पार्किंग में टहल रही महिला से मंगलसूत्र लूटा

गाज़ियाबाद : वसुंधरा सेक्टर-5 में एक बदमाश ने पार्किंग में टहल रही महिला को धक्का देकर मंगलसूत्र लूट लिया। घटना के समय महिला अपनी भाभी के साथ टहल रही थी। घटना के बाद से दोनों महिलाएं दहशत में हैं। मामले की शिकायत इंदिरापुरम थाने में दर्ज कराई गई है। वसुंधरा सेक्टर-पांच में ऋतु जैन परिवार के साथ रहती हैं। गुरुवार रात साढ़े नौ बजे वह ननद आयुषी जैन के साथ अपने घर की पार्किंग में टहल रही थीं। इस दौरान बाइक सवार एक युवक पहुंचा और अपनी बाइक सड़क पर खड़ी कर दी। इसके बाद पार्किंग में आया और आयुषी को धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया। वह कुछ समझ पातीं उससे पहले बदमाश ने उनके गले से मंगलसूत्र लूट लिया। इसके बाद तेजी से बदमाश फरार हो गया। ऋतु के यहां घटना वाले समय कोई पुरूष नहीं था। इस कारण वह फौरन मामले का इंदिरापुरम थाने में शिकायत नहीं दे पाईं। उन्होंने गाजियाबाद पुलिस को ट्वीट कर शिकायत की। शुक्रवार सुबह उनके ससुर विकास जैन ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। ऋतु जैन ने बताया कि थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके ससुर से लिखित शिकायत की कापी ले ली। उसकी रिसीविंग नहीं दी। मामले में अब तक रिपोर्ट भी नहीं दर्ज हुई है। वहीं, इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष बिष्ट ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है। घटना स्थल के पास एक भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। कैमरे सही होते तो लुटेरे की फुटेज उसमें कैद हो जाती। पुलिस मामले की जांच कर रही है।