नरेन्द्र मोदी ने तीसरी बार ली पीएम पद की शपथ, जानिए कहां और किस समय पर हुआ था पहला और दूसरा शपथ ग्रहण

नरेन्द्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ ग्रहण कर लिया है और अब देश में नई सरकार बनकर तैयार है। शपथ ग्रहण समारोह रविवार शाम 7 बजे राष्ट्रपति भवन में शुरू हुआ एवं रात 10 बजे तक चला। इस दौरान सरकार के कुल 71 मंत्रियों ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। 

इससे पहले शुक्रवार को सरकार एनडीए संसदीय दल की बैठक में नरेन्द्र मोदी को सर्वसम्मति से गठबंधन दल का नेता चुन लिया गया। उसके बाद नरेंद्र मोदी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं सहयोगी दलों के प्रमुखों के साथ मिलकर राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।

2019 में किस समय पर हुई थी शपथ

इससे पहले साल 2019 में भी मोदी कैबिनेट ने शाम के समय ही शपथ ली थी। भाजपा ने 2019 में अपने दम पर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था और एनडीए सरकार बनी थी। तब भारत में पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार लगातार दूसरी बार चुनकर आई थी। 2019 में नरेंद्र मोदी ने 30 मई को शाम 7 बजे शपथ ली थी। पिछला शपथ ग्रहण भी राष्ट्रपति भवन में ही हुआ था। तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें शपथ दिलाई थी।

2014 में पहली बार बनी थी सरकार

साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। तब 30 सालों बाद किसी पार्टी ने अपने दम पर बहुमत हासिल किया था। नरेन्द्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। तब उनके शपथ लेने का समय शाम 6 बजे निर्धारित था। उन्होंने शाम 6:13 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। राष्ट्रपति भवन में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की ओर से शपथ दिलाई गई थी।