राहुल के भाषणों पर चुनाव ने नोटिस जारी किया

चुनाव आयोग ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषणों पर नोटिस जारी किया है। आयोग ने भाजपा और कांग्रेस अध्यक्ष से 29 अप्रैल तक जवाब मांगा है।

BJP और कांग्रेस दोनों पार्टियों पर धर्म, जाति, समुदाय या भाषा के आधार पर नफरत और विभाजन पैदा करने का आरोप है।

उधर, लोकसभा चुनाव 2024 के बीच बिहार के पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हमें खबर मिली है कि नड्डा नोटों से भरे पांच बैग बिहार लाए हैं। जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां बांट रहे हैं।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके ये आरोप सत्य हैं। चाहें तो चेक करवा लें। दरअसल, नड्डा ने बुधवार को बिहार के भागलपुर, खगड़िया और झंझारपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया था।

अखिलेश यादव ने यूपी के कन्नौज से नामांकन दाखिल किया 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी के कन्नौज से गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया। अखिलेश के साथ रामगोपाल और शिवपाल नजर आए। लेकिन तेज प्रताप नजर नहीं आए।

नामांकन से पहले अखिलेश ने कन्नौज से नामांकन की 24 साल पुरानी तस्वीर शेयर की। लिखा-फिर इतिहास दोहराया जाएगा, अब नया भविष्य बनाया जाएगा। इस पोस्ट पर शिवपाल ने लिखा-विजय भव: सर्वदा। अखिलेश ने कन्नौज सीट पर पहले भतीजे तेज प्रताप को टिकट दिया था। स्थानीय नेताओं का विरोध देखते हुए उन्होंने फिर खुद चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया। 

पूर्णिया से RJD प्रत्याशी बीमा भारती के PA के पास मिले 10 लाख कैश, चुनाव में इस्तेमाल का शक

बिहार के पूर्णिया से RJD प्रत्याशी बीमा भारती के दो PAs को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों के पास से 10 लाख रुपए कैश मिला है। पुलिस को शक है कि इन पैसों का इस्तेमाल चुनाव में होने वाला था। फिलहाल पैसों के सोर्स का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस बीमा भारती के PA अरविंद जायसवाल और महावीर मंडल को लेकर रूपौली थाने में लेकर आई है। यहां पर दोनों से पूछताछ की जा रही है।

बीमा भारती रूपौली से JDU की विधायक रही हैं। चुनाव के ऐनवक्त पर JDU छोड़कर RJD में शामिल हुई थीं। लालू यादव ने उन्हें पूर्णिया लोकसभा सीट से टिकट दिया है।

MP में मोदी बोले- कांग्रेस ने सैनिकों के हाथ बांध रखे थे, हमने सैनिकों के हाथ खोल दिए, एक गोली आए तो 10 चलनी चाहिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश में कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास विरोधी समस्या है। मुरैना के लोग जानते हैं समस्या से एक बार पीछा छूट जाए तो उसे दूर ही रहना चाहिए। मोदी ने कहा जवानों को हमने खुली छूट दी है। हमने कहा एक गोली चलती है तो 10 गोली चलनी चाहिए। एक गोला चलता है तो 10 तोपें चलनीं चाहिए।

तेजस्वी का दावा- बिहार में नड्डा नोटों से भरे बैग लाए, जहां चुनाव हो रहे, वहां बांट रहे

लोकसभा चुनाव 2024 के बीच बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हमें खबर मिली है कि नड्डा नोटों से भरे पांच बैग बिहार लाए हैं। जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां बांट रहे हैं।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके ये आरोप सत्य हैं। चाहें तो चेक करवा लें।

दरअसल, नड्डा ने बुधवार को बिहार के भागलपुर, खगड़िया और झंझारपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया था।

यूट्यूबर मनीष कश्यप आज BJP में होंगे शामिल, चुनाव नहीं लड़ेंगे

बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। इससे पहले उन्होंने ऐलान किया था कि वो पश्चिमी चंपारण सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, अब उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।

वे साल 2020 में वो बिहार की चनपटिया विधानसभा सीट से भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुके थे। इसमें उनकी हार हुई थी।

