंबई को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। विजय शंकर ने रोहित को विराट सिंह के हाथों कैच कराया। रोहित 25 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। रोहित ने दो चौके और दो छक्के लगाए। पहले विकेट के लिए रोहित और डि कॉक के बीच 55 रन की साझेदारी हुई। मुंबई ने शुरुआती 6 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 53 रन बनाए। पावरप्ले में रोहित के बल्ले से 31 रन जबकि क्विंटन डि कॉक के बल्ले से 16 रन निकले। मुंबई ने अपने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। मार्को जानेसन की जगह एडम मिल्ने को मौका मिला है। वहीं हैदराबाद ने चार बदलाव किए हैं। रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, कायरन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, एडम मिल्ने। डेविड वॉर्नर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मनीष पांडे, विजय शंकर, विराट सिंह, अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, मुजीब उर रहमान, खलील अहमद।