रेगिस्तान से लेकर खूबसूरत बीच तक, ये हैं बेस्ट हनीमून डेस्टिनेशन्स

शादी के बाद हनीमून डेस्टिनेशन चुनना काफी कठिन होता है। अगर आप फरवरी में अपना हनीमून मनाना चाह रहे हैं और किसी बेहतरीन डेस्टिनेशन की खोज कर रहे हैं तो हम आपकी मदद कर रहे हैं। रेगिस्तान से लेकर खूबसूरत बीच तक, यहां हम कुछ बेहतरीन हनीमून डेस्टिनेशन्स के बारे में बता रहे हैं, जहां आप फरवरी में अपना हनीमून प्लान कर सकते हैं।


गोवा है बेस्ट

भारत के हनीमून डेस्टिनेशन सूची में गोवा हमेशा टॉप पर रहता है। यह वाकई में इंडिया में कपल्स के लिए स्वर्ग है। यहां आप अपने पार्टनर के साथ पार्टी कर सकते हैं, वॉटर ऐक्टिविटी में हिस्सा ले सकते हैं या किसी शांत बीच पर कुछ अच्छा समय बिता सकते हैं। गोवा में भारत के कुछ सबसे अच्छे बीच भी हैं।


रोमांटिक गंगटोक

गंगटोक उत्तर पूर्व में भारत के सबसे रोमांटिक स्थानों में से एक है। यहां रोमांटिक पल बिताने के लिए कई स्थान हैं। हनीमून कपल्स यहां हिमालय पर्वत शृंखला के शानदार नजारों के साथ झील में बोटिंग या किनारे बैठकर समय बिता सकते हैं। इसके अलावा ट्रेकिंग और माउंटेनिंग कर सकते हैं।


गुलमर्ग

कश्मीर भी हनीमून मनाने के लिए चुनी जाने वाली जगहों में शामिल रहता है। कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग की खूबसूरती सर्दी के मौसम में बर्फबारी के साथ ही काफी बढ़ जाती है। यहां के नजारे वाकई बेहद रोमांच पैदा करते हैं।


हैवलॉक आइलैंड, अंडमान

अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह को भारत में हनीमून कपल्स का स्वर्ग कहा जाता है। लेकिन इस द्वीपसमूह के हैवलॉक आइलैंड का राधानगर बीच सबसे बेस्ट है। रोमांटिक गेटअवे के लिए यह जगह सबसे बेस्ट है। यहां परफेक्ट मौसम के साथ भीड़भाड़ से दूर समुद्र का शांत किनारा, खूबसूरत बीच और रिजॉर्ट, बढ़िया खाना, वॉटर स्पोर्ट्स के ढेरों ऑप्शन्स उपलब्ध हैं।


जैसलमेर

रेगिस्तान के बीच में तारों की छत के नीचे हनीमून मनाना कैसा लगता है, यह आपको जैसलमेर जाने के बाद ही पता चलेगा। थार रेगिस्तान के बीच में हनीमून मनाने के लिए आप किसी ट्रैवल एजेंसी का सहारा ले सकते हैं जो रेगिस्तान के बीच में कैंपिंग करते हैं।


कोवलम, एक शांत तटीय इलाका

कोवलम एक खूबसूरत और शांत तटीय इलाका है जो केरल में स्थित है। फरवरी महीने में यहां का मौसम काफी सुहावना होता है जो हनीमून मनाने के लिए आदर्श होता है। यहां के रेतीले समुद्र तट, वाटर स्पोर्ट्स और केरल का स्थानीय भोजन हनीमून को और बेहतरीन बना देगा।


लक्षद्वीप, एकांत में बसा स्वर्ग

फरवरी में लक्षद्वीप हनीमून मनाने के लिए सबसे अच्छे स्थानों में से एक है। यह एक ऐसा स्थान है जहां अब भी ज्यादा पर्यटक नहीं आते हैं। अरब सागर में स्थित यह द्वीपसमूह अपने शांत और खूबसूरत समुद्र तटों के लिए जाना जाता है। यहां किसी समुद्र फेसिंग लग्जरी रिजॉर्ट में ठहरें और रेतीले समुद्र तट पर खाली समय बिताएं।


मुन्नार, दक्षिण का स्वर्ग

झीलें और पहाड़ के साथ हरियाली इस स्थान को खास बनाती हैं। फरवरी महीने में हनीमून के लिए अगर आप मुन्नार को चुनेंगे तो आपको निराशा नहीं होगी। चाय और कॉफी के बागानों के बीच बिताया जाने वाला समय आपको हमेशा याद रहेगा। बैकवॉटर में चलने वाली हाउसबोट में रात का डिनर आपके हनीमून को और खास बना देगा।


रोमांटिक पैराडाइज नैनीताल

उत्तराखंड में स्थित नैनीताल एक ठंडा लेकिन खूबसूरत इलाका है। फरवरी में यहां का मौसम अच्छा होता है। नैनीताल शहर का नाम यहां स्थित नैनी झील के कारण पड़ा है। कई बार यहां स्नोफॉल भी होता है जो हनीमून के दौरान किसी रोमांटिक कहानी से कम नहीं लगेगा। फरवरी महीना नैनीताल जाने के सबसे अच्छे समय में से भी एक है।


पूवर आइलैंड, केरल

घूमने-फिरने के शौकीन लोगों के साथ ही हनीमून कपल्स के लिए भी केरल एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है। शांत समुद्र तट, सुहावना मौसम, हरे-भरे पहाड़ और दूर तक फैली हरियाली के साथ यहां के बैकवॉटर्स डेस्टिनेशन्स कमाल का फील देते हैं। पूवर आइलैंड केरल के बैकवॉटर्स में हनीमून कपल्स के लिए एक बेहतरीन टूरिस्ट पॉइन्‍ट है।