प्रियंका गांधी व दीपेंद्र हुड्डा की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

नोएडा। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा को लखीमपुर खीरी जाते समय गिरफ्तार किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने आज सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने दोनों नेताओं की रिहाई तथा लखीमपुर कांड के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस कमेटी नोएडा महानगर के अध्यक्ष शहाबुद्दीन व युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर के नेतृत्व में कार्यकर्ता आज सुबह सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। कांग्रेसियों ने श्रीमती प्रियंका गांधी व दीपेंद्र हुड्डा की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों का कहना था कि किसानों से मिलने जा रही श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा को गिरफ्तार कर प्रदेश सरकार ने अपनी हिटलर शाही मानसिकता का परिचय दिया है। इस मौके पर पवन शर्मा, अनिल यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष कृपाराम शर्मा, राजेंद्र अवाना, फिरेसिंह नागर, लियाकत चौधरी, रामकुमार तंवर,ललिता अवाना, सत्येंद्र शर्मा,यतेंद्र शर्मा सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।