राखी सावंत के पति पर रेप केस

मुंबई: राखी सावंत के पति आदिल खान दुर्रानी की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। अब आदिल के खिलाफ एक ईरानी महिला ने रेप का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि आदिल ने उसे शादी का झांसा देकर 5 महीने तक रेप किया।

महिला ने मैसूर के वीवी पुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आदिल के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 417,420, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले राखी सावंत ने भी आदिल पर धोखाधड़ी और मारपीट का आरोप लगाया था।

फ्लैट में साथ रहते थे, शादी से किया इनकार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी महिला फार्मेसी की पढ़ाई के लिए इंडिया आई थी। उसने मैसूर के कॉलेज में दाखिला ले लिया, वहीं पर उसकी मुलाकात आदिल से हुई। आदिल वहीं एक फूड आउटलेट का मालिक था, ईरानी महिला अक्सर वहां जाया करती थी।

धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। दोनों एक साथ फ्लैट में शिफ्ट में हो गए, लेकिन जब महिला ने आदिल से शादी की बात कही तो उसने ये कहते हुए साफ मना कर दिया कि उसके कई लड़कियों से ऐसे ही संबंध रहे हैं।

जान से मारने की धमकी दी
ईरानी महिला ने आदिल से कहा कि अगर वह उससे शादी नहीं करेगा तो वह पुलिस में उसकी शिकायत कर देगी। आदिल ने तब उसे दो नंबरों से इंटिमेट फोटोज भेजे और कहा कि अगर वह पुलिस में गई तो ये फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर कर देगा। साथ ही उसके पेरेंट्स को भी भेज देगा। आदिल ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़ित महिला ने पुलिस को वो दोनों नंबर्स भी दिखाए।