दिल्ली में 17 साल की लड़की पर एसिड अटैक

दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में गुरुवार को 54 साल के एक आदमी ने 17 साल की लड़की पर एसिड फेंक दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद भी एसिड पी ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लड़की के घर के सामने उस पर हमला किया था। आरोपी की पहचान प्रेम सिंह के रूप में की गई। पीड़ित मामूली रूप से झुलसी थी। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे डिस्चार्ज कर दिया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रेम सिंह पर नाबालिग लड़की से रेप का आरोप था। इस मामले में वह जेल में बंद था। अपने घर पर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए 29 नवंबर को अंतरिम जमानत पर बाहर आया था।

केस वापस लेने का दबाव बना रहा था

लड़की ने पुलिस को बताया कि रेप मामले में उसकी मां ने प्रेम सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जेल से बाहर आने के बाद वह लड़की के परिवार को लगातार धमकी दे रहा था।

गुरुवार की सुबह 7:30 बजे भी आरोपी ने लड़की को रेप का मामला वापस लेने के लिए धमकी दी थी। लड़की ने अपनी शिकायत वापस लेने से मना कर दिया। जिसके बाद आरोपी ने एसिड पर उससे हमला कर दिया।

दिल्ली में एक साल पहले भी ऐसी घटना हुई

पिछले साल 14 दिसंबर को दिल्ली में एक ऐसी ही घटना हुई थी। द्वारका इलाके में 17 साल की लड़की अपनी छोटी बहन के साथ जा रही थी, तभी बाइक पर सवार 2 लोग आए। पीछे बैठे लड़के ने तेजाब फेंक दिया।

लड़की को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसका चेहरा झुलस गया था। इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने एसिड फ्लिपकार्ट से ऑनलाइन खरीदा था।

NCRB की रिपोर्ट में दावा- दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने 3 दिसंबर को 2022 की रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर है। यहां 2022 में एक दिन में 3 रेप केस दर्ज किए गए।

NCRB की 546 पेज की रिपोर्ट में बताया कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4 लाख 45 हजार 256 केस दर्ज किए गए, यानी हर घंटे लगभग 51 FIR हुईं। 2021 में यह आंकड़ा 4 लाख 28 हजार 278 था।

बॉयफ्रेंड ने दहेज में BMW, सोना और जमीन की डिमांड की, महिला डॉक्टर ने सुसाइड किया

केरल के तिरुवनंतपुरम में दहेज की मांग से परेशान 26 साल की महिला डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली। उनकी शादी बॉयफ्रेंड से तय हुई थी। लड़के के परिवार ने दहेज में BMW कार, 15 एकड़ जमीन और सोने की मांग की थी। इतना दहेज देने से मना करने पर लड़के वालों ने शादी तोड़ दी थी।

पालघर में 8 साल की बच्ची की हत्या:नाबालिग पड़ोसी ने गला घोंटा; 2 दिन शव घर में छिपाया

महाराष्ट्र के पालघर में 16 साल के लड़के ने पड़ोस में रहने वाली 8 साल की बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। बच्ची लड़के को चिढ़ाती थी, जिससे नाराज होकर लड़के ने यह कदम उठाया।

हत्या के बाद मासूम के शव को एक प्लास्टिक बैग में बंद कर फेंक दिया। पुलिस को 3 दिन बाद बच्ची का शव मिला। पुलिस ने आरोपी लड़के को हिरासत में लिया।