संजय झा चुने गए जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पार्टी की बैठक में लिया गया बड़ा फैसला

JDU नेता संजय झा को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। दिल्ली में हो रही बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया है। बैठक में बिहार के सीएम नीतीश कुमार के साथ कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। बता दें कि पहले ही अटकलें लग रही थीं कि संजय झा को ही जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान दी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद संजय झा (Sanjay Jha) के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की है। नीतीश कुमार ने यह घोषणा दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में चल रही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया है।

कौन हैं संजय झा, पढ़ें इनका सियासी सफर

संजय कुमार झा नीतीश कुमार के खास और करीबी नेता माने जाते हैं। इन्होंने बिहार सरकार में जल संसाधन और सूचना और जनसंपर्क विभाग के मंत्री के रूप में कार्य किया है। वे बिहार विधान परिषद के सदस्य भी थे। रवरी 2024 में वे बिहार से बशिष्ठ नारायण सिंह के स्थान पर जनता दल (यूनाइटेड) से निर्विरोध राज्यसभा के सदस्य चुने गए थे।

इससे पहले नीतीश कुमार खुद संभाल रहे थे यह जिम्मेदारी

बता दें कि इससे पहले ललन सिंह के इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार खुद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभाल रहे थे। लेकिन अब जैसे ही विधानसभा चुनाव नजदीक आया तो उन्होंने इसकी जिम्मेदारी संजय झा को दे दी। अब संजय झा के ऊपर देश में जेडीयू के संचालन की जिम्मेदारी होगी।