आज ₹300 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी गदर-2

गदर-2 ने गुरुवार को 23.28 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। फिल्म की टोटल कमाई 284.63 करोड़ रुपए हो गई है। पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा कलेक्शन के मामले में गदर-2 दूसरी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई है। 378 करोड़ रुपए के फर्स्ट वीक कलेक्शन के साथ शाहरुख खान की फिल्म पठान पहले नंबर पर है।

बात OMG-2 की करें तो इसने गुरुवार को 5.58 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। फिल्म की टोटल कमाई 85.05 करोड़ हो गई है। पहले की तुलना में इसकी कमाई की रफ्तार स्लो हो गई है।

एक हफ्ते में ही ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बनी गदर-2
2001 में रिलीज हुई गदर-एक प्रेम कथा ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर थी। अब 22 साल बाद रिलीज हुई गदर-2 भी उतनी ही बड़ी ब्लॉकबस्टर हुई है। खास बात यह है कि सिर्फ 7 दिनों के अंदर फिल्म ने यह तमगा हासिल किया है।

पहले हफ्ते में ही इसने KGF-2, बाहुबली-2 दोनों के हिंदी वर्जन और वॉर जैसी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ा है। KGF-2 के हिंदी वर्जन ने पहले हफ्ते में 268.63 करोड़ की कमाई की थी।

वहीं बाहुबली-2 ने 247 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। ये दोनों फिल्में मोस्ट अवेटेड थीं, जबकि गदर-2 का रिलीज से पहले कोई खास क्रेज नहीं था। हालांकि जब टिकटों की बुकिंग शुरू हुई, तब समझ में आने लगा कि फिल्म बहुत बड़ी हिट होने जा रही है।

बिना किसी छुट्टी या त्योहार के भी गदर-2 शानदार कमाई कर रही है। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से सनी देओल और फिल्म ट्रेडिंग में हैं। लोग डायरेक्टर अनिल शर्मा से स्क्रीन की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। लोग शिकायत कर रहे हैं कि उन्हें गदर-2 देखना है लेकिन टिकटें नहीं मिल पा रही हैं।

ओवरसीज कलेक्शन 300 करोड़ के पार
गदर-2 विदेशों में भी अच्छी कमाई कर रही है। इंडस्ट्री ट्रैकर sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने वर्ल्डवाइड 338.5 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, अमेरिका और यूके जैसे देशों में फिल्म अच्छी कमाई कर रही है।

2023 की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म गदर-2
गदर-2 इस साल की दूसरी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई है। अब इसके आगे सिर्फ शाहरुख खान की फिल्म पठान (543.05 करोड़) है। इस साल द केरला स्टोरी जैसी छोटे बजट की फिल्म ने काफी अच्छा कारोबार किया था। यह फिल्म 238 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ दूसरे नंबर पर थी।

अभी गदर-2 को रिलीज हुए सिर्फ एक हफ्ते ही हुए हैं, इसने इस साल की कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया है।

पठान को पीछे छोड़ सकती है गदर-2?
सोशल मीडिया पर कुछ ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि गदर-2, पठान के लाइफ टाइम कलेक्शन को पीछे कर सकती है। फिल्म जिस रफ्तार से कमाई कर रही है, ऐसा संभव भी दिख रहा है। फिल्म दूसरे हफ्ते में कैसी कमाई करेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।

खास बात यह है कि पठान सोलो रिलीज हुई थी। इसके अलावा उसका स्क्रीन काउंट भी गदर-2 से ज्यादा था। इसके बावजूद अगर गदर-2, पठान के कलेक्शन के नजदीक भी पहुंचती है, तो यह अपने आप में ऐतिहासिक होगा।

OMG-2 की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ी
OMG-2 भी धीरे-धीरे 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए कदम बढ़ा रही है। हालांकि वीकडेज में इसकी रफ्तार स्लो हो गई है। फिल्म का टोटल कलेक्शन 85.05 करोड़ रुपए है। इस वीकेंड पर फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है।

फिल्म को ऑडियंस पसंद कर रही है। क्रिटिक्स भी इसकी सराहना कर रहे हैं। अक्षय कुमार के लिए यह एक राहत की सांस होगी। उनकी पिछली फिल्म सेल्फी डिजास्टर रही थी। ऐसे में उन्हें OMG-2 से काफी सारी उम्मीदें थीं।

हालांकि गदर-2 के साथ क्लैश होने पर फिल्म को नुकसान हुआ है। क्लैश न होने की दशा में अब तक फिल्म का कलेक्शन 100 करोड़ से ज्यादा होता।

ओवरसीज में OMG-2 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म का टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 111.8 करोड़ रुपए है।