13 राज्यों की 88 सीटों पर वोटिंग कल, 2019 में इनमें भाजपा 50, कांग्रेस 21 सीटें जीती थी

2024 लोकसभा चुनाव के सेकेंड फेज में शुक्रवार (26 अप्रैल) को 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 88 सीटों पर वोटिंग होगी।

पहले इस फेज में 89 सीटों पर वोटिंग होनी थी, लेकिन मध्य प्रदेश की बैतूल सीट पर बसपा प्रत्याशी के निधन के बाद इस सीट पर अब 7 मई को चुनाव होंगे।2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा को 50 और NDA के सहयोगी दलों ने 8 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के खाते में 21 सीटें गईं थीं। अन्य को 9 सीटें मिली थीं।

चुनाव आयोग के मुताबिक, इलेक्शन के दूसरे फेज में 1,198 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। इनमें 1,097 पुरुष और 100 महिला उम्मीदवार हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर है।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने 1,192 उम्मीदवारों के हलफनामे में दी गई जानकारी पर एक रिपोर्ट तैयार की। इनमें से 21% यानी 250 उम्मीदवार पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं।

390 यानी 33% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। 6 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है, जबकि तीन के पास 500 से 1,000 रुपए की संपत्ति है। 

बृज भूषण शरण सिंह बोले- कैसरगंज में हम टिकट के मजबूत दावेदार, 99.9 प्रतिशत चुनाव लड़ूंगा

WFI के पूर्व अध्यक्ष भाजपा सांसद बृज भूषण ने कैसरगंज से फिर से चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि वे टिकट के मजबूत दावेदार हैं और 99.9 फीसदी संभावना है कि कैसरगंज सीट से चुनाव लड़ेंगे।

बृजभूषण ने आगे कहा कि कैसरगंज लोकसभा सीट पर बीजेपी का कोई मुकाबला नहीं है। पिछली बार 2 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हुई थी। इस बार कार्यकर्ताओं ने नारा दिया है 5 लाख वोट।

कैसरगंज सीट पर लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। 2019 के चुनाव में बृजभूषण को 5,81,358 वोट मिले। वहीं, बसपा के चंद्रदेव राम यादव को 3,19,757, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार पांडे को 3,7132 वोट मिले थे।

पिछले साल एक नाबालिग समेत 7 महिला पहलवानों ने WFI के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे। बाद में एक नाबालिग पहलवान ने अपनी आरोप वापस ले लिए। मामले में साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट जैसे पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था।

BJP ने झूठे विज्ञापन पर कांग्रेस के खिलाफ EC में शिकायत की

भाजपा ने झूठे विज्ञापन देने को लेकर कांग्रेस के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में मतदान से ठीक दो दिन पहले 24 अप्रैल को कुछ अखबारों में विज्ञापन छपवाया था। इसमें उन्होंने केंद्र सरकार के लिए 'चंबू' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसका मतलब धोखा देना होता है।

भाजपा का कहना है कि कांग्रेस ने विज्ञापन में ऐसा दर्शाया है कि केंद्र सरकार ने कर्नाटक राज्य को धोखा दिया है। जबकि ऐसा नहीं है। वे बिना किसी आधार के गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उन पर कार्रवाई होना चाहिए।

आउटर मणिपुर में चुनाव कल, संवेदनशील मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग होगी

मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार झा ने बताया कि आउटर मणिपुर के 13 विधानसभा क्षेत्रों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। 9 विशेष मतदान केंद्रों सहित 857 मतदान केंद्र हैं। यहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। चुनाव के दौरान सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 87 कंपनियों और राज्य पुलिस के 4000 से ज्यादा जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा महत्वपूर्ण और संवेदनशील मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की जाएगी।

कन्नौज लोकसभा सीट से आज नामांकन पत्र दाखिल करेंगे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज कन्नौज लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। सपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि अखिलेश यादव दोपहर12 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

लोकसभा चुनाव 7 फेज में होंगे, नतीजे 4 जून को आएंगे

चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।

लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।

इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 सीटें हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा।