डीएम सुहास एलवाई का नोएडा में जोरदार स्वागत, डीएनडी पर लगा भारी जाम

नोएडा:  टोक्यो पैरालंपिक्स में रजत पदक जीतकर स्वदेश लौटे गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास यतिराज का जोरदार स्वागत हुआ। डीएनडी में डीएम के समर्थक हजारों की संख्या में मौजूद रहे। डीएम के नोएडा में प्रवेश करते ही उनके समर्थकों ने फूल-माला, डोल-नगाड़े से उनका भव्य स्वागत किया। हालांकि इस दौरान डीएनडी पर लंबा जाम लग गया। पीक ऑवर होने की वजह से कई किलोमीटर तक गाड़ियां रेंगते हुए चलीं।


आपको बता दें कि गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास यतिराज ने टोक्यो पैरालंपिक्स में पुरुष सिंगल्स बैडमिंटन स्पर्धा एसएल-4 का रजत पदक जीत कर इतिहास रचा है। हालांकि उसका स्वर्ण पदक जीतने का सपना टूट गया। फाइनल मुकाबले में फ्रांस के खिलाड़ी लुकास माजुर ने सुहास यतिराज को 2-1 से शिकस्त दी। उनकी इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बधाई दी है।


वहीं, सुहास की जीत के बाद उनकी पत्नी और एडीएम गाजियाबाद ऋतु सुहास ने कहा कि यह खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। इन पलों का बरसों से इंतजार था। रजत पदक छह साल की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। सुहास एलवाई की मां जयाश्री ने कहा कि उन्हें बेटे की जीत पर गर्व है। उनका सपना था कि वह पैरालंपिक में पदक जीते।