दूसरी महिला के साथ पति को घूमता देख पत्नी ने बनाया वीडियो, विरोध पर दोनों महिलाओं में हुई हाथापाई

मुरादाबाद : सरकारी अस्पताल में पति काेे दूसरी महिला के साथ घूमते हुए पत्नी ने देख लिया। इस पर पत्नी दोनों का वीडियो बनाने लगी।यह देख पति के साथ घूम रही महिला भड़क गई। महिला का युवक की पत्नी के साथ विवाद होने लगा। देखते-देखते दोनों में हाथापाई शुरू हो गई और हंगामा होने लगा।मामला थाने तक पहुंच गया। थाने में भी दोनों महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने पति को थाने में बैठा लिया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जिला सम्भल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव टांडा पूठी निवासी अनीता की शादी वर्ष 2009में नगर के मुहल्ला अल्लीपुर निवासी ओमप्रकाश उर्फ पप्पू के साथ हुई थी। पिछले 5 साल से दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। जिसकी वजह से पत्नी अनीता अपने मायके में रह रही है। मंगलवार को पत्नी अनीता अपने भांजे राहुल, बहन आशा, बहनोई केहर सिंह, मां रामप्यारी के साथ गजरौला के सरकारी अस्पताल में दवा लेने के लिए आई थी। आरोप है कि यहां पर उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ घूमता हुआ दिखाई दिया। इस दौरान पत्नी ने महिला व पति की वीडियो बनानी शुरू कर दी।

इस पर पति व महिला भड़क गए और उन्होंने पत्नी के हाथ से जबरन फोन छीन लिया। दोनों के सड़क पर हाथापाई भी हुई। इस दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने पर हंगामा हो गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां पर भी दोनों महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने पति व पत्नी के भांजे को थाने में बैठा दिया। एसएसआई रमेश सहरावत ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अभी जांच की जा रही है।जांच के बाद ही कोई कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।