मैं नहीं जानता ओवैसी को : अबू आजमी

ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र से विधायक अबू आजमी ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश की जनता के सामने समाजवादी पार्टी ही एकमात्र विकल्प के रूप में बची है। भाजपा सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। आने वाले 2022 विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा की ही सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि यूपी में सपा को 352 सीटें मिलेंगी। जब उनसे एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी के बारे में पूछा गया तो बोले, मैं तो ऐसे किसी इंसान को जानता भी नहीं हूं।

 समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र से विधायक और वरिष्ठ सपा नेता अबू आजमी ने रविवार से उत्तर प्रदेश में परिवर्तन यात्रा शुरू की है। ग्रेटर नोएडा में सपा नेता संजीव त्यागी के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अबू आजमी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में किसान, युवा, व्यापारी और नौकरीपेशा सहित सभी वर्ग बीजेपी सरकार से परेशान हैं। सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई अपने चरम पर है। जो लोग महंगाई कम करने का वादा करके सत्ता में आए थे, उन्हें अब महंगाई नहीं दिखाई दे रही है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने गलती करके भारत जनता पार्टी को चुना था। अब मुझे भरोसा है कि प्रदेश की जनता आने वाले चुनाव में अपनी भूमि सुधार करने वाली है। जब उनसे पत्रकारों ने पूछा कि एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने वाले हैं, और उन्होंने दावा किया है कि वह योगी आदित्यनाथ को हराकर रहेंगे। इस पर अबू आसिम आजमी ने असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना कहा, मैं तो ऐसे किसी नाम के इंसान को जानता ही नहीं हूं। आप लोगों को ही पता होगा वह कौन हैं। कुछ लोग मुसलमानों के ठेकेदार बन गए हैं। दरअसल, वह भाजपा को जिताने के लिए मैदान में उतरते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। पिछले कुछ वर्षों के दौरान दूसरे राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम आपने देखे ही होंगे। वह लोग योगी आदित्यनाथ को हटाने नहीं आ रहे हैं, बल्कि उनका मकसद भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर जिताना है। यह बात बच्चा बच्चा जान गया है। 

अबू असीम आजमी ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब आंधी चलती है तो ऐसे खरपतवार उड़ जाया करते हैं। उन्होंने कहा कि वह मुंबई से उत्तर प्रदेश में प्रचार के लिए निकले हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार सपा विधानसभा चुनाव में 352 सीटें जीतेगी। यह संख्या बढ़ भी सकती है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता तंग आ चुकी है। उसके सामने सिर्फ सपा ही एकमात्र विकल्प बचा है। यही कारण है कि 2022 में प्रदेश में होने वाले चुनावों में सपा बहुमत से जीतेगी और सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक्शन प्लान दोहरा है। एक तरफ लव जिहाद के नाम पर मुसलमानों को जेलों में डाला जा रहा है। धर्मांतरण के फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। दूसरी ओर मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ अनर्गल बयान देने वालों पर बीजेपी सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। ऐसे बयान देने वाले लोग देश और समाज को तोड़ने का काम कर रहे हैं, फिर भी सरकार चुप है। इससे सरकार की मंशा साफ समझी जा सकती है। केवल मुसलमानों को निशाना बनाकर सरकार काम कर रही है। देश में और उत्तर प्रदेश में एसी सरकार की जरूरत है, जो संविधान को मानती है। जो दिलों को जोड़ने का काम करे। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार केवल दिलों को तोड़ने का काम कर रही है।